- गाजियाबाद के लापता डॉक्टर का शव कार में मिला, जांच में जुटी पुलिस
- ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर खड़ी कार में मिला डॉक्टर का शव
- कार से इंजेक्शन और दवाइयां बरामद, ओवरडोज की आशंका
गाजियाबाद में लापता डॉक्टर का शव कार के अंदर मिलने से हड़कंप फैल गया है. नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन निवासी 30 वर्षीय डॉक्टर शिवम कार्तिकेय, जिनकी गुमशुदगी एक दिन पहले दर्ज कराई गई थी, बुधवार को ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर खड़ी कार में मृत पाए गए. कार से कई इंजेक्शन और दवाइयां बरामद होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस का कहना है कि शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. ऐसे में इंजेक्शन और दवाइयों की ओवरडोज को संभावित वजह मानकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
एक्सप्रेसवे पर खड़ी कार से मिला शव
पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे डायल-112 पर सूचना मिली कि मुरादनगर थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर यूके नंबर की एक ब्रेजा कार काफी देर से खड़ी हुई है और उसके अंदर एक व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है. सूचना मिलने के बाद मुरादनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. कार की जांच करने पर अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

कार की जांच करती हुई पुलिस टीम
डॉक्टर शिवम कार्तिकेय के रूप में हुई पहचान
जांच के दौरान मृतक की पहचान डॉ. शिवम कार्तिकेय पुत्र गोपाल स्वरूप निवासी वीवीआईपी मंगल सोसाइटी, राजनगर एक्सटेंशन, थाना नंदग्राम के रूप में हुई. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शिवम के लापता होने की सूचना परिजनों ने पहले ही पुलिस को दे दी थी. 29 सितंबर को नंदग्राम थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी. इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर कार के भीतर उनका शव मिलने से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई.
कार से मिले इंजेक्शन और दवाइयां
पुलिस को कार की तलाशी के दौरान कई इंजेक्शन और दवाइयां मिली हैं. जांच एजेंसियों ने इन्हें कब्जे में लेकर परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इंजेक्शन और दवाइयों की ओवरडोज या ड्रिप के कारण डॉक्टर की मौत हुई हो सकती है. हालांकि पुलिस ने अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं. ऐसे में मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फोरेंसिक जांच अहम भूमिका निभाएंगी. पुलिस दवाइयों और इंजेक्शनों की प्रकृति तथा उनके उपयोग की भी जांच कर रही है.
परिजनों से जुटाई जा रही जानकारी
एसीपी मुरादनगर सुनील कुमार ने बताया कि ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर खड़ी ब्रेजा कार में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. उन्होंने कहा कि मृतक की पहचान डॉ. शिवम कार्तिकेय के रूप में हुई है. प्रथमदृष्टया शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
यह भी पढ़ें : 4 साल तक फ्रिज में रखा पिता का शव, खुलासे पर पुलिस भी हैरान... मुंबई में चौंकाने वाला मामला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं