केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की सादगी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रहा है.दरअसल, कर्नाटक के बेलगावी में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद केंद्रीय मंत्री हुबली हवाई अड्डे की तरफ लौट रहे थे.इसी दौरान धारवाड़ जिले के तेगूर गांव के पास से गुजरते समय उनकी नजर सड़क किनारे खेतों में लहलहाती 'श्रीअन्न' (ज्वार) और गन्ने की शानदार फसलों पर पड़ी. फसलों की यह खूबसूरती और हरियाली देखकर केंद्रीय मंत्री खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने तुरंत अपने सुरक्षा घेरे और काफिले को रुकवा दिया. इसके बाद वे सभी वीआईपी प्रोटोकॉल को दरकिनार कर सीधे खेत की पगडंडियों से होते हुए वहां काम कर रहे किसानों के बीच जा पहुंचे और उनके साथ भोजन भी किया.
बेलगावी के कार्यक्रम के बाद हुबली लौटते समय रास्ते में खेतों में लहलहाती ‘श्रीअन्न'-ज्वार और गन्ने की फसल ने ध्यान खींच लिया। खेत में काम कर रहे किसान भाइयों से मिलने का मन हुआ। उनसे जाना कि पथरीली ज़मीन पर भी वे कैसे इतनी अच्छी खेती करते हैं।
— Gajendra Singh Shekhawat (@gssjodhpur) June 29, 2026
सबसे विशेष पल वह रहा, जब उन्होंने… pic.twitter.com/9cCw2t7pL1
पूर्व सैनिक की मेहनत देख हुए हैरान, पूछा खेती का राज
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत जिस खेत में पहुंचे,वह स्थानीय किसान और पूर्व सैनिक रमेश गोकावी का था. इस मुलाकात के दौरान शेखावत उस समय हैरान रह गए जब उन्होंने देखा कि वहां की जमीन बेहद पथरीली और कंकड़-पत्थरों से भरी हुई है. ऐसी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद किसान ने लहलहाती फसल खड़ी कर दी थी. केंद्रीय मंत्री ने किसान से पूछा कि आखिर वे इस पथरीली जमीन पर भी इतनी उपजाऊ खेती कैसे कर लेते हैं. इस पर पूर्व सैनिक रमेश ने अपनी पारंपरिक पद्धतियों, आधुनिक सूझबूझ और दिन-रात की कड़ी मेहनत के अनुभवों को केंद्रीय मंत्री के साथ साझा किया.
किसानों के साथ साझा किया भोजन
बातचीत के दौरान वहां मौजूद किसानों ने केंद्रीय मंत्री को अपने साथ दोपहर का भोजन करने का प्रस्ताव दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया. शेखावत ने खेत में ही बैठकर उत्तर कर्नाटक के पारंपरिक भोजन 'खड़क ज्वार रोट्टा', सब्जी, घर के बने अचार और सूखी लाल मिर्च की चटनी का स्वाद लिया. इस दौरान किसानों ने क्षेत्र की कृषि समस्याओं और अपनी स्थिति को लेकर भी चर्चा की.
ये भी पढ़ें: झारखंड में दुनिया का सबसे महंगा आम हो गया चोरी, जानें कितने रुपये किलो है कीमत
सोशल मीडिया पर साझा किया अनुभव, प्रह्लाद जोशी ने जताया आभार
इस मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस वाक्ये का वीडियो और विवरण साझा किया. उन्होंने लिखा कि पथरीली जमीन पर इतनी अच्छी खेती के तरीकों को समझना एक अच्छा अनुभव रहा. उन्होंने किसानों द्वारा परोसे गए भोजन और ग्रामीण संस्कृति की सादगी की सराहना करते हुए 'अन्नदाता की जय' का नारा लिखा. इस बीच, केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री और स्थानीय सांसद प्रह्लाद जोशी ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने धारवाड़ जिले के किसानों और एक पूर्व सैनिक के खेत में पहुंचकर उनसे संवाद करने के लिए केंद्रीय मंत्री शेखावत का आभार व्यक्त किया.
ये भी पढ़ें: पांचना बांध का 20 साल पुराना विवाद सुलझा, 7 दिन में छोड़ा जाएगा नहरों में पानी; लिफ्ट के लिए 50 करोड़ मंजूर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं