विज्ञापन

यूपी का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे तैयार, 12 जिलों को मिलेगी 120 KM की रफ्तार, हरिद्वार, बलिया और बिहार भी जुड़ेगा

Ganga Expressway Latest News: उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे के जरिये पूर्वांचल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जोड़ने की योजना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा एक्सप्रेसवे का 29 अप्रैल को उद्घाटन करेंगे.

यूपी का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे तैयार, 12 जिलों को मिलेगी 120 KM की रफ्तार, हरिद्वार, बलिया और बिहार भी जुड़ेगा
Ganga Expressway Route Map: गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
  • गंगा एक्सप्रेसवे 594 किलोमीटर लंबा है और यह मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों को जोड़ेगा, शुरुआत NH-334 से होगी
  • पीएम मोदी 29 अप्रैल 2026 को हरदोई जिले में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और तैयारियां पूरी हो चुकी हैं
  • गंगा एक्सप्रेसवे 6 लेन का, जिसे भविष्य में आठ लेन तक बढ़ाने की योजना है, इसकी डिजाइन गति 120 किमी प्रति घंटा
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लखनऊ:

Ganga Expressway Route: उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन इसी महीने 29 अप्रैल को पीएम मोदी के हाथों होगा .यह यूपी के पूर्वांचल को सीधे पश्चिमी उत्तर प्रदेश से जोड़ेगा.  594 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे 12 जिलों से गुजरेगा. इसमें उत्तर प्रदेश के मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज जिले जुड़ेंगे. मेरठ के बिजौली गांव NH-334 से ये गंगा एक्सप्रेसवे प्रारंभ होगा. फिर प्रयागराज के जुदापुर दांडू गांव NH-19 तक जाएगा.हरिद्वार एक्सटेंशन के तहत अमरोहा-बिजनौर होते हुए इसे हरिद्वार उत्तराखंड तक जोड़े जाने का प्रस्ताव है.

मेरठ से प्रयागराज का सफर, हरदोई से उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले (मल्लावां क्षेत्र के सलेमपुर गांव) में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे. लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार ने कमिश्नर विजय विश्वास पंत और अन्य अधिकारियों के साथ संभावित उद्घाटन स्थल का दौरा किया और तैयारियां परखीं. बिहार से कनेक्टिविटी के लिए प्रयागराज से इसे आगे बलिया तक ले जाने की योजना है. इसे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे नोएडा एयरपोर्ट के पास से जोड़ने के लिए अलग से लिंक रोड बन रही है.

Ganga Expressway Route

Ganga Expressway Route

6 लेन का गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway Routemap)

अभी गंगा एक्सप्रेसवे 6 लेन का है, जिसे आगे 8 लेन तक बढ़ाने का प्रावधान रखा गया है. नींद की झपकी से होने वाले हादसों को रोकने के लिए सड़क पर उभरी हुई पट्टियां लगाई गई हैं, जो वाहन गुजरने पर कंपन पैदा करती हैं. शाहजहांपुर जिले में 3.5 किमी लंबी हवाई पट्टी भी बनाई गई है, जहां एयरफोर्स के लड़ाकू विमान इमरजेंसी लैंडिंग कर सकेंगे.इसकी डिजाइन स्पीड 120 किमी की है. हरदोई जिले में इसका सबसे ज्यादा करीब 100 किमी क्षेत्र होगा.सवायजपुर, शाहाबाद और बिलग्राम तहसीलों में में 1133 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है. 

गंगा एक्सप्रेसवे पर 14 टोल प्लाजा

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस एक्सप्रेसवे के एंट्री प्वाइंट टोल नहीं लगेगा. यात्री जहां से एग्जिट करेंगे, वहां दूरी के आधार पर टोल टैक्स देना होगा. इसका मतलब है कि कम दूरी की यात्रा पर ज्यादा टोल नहीं देना पड़ेगा. पूरे एक्सप्रेसवे पर 14 टोल प्लाजा हैं. इनमें से मेरठ और प्रयागराज मुख्य टोल प्लाजा रहेंगे. जबकि अन्य 12 टोल प्लाजा एंट्री-एग्जिट प्वाइंट के आधार पर टोल वसूलेंगे. 

गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स कितना

कार, वैन आदि हल्के चौपहिया निजी वाहनों के लिए टोल लगभग 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर है. यानी पूरे एक्सप्रेसवे को पार करने के लिए 1515 रुपये देने होंगे. लेकिन 100 किमी के बाद एग्जिट लेनी है तो 255 रुपये ही लगेंगे. हल्के कामर्शियल वाहनों के लिए 4.05 रुपये प्रति किलोमीटर, बस और ट्रक के लिए 8.15 रुपये प्रति किमी और भारी मशीनरी वाले वाहनों के लिए 12.55 रुपये से 16.05 रुपये प्रति किमी का टोल देना होगा.

4 बड़े एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगा (Ganga Expressway Route)

गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के चार बड़े एक्सप्रेसवे से कनेक्ट भी होगा. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मेरठ में यह एक्सप्रेसवे सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. इससे दिल्ली से प्रयागराज की दूरी आसान हो जाएगी. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव और हरदोई के पास एक इंटरचेंज के जरिए जोड़ा जाएगा. फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे 92 किलोमीटर लंबा है उससे भी ये दोनों बड़े एक्सप्रेसवे जोड़े जाएंगे. यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर एयरपोर्ट लिंक के जरिये भी ये कनेक्ट होगा.नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 74 किमी लंबा लिंक एक्सप्रेसवे मंजूर किया गया है. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के साथ ये बलिया एक्सटेंशन से जोड़ा जाएगा.

