- मैनपुरी में छापेमारी के दौरान टीम को सड़ी-फफूंद लगी मिठाइयां मिली थीं
- हरदोई में मिलावटी रसगुल्ले की फैक्ट्री पर छापा मारकर 1.25 क्विंटल माल नष्ट कराया गया
- बरेली में लगभग 490 किलोग्राम मिठाइयां और 275 किलोग्राम खराब पनीर नष्ट कर किया गया
नई दिल्ली: रक्षाबंधन से पहले देश के अलग-अलग हिस्सों में खाद्य विभाग लगातार छापेमारी कर रहा है. उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी छापेमारी की गई, जहां पर भारी मात्रा में खराब खाद्य सामग्री पकड़ी गई है. गाजियाबाद, मथुरा से लेकर मैनपुरी और हरदोई जिले में खाद्य विभाग ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए सड़ी-फफूंद लगी मिठाइयों समेत बड़ी मात्रा में खराब खाद्य सामग्री नष्ट कराई, मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त करने के साथ अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठानों को बंद कराने की कार्रवाई की है. गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीमनगर में खाद्य विभाग की टीम ने सचिन छेना स्टोर पर छापेमारी कर करीब 10 क्विंटल छेना रसगुल्ला नष्ट कराया था.
गाजियाबाद में खाद्य विभाग के अधिकारी सुरेश कुमार मिश्रा ने कहा, "खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. अब तक हम छेना और पनीर समेत कई खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई कर रहे हैं. हमें शिकायत मिली थी कि इस परिसर में बड़ी मात्रा में छेना रसगुल्ला तैयार किया जा रहा है."
उन्होंने बताया कि टीम ने मौके से रसगुल्ला, अरारोट, पनीर और सेफोलाइट के चार नमूने लिए हैं. सेफोलाइट में सोडियम फॉर्मेल्डिहाइड सल्फोक्सिलेट नाम के केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो ब्लीचिंग और प्रिजर्वेटिव के तौर पर काम करता है.
स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है सेफोलाइट केमिकल
बता दें कि सेफोलाइट केमिकल स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक होता है. इसके इस्तेमाल से किडनी फेल होने का खतरा रहता है. इस केमिकल की वजह से शरीर के अंदरूनी अंगों को नुकसान पहुंच सकता है.
मैनपुरी में मिली सड़ी-फफूंद लगी मिठाइयां
मैनपुरी में रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है. आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश और जिलाधिकारी मैनपुरी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. श्वेता सैनी के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक के नेतृत्व में टीम ने कई मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया.
करीमगंज के गुप्ता मिष्ठान भंडार से खोया का नमूना लिया गया. जांच के दौरान करीब 10 किलो दूषित बर्फी, 5 किलो फफूंद लगे लड्डू, 4 पैकेट एक्सपायर्ड दही और 20 किलो खराब सूजी समेत करीब 5 हजार रुपये की खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई. बालाजी मिष्ठान भंडार से भी खोया का नमूना लिया गया. दुकान संचालक को एग्जॉस्ट फैन लगवाने और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए.
कुरावली जीटी रोड स्थित श्रीमहावीर मिष्ठान भंडार एवं नमकीन के निरीक्षण में अत्यधिक गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का भंडारण पाया गया. टीम ने रंगीन छेना रसगुल्ला का नमूना लिया और करीब एक क्विंटल खराब मिठाई, जिसकी अनुमानित कीमत 25,500 रुपये बताई गई, नष्ट कराई. साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने तक प्रतिष्ठान को बंद रखने के निर्देश दिए गए.
हरदोई में मिलावटी रसगुल्ले की फैक्ट्री पर छापा, 1.25 क्विंटल माल नष्ट
हरदोई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विकास नगर और संडीला क्षेत्र में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की. विकास नगर में आरा मशीन के पास बिना लाइसेंस संचालित रसगुल्ला निर्माण इकाई पर कारोबारी उदय भान द्वारा कथित रूप से मिलावटी रसगुल्ले तैयार किए जा रहे थे. जांच के दौरान मौके पर बिक्री के लिए रखा करीब 1.25 क्विंटल रसगुल्ला और करीब एक क्विंटल छेना मिला. फैक्ट्री में सूजी, डालडा, रिफाइंड तेल और मिल्क पाउडर भी बरामद किया गया.
टीम ने रसगुल्ले के दो और छेना का एक नमूना जांच के लिए लिया. इसके बाद मौके पर रखे करीब 1.25 क्विंटल रसगुल्ले और एक क्विंटल छेना को नष्ट कराया गया. फैक्ट्री में बेहद गंदे और अस्वास्थ्यकर माहौल में खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे. वैलिड फूड लाइसेंस भी नहीं मिला. खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत परिसर को बंद करा दिया गया.
वहीं संडीला के सिरौली कासिमपुर में खोया निर्माण इकाई पर कार्रवाई करते हुए कारोबारी राजेश कुमार के परिसर से खोया के दो और दूध का एक नमूना लिया गया. मौके पर करीब 100 किलोग्राम खराब दूध नष्ट कराया गया. बिना लाइसेंस कारोबार मिलने पर लाइसेंस प्राप्त होने तक प्रतिष्ठान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी.
गाजियाबाद में 10 क्विंटल और नोएडा में 100 किलो रसगुल्ला नष्ट
गाजियाबाद में क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीमनगर में खाद्य विभाग की टीम ने सचिन छेना स्टोर पर छापेमारी कर करीब 10 क्विंटल छेना रसगुल्ला नष्ट कराया. अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया इसकी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई. इसके बाद टीम ने करीब 10 क्विंटल रसगुल्ला नष्ट करा दिया, ताकि इसे बाजार में बेचने के लिए भेजा न जा सके.
वहीं, नोएडा में भी खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की. सरफाबाद सेक्टर-72 स्थित रसगुल्ला निर्माणशाला में छापा मारा गया, जहां दूषित रसगुल्लों पर मक्खी-मच्छर पाए गए. करीब 100 किलो रसगुल्ले नष्ट कराए गए. टीम ने कुल 7 खाद्य पदार्थों के नमूने भेजे, जेवर टोल प्लाजा पर पनीर के 3 नमूने, सेक्टर-134 में घेवर और इकोटेक-2 में खोया-घेवर के नमूने लिए.
बरेली में 490 किलोग्राम मिठाई, 275 किलोग्राम खराब पनीर नष्ट किया गया
बरेली में लगभग 490 किलोग्राम मिठाइयां और 275 किलोग्राम खराब पनीर नष्ट कर किया गया. अधिकारियों के अनुसार, बरेली में नष्ट की गई मिठाइयों की कुल मात्रा लगभग 490 किलोग्राम थी, जिनकी अनुमानित कीमत 1.70 लाख रुपये थी.
यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन से पहले केमिकल वाले रसगुल्ले ! गाजियाबाद में 10 क्विंटल 'मीठा जहर' नष्ट; खाद्य विभाग को मिली गंदगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं