- हरियाणा का गैंगस्टर दीपक नांदल विदेश से बैठकर भारत में अपनी गैंग चला रहा है.
- गुरुग्राम में दीपक नांदल गैंग से जुड़े चार बदमाश पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुए हैं.
- दीपक नांदल सोशल मीडिया के जरिए अपनी गैंग ऑपरेट करता है. उसके निशाने पर बिल्डर, बिजनेसमैन रहते हैं.
गुरुग्राम में हरियाणा पुलिस ने गुरुवार को दीपक नांदल गैंग से जुड़े चार बदमाशों को ढेर किया है. घटना गुरुग्राम के सुशांत लोक ए ब्लॉक की है. जहां देर रात पुलिस की इन बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई थी. इस दौरान दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई. जिसमें पांच बदमाशों को गोली लगी थी. जिसमें चार ढेर हुए हैं. जबकि तीन पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी है. बताया जा रहा है कि इन बदमाशों ने एक यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे का अपहरण किया था. जिससे करोड़ों रुपए की रंगदारी मांगी जा रही थी. ऐसे में इस एनकाउंटर के बाद दीपक नांदल का नाम फिर चर्चा में है, जो हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर है और विदेश से बैठकर भारत में अपना नेटवर्क चला रहा है.
कौन है गैंगस्टर दीपक नांदल
दीपक नांदल हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर में जुर्म की दुनिया का ऐसा नाम है जो रंगदारी, हत्या, किडनैपिंग और फिरौती जैसे मामलों में शामिल रहा है. मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला दीपक नांदल भारत से दूर सात समंदर पार से अपना नेटवर्क चलाता है. वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपनी गैंग में शामिल करता है और उसके बाद पूरा नेटवर्क संचालित करता है. बताया जाता है कि वह यूएई, लंदन और कनाडा जैसे देशों में एक्टिव रहा है. दिल्ली-एनसीआर की पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में है.
म्यूजिक इंडस्ट्री से अपराध की दुनिया तक
दीपक नांदल कभी हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा था. वह म्यूजिक प्रोड्यूसर, रैपर और परफॉर्मर के तौर पर सक्रिय रहा. उसने हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया और रैपर बादशाह के साथ कई लोकप्रिय गानों पर काम किया. हरियाणा रोडवेज और कर गई चुल जैसे गानों को बनाने में उसका नाम जुड़ता रहा. एक इंटरव्यू में उसने कहा था कि बादशाह और फाजिलपुरिया के साथ काम करना उसके लिए हमेशा खुशी की बात रही. दीपक नांदल को लंबे समय तक राहुल फाजिलपुरिया का बेहद करीबी दोस्त, सहयोगी और ऑन-ग्राउंड मैनेजर माना जाता रहा. जब भी फाजिलपुरिया किसी विवाद में घिरते थे, दीपक नांदल अक्सर उनके समर्थन में सामने आता था.
2017 में फाजिलपुरिया का किया था बचाव
गुरुग्राम में 2017 के ड्रंक एंड ड्राइव मामले में जब राहुल फाजिलपुरिया विवादों में आए थे, तब दीपक नांदल मीडिया के सामने आया था. उसने दावा किया था कि फाजिलपुरिया शराब के नशे में नहीं थे. इस घटना के बाद दोनों की करीबी रिश्तों की चर्चा और बढ़ गई थी. दीपक नांदल का नाम केवल म्यूजिक इंडस्ट्री तक सीमित नहीं रहा. साल 2019 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीपक कलाल के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था. उस घटना में भी दीपक नांदल का नाम सामने आया. दावा किया गया कि फाजिलपुरिया के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों से नाराज होकर यह हमला किया गया था.
राहुल फाजिलपुरिया पर हमला
साल 2025 में राहुल फाजिलपुरिया पर हुए हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें सुनील सरधानिया, दीपक नांदल और इंद्रजीत यादव के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. पोस्ट में आरोप लगाया गया कि राहुल फाजिलपुरिया ने दीपक नांदल से 5 करोड़ रुपये लिए थे और वापस नहीं किए. पोस्ट में धमकी दी गई कि यदि पैसे नहीं लौटाए गए तो हर महीने फाजिलपुरिया के एक करीबी को निशाना बनाया जाएगा और इस तरह 10 लोगों की हत्या की जाएगी. पुलिस ने साफ किया है कि इस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच जारी है और अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अगस्त 2025 में राहुलफाजिलपुरिया के अकाउंटेंट रोहित शौकीन की गुरुग्राम में सरे आम गोलियां मारकर हत्या कर दी गई इस हत्याकांड की जिम्मेदारी भी दीपक नंदाल ने ली थी.
2023 में विदेश भागा दीपक नांदल
हरियाणा में दीपक नांदल नाम का युवा एकदम से अपराध की दुनिया में तेजी से आगे बढ़ा है. शुरुआत में अवैध हथियारों की तस्करी और स्थानीय लेवल के विवादों में उसका नाम चर्चा में आया था. लेकिन धीरे-धीरे वह रोहतक और सोनीपत पुलिस की अपराध लिस्ट में तेजी से ऊपर आने लगा. वह बदमाशों से मिलकर रंगदारी कॉन्ट्रैक्ट किलिंग जैसे क्षेत्र में तेजी से एक्टिव हुआ. दीपक की नजर दिल्ली-एनसीआर के बढ़ते रियल एस्टेट कारोबार और रसूखदार लोगों को डराकर कम समय में मोटी कमाई करने की थी, जिस पर उसने तेजी से काम शुरू कर दिया. जुर्म की दुनिया में तेजी से आगे बढ़ता दीपक नांदल हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स के निशाने पर था. पुलिस उस पर लगातार दबाव बना रही थी. ऐसे में दीपक नांदल ने भारत छोड़ने का प्लान बनाया. हरियाणा के आईजी बी सतीश बालन के अनुसार साल 2023 में वह कानूनी एजेंसियों की आंखों में धूल झोंककर भारत से विदेश भाग निकला.
ये भी पढ़ेंः हजार से ज्यादा मेंबर, जेल नेटवर्क.. अमेरिका की चार्जशीट में खुलासा कितना बड़ा है लॉरेंस बिश्नोई का साम्राज्य
यूएई-लंदन में रहा एक्टिव
भारत से भागने के बाद दीपक नांदल पहले दुबई गया था. इसके बाद यहां पर सोशल मीडिया के जरिए अपना गैंग चलाने लगा. वह लगातार ठिकाना भी बदलता रहता है. दुबई से निकलकर दीपक नांदल लंदन पहुंचा और यहां से ही अपना गिरोह फिलहाल चला रहा है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि फिलहाल दीपक नांदल लंदन से ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से अपना नेटवर्क चलाता है.
सोशल मीडिया के जरिए ऑपरेट होती है गैंग
पुलिस के मुताबिक दीपक नांदल अपनी गैंग सोशल मीडिया के जरिए ऑपरेट करता है. वह फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और अन्य माध्यमों पर एक्टिव रहता है. जहां उसने अपनी छवि एक डॉन के रूप में बना रखी है. वह सबसे पहले युवाओं को अपने साथ जोड़ता है और उन्हें अपने गैंग में शामिल करता है. 10000 से लेकर 50000 तक रुपए के जरिए उन्हे रंगदारी, वसूली के जरिए काम करवाता था. वह व्हाट्सएप और सिग्नल से कमान भेजता था. उसके बाद फायरिंग करवाने के बाद वह तुरंत सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर उसकी जिम्मेदारी खुद ले लेता है. दीपक नांदल की गैंग ने पिछले कुछ सालों में दिल्ली-एनसीआर से जुड़े बड़े-बड़े लोगों को निशाना बनाया है. जिसमें बिल्डर, बिजनेसमैन, फेशन डिजाइनर और सिंगर शामिल रहे हैं.
दिल्ली-एनसीआर पुलिस नेटवर्क तोड़ने में जुटी
विदेश में बैठकर अपनी गैंग चलाने वाले दीपक नांदल को लेकर हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर पुलिस लगातार एक्टिव है. पुलिस उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने और उसके विदेशी ठिकाने से उसे डिपोर्ट कर उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है. जबकि भारत में भी उसके नेटवर्क को ध्वस्त करने की कोशिश लगातार की जा रही है.
ये भी पढ़ेंः गुरुग्राम में पुलिस एनकाउंटर में 4 अपराधी ढेर, 1 घायल; 3 पुलिसकर्मी भी घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं