विज्ञापन

कस्टम कोड के फेर में फंसी स्कॉच व्हिस्की, भारत बोला- UK डील पर नहीं कोई यू-टर्न

भारत सरकार ने साफ किया है कि स्कॉच व्हिस्की आयात को लेकर पैदा हुआ विवाद भारत-यूके व्यापार समझौते (CETA) से पीछे हटने का मामला नहीं, बल्कि कस्टम टैरिफ वर्गीकरण से जुड़ा एक तकनीकी मसला है.

कस्टम कोड के फेर में फंसी स्कॉच व्हिस्की, भारत बोला- UK डील पर नहीं कोई यू-टर्न

भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते (CETA) को लेकर उठे सवालों के बीच केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि स्कॉच व्हिस्की के आयात पर पैदा हुआ विवाद किसी वादाखिलाफी का नहीं, बल्कि टैरिफ वर्गीकरण से जुड़ा एक तकनीकी मसला है. सरकार का कहना है कि भारत अपने सभी वादों पर कायम है और इस मामले का जल्द हल निकालने की कोशिश जारी है.

भारत और ब्रिटेन के बीच हुए व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (CETA) के तहत स्कॉच व्हिस्की आयात पर दिए गए शुल्क लाभ को लेकर पैदा हुए विवाद पर केंद्र सरकार ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है. वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि भारत समझौते के तहत किए गए अपने सभी वादों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसमें किसी तरह की 'पीछे हटने' या 'दबाव में आने' जैसी बात नहीं है.

राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह विवाद दरअसल स्कॉच व्हिस्की के आयात के लिए इस्तेमाल होने वाले कस्टम टैरिफ कोड को लेकर है. उनके मुताबिक, भारत ने CETA वार्ताओं के दौरान यह मानकर रियायतें दी थीं कि बल्क स्कॉच व्हिस्की का आयात HSN कोड 220830 के तहत होता है. लेकिन बाद में यह सामने आया कि बल्क स्कॉच व्हिस्की का आयात HSN कोड 220890 के तहत भी किया जा रहा है, जहां शुल्क व्यवस्था अलग है.

अदालत के फैसलों ने बदली तस्वीर

वाणिज्य सचिव के अनुसार, यह स्थिति अदालतों के पुराने फैसलों की वजह से बनी है. राजस्व विभाग का मानना था कि बल्क स्कॉच व्हिस्की को 220830 के तहत वर्गीकृत किया जाना चाहिए, लेकिन 1990 के दशक से जुड़े कुछ मामलों में दिल्ली और बॉम्बे हाई कोर्ट ने आयातकों के पक्ष में फैसला दिया. इसके बाद कई आयातक 220890 श्रेणी का इस्तेमाल करने लगे.

अग्रवाल ने कहा कि व्यापार वार्ता के दौरान यह जानकारी सामने नहीं आई थी कि स्कॉच व्हिस्की इस "अन्य उत्पादों" वाली श्रेणी में भी आ रही है. उन्होंने बताया कि 220890 एक व्यापक श्रेणी है, जिसमें सैकड़ों तरह के उत्पाद शामिल हैं और सामान्य तौर पर हर उत्पाद की अलग-अलग निगरानी नहीं की जाती.

ब्रिटेन भी उठा चुका है मुद्दा

सरकार ने स्वीकार किया कि ब्रिटेन की ओर से यह मामला उठाया गया है. हालांकि उनका कहना है कि दोनों देशों के बीच किसी तरह का टकराव नहीं है और बातचीत लगातार जारी है. अग्रवाल ने बताया कि करीब पंद्रह दिन पहले उनकी ब्रिटिश आयातकों से भी मुलाकात हुई थी और वे बातचीत की दिशा से संतुष्ट नजर आए.

उन्होंने कहा, "अभी ऐसी स्थिति नहीं है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगा रहे हों. अंतिम फैसला अभी होना बाकी है कि संबंधित उत्पाद को किस तरह की रियायत मिलेगी."

वित्त मंत्रालय के साथ मिलकर तलाशा जा रहा समाधान

वाणिज्य मंत्रालय इस पूरे मामले पर वित्त मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहा है. सरकार कानूनी राय भी ले रही है ताकि ऐसा समाधान निकाला जा सके जो अदालतों के फैसलों के खिलाफ भी न हो और भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का भी सम्मान करे.

अग्रवाल ने कहा कि कोशिश एक 'तकनीकी रास्ता' निकालने की है, जिससे CETA के तहत दी गई रियायतों की भावना भी बरकरार रहे और कानूनी दिक्कतें भी न पैदा हों.

DRI को जब्त खेप छोड़ने का अनुरोध

सरकार ने यह भी बताया कि राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) और अन्य संबंधित अधिकारियों से जब्त की गई स्कॉच व्हिस्की की खेपों को प्रक्रिया के तहत जारी करने के लिए कहा गया है. वाणिज्य सचिव के मुताबिक, उनकी जानकारी में अधिकांश कार्गो रिलीज भी किए जा चुके हैं. भविष्य में जारी होने वाले स्पष्टीकरण के आधार पर इन मामलों का निपटारा किया जाएगा.

घरेलू उद्योग और रोजगार से भी जुड़ा है मामला

सरकार का कहना है कि बल्क स्कॉच व्हिस्की सिर्फ आयात का मामला नहीं है. इसे भारत में ब्लेंडिंग, बॉटलिंग और पैकेजिंग के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को रोज़गार मिलता है. यही वजह है कि सरकार इस पेचीदा मसले का जल्द से जल्द हल चाहती है.

अग्रवाल ने कहा कि भारत ब्रिटेन सरकार के साथ-साथ कंपनियों से भी बातचीत के लिए तैयार है और उम्मीद है कि जल्द ही ऐसा रास्ता निकल जाएगा जो कानूनी रूप से भी मजबूत हो और व्यापारिक रिश्तों को भी प्रभावित न करे.

यह भी पढ़ें: यूपी नगर निकाय वोटर लिस्ट पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, मकान नंबर गड़बड़ी वाली PIL खारिज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India UK Trade, CETA India UK
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com