विज्ञापन

गोवा: कूड़ा फेंकते वीडियो वायरल, ट्रोलिंग के बाद 23 साल के कॉलेज स्टूडेंट ने खुद को मारी गोली

गोवा के मापुसा में 23 वर्षीय कॉलेज छात्र की मौत ने सभी को झकझोर दिया है. कूड़ा फेंकने का वीडियो वायरल होने के बाद उसे सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और पुलिस केस का सामना करना पड़ा. इसके बाद उसने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली.

गोवा: कूड़ा फेंकते वीडियो वायरल, ट्रोलिंग के बाद 23 साल के कॉलेज स्टूडेंट ने खुद को मारी गोली

गोवा से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक वायरल वीडियो ने 23 साल के कॉलेज छात्र की जिंदगी छीन ली. सड़क किनारे कूड़ा फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने के बाद छात्र को न सिर्फ पुलिस केस का सामना करना पड़ा, बल्कि ऑनलाइन ट्रोलिंग का भी भारी दबाव झेलना पड़ा. इसी बीच उसने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली.  

वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद

मामला गोवा के मापुसा का है, जहां सैमुअल डी ब्रैगांका नाम का 23 वर्षीय छात्र अपनी मां और दो बहनों के साथ रहता था. बताया जा रहा है कि वह ग्रेजुएशन के दूसरे साल में पढ़ाई कर रहा था. इसी बीच उसका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह सड़क किनारे कूड़ा फेंकता नजर आया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों की नजरों में आ गया.

वीडियो के बाद बढ़ा दबाव

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने उसे लेकर कड़ी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी. कई यूजर्स ने उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की. मामला बढ़ने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने दखल दिया और छात्र के खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर गंदगी फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया.

पुलिस ने इस मामले में छात्र को नोटिस भेजा था. अधिकारियों का कहना है कि वह पुलिस के सामने पेश भी हुआ था और जांच में सहयोग कर रहा था. वहीं, इस दौरान यह भी जांच की जा रही है कि जिस बंदूक से घटना हुई, वह कहां से आई.

घर में मिली छात्र की लाश

इस पूरे घटनाक्रम के कुछ समय बाद ही छात्र अपने घर पर मृत पाया गया. पुलिस के अनुसार, उसने अपने परिवार की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद वह काफी तनाव में था. सोशल मीडिया पर लगातार हो रही आलोचना और चर्चा ने उसे मानसिक रूप से परेशान कर दिया था. बताया जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पहले भी वह काफी बेचैन और परेशान था.

जांच में अभी कई सवाल बाकी

फिलहाल पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वायरल वीडियो, पुलिस केस और आत्महत्या के बीच सीधा कोई संबंध है या नहीं. पुलिस इन सभी पहलुओं को जोड़कर जांच कर रही है और परिवार व जान-पहचान वालों से पूछताछ की जा रही है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com