ये भी पढ़ें -  Lucknow-Kanpur Expressway: मिनटों में पूरा होगा लखनऊ से कानपुर तक का सफर, जानिए नए एक्सप्रेसवे पर कितना देना होगा टोल

गंगा एक्सप्रेसवे की खूबियां

आसान इंटरचेंज: यूपी के एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway Features) को इस तरह डिजाइन किया गया है कि आप एक एक्सप्रेसवे से उतरे बिना दूसरे पर चढ़ सकते हैं. जैसे बलिया से दिल्ली जाने वाला यात्री पूर्वांचल, आगरा-लखनऊ और यमुना एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकता है.
औद्योगिक गलियारे: हर एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ 100-200 मीटर की पट्टी को 'इंडस्ट्रियल क्लस्टर' के लिए आवंटित किया गया है
स्मार्ट ई-वे: इन पर एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं.

हरिद्वार तक विस्तार की योजना

गंगा एक्सप्रेसवे का उत्तरी विस्तार मेरठ से न होकर अब अमरोहा-बिजनौर मार्ग से हरिद्वार तक ले जाने की मंजूरी मिली है. इस एक्सटेंशन की कुल लंबाई लगभग 146 किमी होगी. इस एक्सटेंशन का उत्तर प्रदेश में 116.8 किमी और उत्तराखंड में 29 किमी लंबा रूट होगा. इसके लिए सर्वे शुरू हो चुका है और DPR तैयार की जा रही है. यह कॉरिडोर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का भी विकल्प बनेगा. गंगा एक्सप्रेसवे के हरिद्वार एक्सटेंशन में यूपी के अमरोहा, बिजनौर और उत्तराखंड का हरिद्वार जिला आएगा, इनके 204 गांव इसके दायरे में आएंगे. अमरोहा में 62 गांव (जैसे मंगरौला, पाइंदापुर, रूखालू, सिकरौली, बिजनौर के 117 गांव और हरिद्वार के 25 गांव इसमें शामिल होंगे.

ये भी पढ़ें - Delhi-Dehradun Expressway Toll: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कितना टोल देना होगा? PM Modi ने किया उद्घाटन, यहां जानिए पूरी डिटेल

हरिद्वार एक्सटेंशन (Ganga Expressway Phase 2)

अमरोहा के 62 गांवों में धनौरा और अमरोहा तहसील के गांव शामिल हैं. इन गांवों के नक्शे और राजस्व रिकॉर्ड अपडेट के आदेश हैं. बिजनौर के 117 गांवों में सबसे बड़ा हिस्सा इसी जिले से गुजरेगा, जिससे नजीबाबाद और बिजनौर शहर की कनेक्टिविटी सुधरेगी. हरिद्वार के 25 गांवों में यह हिस्सा उत्तराखंड की सीमा में होगा, जो लक्सर के पास से होते हुए मुख्य हरिद्वार शहर को जोड़ेगा. इस एक्सटेंशन से प्रयागराज से हरिद्वार की दूरी मात्र 8-9 घंटे में तय की जा सकेगी.

यूपी में ये एक्सप्रेसवे भी बन रहे

  1. लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे : 63 किमी: यूपी का पहला एलिवेटेड एक्सप्रेसवे
  2. गाजीपुर-बलिया-मांझी घाट लिंक एक्सप्रेसवे : 117 किमी: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बिहार बॉर्डर तक
  3. चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे
  4. गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे - 91 किमी- गोरखपुर को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा
  5. विंध्य एक्सप्रेसवे : प्रयागराज से सोनभद्र तक
  6. गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे सबसे लंबा 700 किमी का
  7. वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे (यूपी का हिस्सा)

कौन कौन से लिंक एक्सप्रेसवे

फर्रखाबाद लिंक: गंगा एक्सप्रेसवे को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा
जेवर एयरपोर्ट लिंक: नोएडा एयरपोर्ट को हरियाणा के बल्लभगढ़ और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा
चित्रकूट-झांसी लिंक: बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को झांसी से जोड़ने की योजना

तीन महीनों में पीएम मोदी ने यूपी को दिए कई तोहफे

1. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर उद्घाटन: 28 मार्च 2026
पीएम मोदी ने जेवर में 11,200 करोड़ के निवेश से तैयार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया. उन्होंने यहां 40 एकड़ में फैले MRO (Maintenance, Repair and Overhaul) सुविधा की आधारशिला भी रखी.

2. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन: 14 अप्रैल 2026
पीएम मोदी ने इस कॉरिडोर का उद्घाटन किया, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बागपत, सहारनपुर और शामली जैसे जिलों को जोड़ता है. इससे दिल्ली से देहरादून की दूरी घटकर मात्र 2.5 घंटे रह गई.

3. HCL-Foxconn सेमीकंडक्टर यूनिट शिलान्यास: 21 फरवरी 2026
उत्तर प्रदेश को सेमीकंडक्टर हब बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री ने जेवर के पास इस महत्वपूर्ण यूनिट की आधारशिला रखी।

4. दिल्ली-मेरठ नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर: 6 मार्च 2026
पीएम मोदी ने दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ साउथ तक पूरे 82 किलोमीटर के रैपिड रेल कॉरिडोर को हरी झंडी दिखाई.मेरठ के भीतर चलने वाली मेरठ मेट्रो (मोदीपुरम से मेरठ साउथ) का भी उद्घाटन किया.
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com