गाजियाबाद के लिंक रोड थाना क्षेत्र स्थित पैसिफिक मॉल में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मॉल के भीतर स्थित सिनेमाघर के प्रोजेक्टर रूम में अचानक भीषण आग लग गई. आग तेजी से फैल, मॉल के ऑडी रूम तक पहुंच गई , आग लगने के बाद पूरे मॉल में धुआं फैल गया और मॉल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गनीमत रही कि आग सुबह के समय लगी, जब मॉल में ज्यादा स्टाफ और लोगों की मौजूदगी नहीं थी. समय रहते आग का पता चलने से बड़ा हादसा टल गया.
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7.30 बजे अचानक मॉल की ऊपरी मंजिल से धुआं उठता दिखाई दिया. इसके बाद मॉल स्टाफ ने तत्काल फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद, करीब 1 घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
शुरुआती जानकारी के अनुसार आग सिनेमाघर के प्रोजेक्टर रूम में लगी थी. हालांकि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. दमकल विभाग और पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है. यह घटना लिंक रोड थाना क्षेत्र के कौशांबी स्थित आनंद विहार बॉर्डर पर बने पैसिफिक मॉल की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं