G20 Summit 2023 in Delhi Live Updates इस समिट में हिस्सा लेने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन आज शाम दिल्ली पहुंचे. बाइडन से पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री अल्बनीज, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति, इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत पहुंची थीं. बांग्लादेश को भारत की ओर से बतौर अतिथि G-20 में बुलाया गया है. G20 समिट का का मुख्य कार्यक्रम दिल्ली के प्रगति मैदान में बनाए गए भारत मंडपम में होगा. इसके अलावा अन्य कुछ कार्यक्रम अलग-अलग स्थलों पर होंगे. शनिवार को सुबह 9:30 बजे सभी देशों और शिष्टमंडलों के नेता भारत मंडपम में पहुंचेंगे.
पीएम नरेंद्र मोदी आयोजन स्थल पर सभी नेताओं का व्यक्तिगत रूप से स्वागत करेंगे. वहां 10:30 बजे से सम्मेलन का पहला सत्र शुरू होगा. इसके बाद द्विपक्षीय मुलाकातें होंगी और फिर सम्मेलन का दूसरा सत्र होगा. सम्मेलन स्थल पर ही रात्रि भोज होगा. रविवार को सुबह नेता गण राजघाट जाएंगे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. बाद में वे प्रगति मैदान में पौधरोपण करेंगे और फिर सम्मेलन का तीसरा सत्र होगा. इसके बाद सम्मेलन का समापन समारोह होगा.