- देशभर में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में गुरुवार को10 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई
- इंदिरापुरम में पार्क के पास जलभराव में करंट से एक सिक्योरिटी गार्ड की भी जान चली गई
- गाजियाबाद के विजय नगर की सर्वोदय कॉलोनी में घर के बाहर पानी से भरे नाले में डूबने से 3 साल की मौत हो गी
देश के कई हिस्सों में गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई. सड़कों पर पानी भर गया, पेड़ उखड़ गए, संपत्तियों को नुकसान हुआ और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ. देशभर में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 10 से ज्यादा लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी. गाजियाबाद के विजयनगर में एक मासूम बच्ची की जान चली गई. वही इंदिरापुरम में पार्क के पास जलभराव में करंट से एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई. दिल्ली में बादली में एक बच्चा पानी में डूब गया. वहीं दिल्ली के रोहिणी में इमारत गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई.
पानी में डूबने से 8 साल के बच्चे की मौत
दिल्ली के बादली इलाके में गुरुवार को एक 8 साल के बच्चे रेहान की बारिश के पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. वह पड़ोस के बच्चों के साथ शौच करने के लिए गया था. वहीं अचानक पानी में गिरकर डूब गया. काफी ढूंढने के बाद जब वह नहीं मिला तो परिजनों ने शौच वाली जगह पर उसे ढूंढा और बेहोशी की हालत में पानी से बाहर निकाल. अस्पताल में डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया.
गाजियाबाद में बच्ची नाले में बही, गार्ड को लगा करंट
गाजियाबाद के विजय नगर की सर्वोदय कॉलोनी में घर के बाहर पानी से भरे नाले में डूबने और बहने से 3 साल की पल्लवी की मौत हो गई. वहीं इंदिरापुरम के न्याय खंड-1 में पार्क के पास जलभराव में करंट उतरने से 28 साल के सिक्योरिटी गार्ड बबलू की मौके पर ही मौत हो गई. 28 साल का सिक्योरिटी गार्ड बबलू मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर का रहने वाला था और एक सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था. लोगों के मुताबिक बबलू सड़क पार कर पार्क के पास से गुजर रहा था. पार्क के बाहर पानी भरा हुआ था, जहां बिजली का पोल और ट्रांसफार्मर भी लगे हैं. उसमें करंट उतरा हुआ था. जैसे ही वह पानी के संपर्क में आया, उसे जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा. लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी.

गाजियाबाद में सिक्योरिटी गार्ड बबलू की करंट लगने से मौत
सूरत में बारिश की घटनाओं में 17 लोगों की मौत
सूरत में भारी बारिश के बीच छह अन्य शव बरामद किए गए, जिससे पिछले कुछ दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई. वहीं पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड़ में इमारत गिरने के बाद मलबे से एक शव बरामद कया गया. वहीं महाराष्ट्र के ठाणे में बारिश के दौरान पेड़ गिरने से घायल हुए 64 साल के बुजुर्ग की गुरुवार को मौत हो गई.
यूपी में बिजली गिरने से 2 महिलाओं और एक बच्चे की मौत
गुरुवार को भारी बारिश से यूपी के संत कबीर नगर जिले के अलग-अलग गांवों में बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई. वहीं कुशीनगर में बिजली गिरने से 14 साल के लड़के की मौत हो गई.बुलंदशहर में भारी बारिश के बाद खुर्जा के मुंडाखेड़ा गांव में अस्थायी तंबू पर दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हुए. शामली जिले के थानाभवन शहर में भारी बारिश के दौरान एक टिन शेड की दीवार गिरने से 49 साल के शख्स की मौत हो गई.
बारिश से बढ़ी मुसीबत
बारिश से दिल्ली, यूपी समेत देशभर के लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने आज यूपी के 17 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं दिल्ली के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यूपी की कई जगहों पर स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है.
ये भी पढ़ें-नोएडा, गाजियाबाद में आज भारी बारिश के आसार, दिल्ली में भी बरसेंगे बदरा
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट, प्रदेश में अगले 4 दिन मेहरबान रहेगा मानसून
इनपुट- प्रभाकर राणा, अभिषेक कुमार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं