विज्ञापन

कनाडा स्टूडेंट वीजा दिलाने का झांसा देकर 9.68 लाख की ठगी, 21 महीने बाद आरोपी गिरफ्तार

हाल ही में उत्तर गोवा पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए नए सिरे से अभियान शुरू किया. पुलिस ने उसके डिजिटल फुटप्रिंट और ऑनलाइन गतिविधियों का गहन विश्लेषण किया.

कनाडा स्टूडेंट वीजा दिलाने का झांसा देकर 9.68 लाख की ठगी, 21 महीने बाद आरोपी गिरफ्तार
गोवा में पुलिस ने बड़ा एक्शन किया है.

गोवा के अल्टो-पोरवोरिम क्षेत्र की रहने वाली एक महिला से कनाडा का स्टूडेंट वीजा दिलाने के नाम पर 9.68 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने अपनी बेटी की उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजने की योजना बनाई थी, लेकिन इसी सपने का फायदा उठाकर एक शख्स ने उससे बड़ी रकम ऐंठ ली. पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला को भरोसा दिलाया था कि वह उसकी बेटी के लिए कनाडा का स्टूडेंट वीजा आसानी से उपलब्ध करवा देगा. महिला उसके झांसे में आ गई और अलग-अलग किश्तों में पैसे भेजती रही.

कई खातों में जमा करवाई रकम

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पैसे सीधे अपने खाते में नहीं मंगाए. उसने अपने परिवार के सदस्यों और परिचितों के बैंक खातों की जानकारी देकर रकम जमा करवाई. महिला ने यूपीआई और एनईएफटी के जरिए कुल 9.68 लाख रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए. हालांकि पैसे मिलने के बाद आरोपी ने न तो स्टूडेंट वीजा दिलाया और न ही रकम वापस की. इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की.

फरवरी 2025 में दर्ज हुआ था मामला

पोरवोरिम पुलिस स्टेशन में 10 फरवरी 2025 को इस मामले में केस दर्ज किया गया था. आरोपी की पहचान 37 वर्षीय बीपी मणिकांत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मंगलूरु का निवासी है. मामला दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया. पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए कई बार कर्नाटक के बेंगलुरु और मंगलूरु में दबिश दी, लेकिन वह लगातार स्थान बदलता रहा और पुलिस के हाथ नहीं लगा.

डिजिटल फुटप्रिंट से पहुंची पुलिस

हाल ही में उत्तर गोवा पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए नए सिरे से अभियान शुरू किया. पुलिस ने उसके डिजिटल फुटप्रिंट और ऑनलाइन गतिविधियों का गहन विश्लेषण किया. इसी जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन मंगलूरु में मिली. इसके बाद पीएसआई सचिन शिरोडकर के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई. टीम में पुलिसकर्मी नितेश गावड़े और जाहिद शेख को भी शामिल किया गया.

तकनीकी निगरानी से हुई गिरफ्तारी

मंगलूरु पुलिस की मदद से टीम ने तकनीकी सर्विलांस, खुफिया सूचनाओं और फील्ड जांच के आधार पर अभियान चलाया. आखिरकार आरोपी को मंगलूरु से पकड़ लिया गया और गोवा लाया गया. 26 नवंबर 2026 को आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया. अदालत से चार दिन की पुलिस हिरासत भी हासिल की गई है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरह और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है.

यह भी पढ़ें | 15 लाख की डिग्री, 11वीं पास करते ही बने 'भगवान'... 4 राज्यों तक फैला था फर्जी डॉक्टर का रैकेट, यूं हुआ खुलासा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Goa News, Cyber Fraud, Education Scam
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com