- ATM में फंसाते थे कैश, ग्राहक के जाते ही निकाल लेते थे लाखों रुपये
- साइकिल की तीली और स्मार्ट प्लग से ATM हैकिंग, पुलिस ने खोला राज
- 4 लाख कैश, स्कॉर्पियो और साइबर उपकरण के साथ अंतरराज्यीय गैंग गिरफ्तार
ATM Hacking Gang: गाजियाबाद पुलिस ने ATM और कैश डिपॉजिट मशीनों (CDM) को हैक कर लाखों रुपये की चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर अपराध गिरोह का पर्दाफाश किया है. थाना साहिबाबाद पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो स्मार्ट प्लग और मोबाइल ऐप की मदद से बैंक मशीनों की कार्यप्रणाली बाधित कर नकदी चुराते थे. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख रुपये नकद, चोरी के पैसों से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो, वारदात में इस्तेमाल की गई सेंट्रो कार और साइबर अपराध में प्रयुक्त कई उपकरण बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह हरियाणा और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है.
गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
थाना साहिबाबाद पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ATM और कैश डिपॉजिट मशीनों को तकनीकी तरीके से हैक कर नकदी चोरी कर रहे हैं. जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहसान (27), सिराज (34), रहीश (22) निवासी नूंह और आरिफ (26) निवासी मथुरा के रूप में हुई है. सभी आरोपी साहिबाबाद के शहीद नगर इलाके में रह रहे थे.
थाना साहिबाबाद पुलिस टीम द्वारा एटीएम मशीन तथा कैश डिपॉजिट मशीन को हैक कर साइबर फ्रॉड करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 04 अभियुक्त गिरफ्तार। कब्जे से 04 लाख रुपये, घटना के पैसों से खरीदी गई 01 स्कॉर्पियो कार, घटना में प्रयुक्त 01 सेंट्रो कार तथा साइबर अपराध में प्रयुक्त… https://t.co/jqubfCJ3bS pic.twitter.com/BDC4fCsOtl
— POLICE COMMISSIONERATE GHAZIABAD (@ghaziabadpolice) July 22, 2026
स्मार्ट प्लग और ऐप से करते थे हैकिंग
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी वारदात से पहले ATM और कैश डिपॉजिट मशीनों की बिजली सप्लाई में स्मार्ट प्लग लगा देते थे. इसके बाद मोबाइल के "स्मार्ट लाइफ" ऐप के जरिए इन स्मार्ट प्लगों को नियंत्रित किया जाता था. जब कोई ग्राहक पैसे जमा या निकालने का प्रयास करता, तब आरोपी मशीन की कार्यप्रणाली बाधित कर देते थे, जिससे नकदी मशीन में फंस जाती थी. ग्राहक के वहां से चले जाने के बाद गिरोह के सदस्य मशीन खोलकर फंसी हुई नकदी निकाल लेते थे.
साइकिल की तीली से बने उपकरण का इस्तेमाल
डीसीपी ट्रांस हिंडन सुरेंद्र नाथ तिवारी के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे पेचकस और साइकिल की लोहे की तीली से तैयार विशेष उपकरण की मदद से मशीन खोलते थे. इसके बाद मशीन में फंसी नकदी निकालकर फरार हो जाते थे. आरोपी ज्यादातर वारदातें सुबह ATM खुलने से पहले या अवकाश के दिनों में करते थे. अहसान और सिराज मशीन हैक करने का काम करते थे, जबकि आरिफ और रहीश आसपास निगरानी रखते थे.
केनरा बैंक की शिकायत से खुला मामला
मामले का खुलासा तब हुआ जब राजेंद्र नगर स्थित केनरा बैंक की शाखा प्रबंधक छवि ऐरन ने शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के अनुसार 27 जून से 29 जून के बीच बैंक की कैश डिपॉजिट मशीन से छेड़छाड़ की गई थी. CCTV फुटेज में तड़के 3 बजे से सुबह 9:25 बजे तक संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं. मशीन की जांच और कैश मिलान के दौरान 8.37 लाख रुपये की कमी पाई गई, जिसके बाद साहिबाबाद थाने में मामला दर्ज किया गया.
4 लाख रुपये और लग्जरी वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख रुपये नकद, चोरी के पैसों से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो कार, वारदात में इस्तेमाल की गई सेंट्रो कार और साइबर अपराध में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने इसी तरह राजेंद्र नगर क्षेत्र में एक पंजाब नेशनल बैंक ATM को भी निशाना बनाया था. हालांकि इस संबंध में बैंक की ओर से अभी कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है.
अन्य राज्यों में भी फैला हो सकता है नेटवर्क
पुलिस का कहना है कि आरोपियों का आपराधिक नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है. प्रारंभिक जांच में हरियाणा और महाराष्ट्र में भी इसी तरह की वारदातों में शामिल होने के संकेत मिले हैं. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने अब तक कितनी मशीनों को निशाना बनाया और उनके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. मामले की विस्तृत जांच जारी है.
यह भी पढ़ें : 5-10 हजार रुपये में घर बैठे 10वीं-12वीं की फर्जी मार्कशीट; दिल्ली में हुआ गैंग का भंडाफोड़, 150 लोग बने शिकार
यह भी पढ़ें : FBI वांटेड हरमनवीर सिंह गिरफ्तार; कनाडा से अमेरिका तक फैला था ड्रग नेटवर्क, रविंदर धांधा गैंग के खुलेंगे राज
यह भी पढ़ें : ‘मैंने सोचा, प्रोटेस्ट में क्यों जाऊं, जब पढ़ाई कर स्कोर बढ़ा सकता हूं?' NDTV से बोले NEET टॉपर पंशुल बंसल
यह भी पढ़ें : NEET रिजल्ट के बाद खान सर ने गर्दा उड़ा दिया; भोजपुरी सॉन्ग में स्टूडेंट्स के साथ लगी 'पंचायत', देखिए VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं