दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने सोने में निवेश के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अभिनंदन ज्वेलर्स से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी मुकेश वर्मा, उसकी पत्नी, बेटे रिदम वर्मा और ओम प्रकाश वर्मा को गोवा के कैंडोलिम से गिरफ्तार किया है. आरोप है कि इन लोगों ने 26 से ज्यादा लोगों को सोने में निवेश करने पर निश्चित मुनाफे और सोना देने का भरोसा दिलाकर करीब 1 करोड़ 24 लाख रुपये की ठगी की. इसके बाद आरोपी अपना कारोबार बंद कर फरार हो गए थे.
मामले की शुरुआत रोहित ठुकराल नाम के एक पीड़ित की शिकायत से हुई. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि अभिनंदन ज्वेलर्स के संचालक मुकेश वर्मा और उसके परिवार के सदस्यों ने सोने की निवेश योजना के नाम पर उससे पैसे लिए. पीड़ित ने बताया कि उसने बैंक के जरिए करीब 14.70 लाख रुपये और 2.50 लाख रुपये नकद आरोपियों को दिए थे. आरोपियों ने तय समय के बाद सोना देने या निवेश की रकम के साथ अतिरिक्त मुनाफा लौटाने का वादा किया था.
आरोपियों ने कुल करीब 1.24 करोड़ रुपये जमा किए थे
जांच के दौरान पुलिस को इसी तरह की 25 और शिकायतें मिलीं, जिन्हें एक साथ जोड़कर जांच आगे बढ़ाई गई. सामने आया कि अलग-अलग निवेशकों से आरोपियों ने कुल करीब 1.24 करोड़ रुपये जमा किए थे. पुलिस के मुताबिक, मार्च 2025 में आरोपियों ने अचानक अपना कारोबार बंद कर दिया और अपने पुराने ठिकानों से गायब हो गए. निवेशकों को न तो उनका पैसा वापस मिला और न ही वादा किया गया सोना दिया गया.
इसके बाद दिल्ली के आर्थिक अपराध शाखा थाने में केस दर्ज किया गया. जांच में सामने आया कि मुकेश वर्मा इस पूरी फर्जी निवेश योजना का मुख्य संचालक था. वह लोगों को भरोसा दिलाकर बड़ी रकम निवेश करवाता था. जांच में उसकी पत्नी, बेटे रिदम वर्मा और ओम प्रकाश वर्मा की भी इस पूरे मामले में सक्रिय भूमिका सामने आई.
बार-बार नोटिस के बावजूद सहयोग नहीं किया
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जांच में शामिल होने से बचने के लिए बार-बार नोटिस के बावजूद सहयोग नहीं किया और अपने ठिकाने बदलते रहे. इसके बाद कोर्ट की प्रक्रिया के तहत सभी चार आरोपियों को भगोड़ा घोषित कर दिया गया. रोहिणी कोर्ट के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट ने 9 अप्रैल 2026 को सभी आरोपियों को घोषित अपराधी घोषित किया था. इसके बाद EOW की टीम ने तकनीकी निगरानी, स्थानीय खुफिया जानकारी और लगातार जांच के आधार पर आरोपियों की लोकेशन गोवा के कैंडोलिम में ट्रेस की. पुलिस टीम ने 13 जून 2026 को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को गोवा की अदालत में पेश किया गया, जहां से दिल्ली लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड हासिल किया गया. अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर निवेशकों के पैसे के इस्तेमाल, फंड डायवर्जन और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुख्य आरोपी मुकेश वर्मा की उम्र 53 साल है और वह अभिनंदन ज्वेलर्स से जुड़ा हुआ था. उसकी पत्नी की उम्र 52 साल, बेटे रिदम वर्मा की उम्र 25 साल बताई गई है. ओम प्रकाश वर्मा भी इस मामले में आरोपी है. EOW का कहना है कि इस तरह की निवेश योजनाओं में लोगों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाले नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें : लश्कर-ए-तैयबा के नार्को-टेरर मॉड्यूल पर शिकंजा; अमृतसर में NIA ने जब्त की बड़ी संपत्ति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं