विज्ञापन
This Article is From Oct 29, 2021

'पूरे देश से माफी मांगें पूर्व CAG विनोद राय', 2G स्पेक्ट्रम में यू-टर्न लेने पर बोले कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा

2014 में पूर्व सीएजी ने अपनी किताब में आरोप लगाए थे और मीडिया को दिए साक्षात्कारों में इसे दोहराया था, जिसके बाद निरुपम ने राय के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था. पटियाला हाउस में मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत ने राय की माफी स्वीकार करते हुए निरुपम का बयान दर्ज कर मामले का निपटारा कर दिया है.

'पूरे देश से माफी मांगें पूर्व CAG विनोद राय', 2G स्पेक्ट्रम में यू-टर्न लेने पर बोले कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा
पूर्व सीएजी विनोद राय ने गलत आरोप लगाने पर कांग्रेस नेता संजय निरुपम से माफी मांग ली है. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली:

पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) विनोद राय (Vinod Rai)  ने 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले में सीएजी रिपोर्ट में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का नाम शामिल न करने के लिए दबाव बनाने वालों में कांग्रेस नेता संजय निरुपम के नाम के उल्लेख पर बिना शर्त उनसे माफी मांग ली है. राय ने अपनी किताब में निरुपम के नाम का उल्लेख उन सांसदों के साथ किया था, जिन्होंने कैग की रिपोर्ट में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का नाम नहीं लेने के लिए उन पर कथित तौर पर दबाव डाला था.

इस बीच, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पूर्व सीएजी विनोद राय से देशवासियों से माफी मांगने को कहा है. उन्होंने कहा, 'हम मांग करते हैं कि पूर्व CAG विनोद राय पूरे देश से माफी मांगें.' उन्होंने कहा कि 2जी मामले में गंभीर आपराधिक षडयंत्र रचा गया था, उससे अब पर्दा उठ रहा है . उन्होंने कहा कि विनोद राय मुख्य षड्यंत्रकारी थे. वो कठपुतली थे अब  उन्होंने स्वीकार किया है कि मैंने इस मामले में झूठ बोला था.

2014 में पूर्व सीएजी ने अपनी किताब में आरोप लगाए थे और मीडिया को दिए साक्षात्कारों में इसे दोहराया था, जिसके बाद निरुपम ने राय के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था. पटियाला हाउस में मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत ने राय की माफी स्वीकार करते हुए निरुपम का बयान दर्ज कर मामले का निपटारा कर दिया है.

उज्जवला योजना के गैस सिलिंडर की एक माह में 41 बार तक रिफिलिंग! सीएजी की ऑडिट रिपोर्ट से उठे सवाल

निरुपम के वकील आर के हांडू ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘विनोद राय को मामले में बरी कर दिया गया है. चूंकि निरुपम ने उनकी माफी स्वीकार कर ली है, इसलिए उनका बयान दर्ज करने के बाद मामले का निपटारा कर दिया गया है.''

पूर्व सीएजी ने अदालत में दायर एक हलफनामे में कहा है कि उन्होंने अनजाने में और गलत तरीके से निरुपम के नाम का पहले उल्लेख किया है. उन्होंने अपने हलफनामे में कहा, ‘‘मैंने अनजाने में और गलत तरीके से संजय निरुपम के नाम का उल्लेख उन सांसदों में से एक के रूप में किया था जिन्होंने लोकलेखा समिति (पीएसी) की बैठकों में या संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की बैठकों से इतर, 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन पर कैग की रिपोर्ट से तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का नाम बाहर रखने के लिए दबाव डाला था.''

पूर्व सीएजी ने यह भी कहा है कि निरुपम के खिलाफ उनके द्वारा दिए गए बयान तथ्यात्मक रूप से गलत हैं. राय ने अदालत में दायर अपने हलफनामे में कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि मेरे बयान से संजय निरुपम, उनके परिवार और उनके शुभचिंतकों को ठेस पहुंची है और मैं इसके लिए बिना शर्त माफी मांगना चाहता हूं. मुझे उम्मीद है कि संजय निरुपम मेरी बिना शर्त माफी पर विचार करेंगे और स्वीकार करेंगे और इस मुद्दे को बंद कर देंगे.''

निरुपम ने बाद में कहा कि राय को 2जी स्पेक्ट्रम और कोयला ब्लॉक आवंटन पर कैग की रपटों को लेकर देश से माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों ‘‘फर्जी'' थीं. उन्होंने बाद में संवाददाताओं से कहा, ‘‘विनोद राय को इन फर्जी खबरों के लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए.''

उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि उनके रुख को सही ठहराया गया और पूर्व सीएजी ने उनके खिलाफ किए गए अपने गलत दावों के लिए माफी मांगी. कांग्रेस महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सच्चाई सामने आ गयी है. उन्होंने कहा, ‘‘इस हलफनामे से डॉ. मनमोहन सिंह और कांग्रेस-नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन को अपमानित करने के लिए स्पष्ट झूठ का पर्दाफाश होता है.''

सुरजेवाला ने ट्वीट के जरिये सवाल किया, ''संजय निरुपम को उनकी दृढ़ता के लिए बधाई. क्या न्यूज चैनलों को भी माफी नहीं मांगनी चाहिए? क्या विनोद राय को अब सार्वजनिक पद से इस्तीफा नहीं देना चाहिए?'' निरुपम ने अपनी किताब और उसके बाद के साक्षात्कारों में राय के आरोपों का कड़ा विरोध किया था और 2014 में दिल्ली की अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया था.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
EX CAG Vinod Rai, 2G Spectrum Allocation Case, Sanjay Nirupam Congress, EX CAG Vinod Rai Apologises
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com