विज्ञापन

क्या भारत ने पानी छोड़कर पाकिस्तान में ला दी बाढ़? विदेश मंत्रालय ने बताया जल स्तर इतना कैसे बढ़ा

पाकिस्तान के आरोपों का विदेश मंत्रालय ने खंडन किया है. रणधीर जायसवाल ने कहा कि ऐसा मॉनसून की बारिश के कारण हुआ है.

क्या भारत ने पानी छोड़कर पाकिस्तान में ला दी बाढ़? विदेश मंत्रालय ने बताया जल स्तर इतना कैसे बढ़ा
नई दिल्ली:

क्या भारत ने चेनाब नदी में अचानक इतना पानी छोड़ दिया है कि पाकिस्तान के लाहौर शहर और आसपास के इलाकों में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं? पाकिस्तान की ओर से ऐसे आरोप लगे थे, जिसका जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय ने पूरी सच्चाई बताई है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'पाकिस्तानी मीडिया का यह आरोप कि भारत जानबूझकर पानी छोड़ कर बाढ़ की स्तिथि उत्पन्न कर रहा है, पूरी तरह से निराधार है.' उन्होंने कहा कि 20 से 23 जुलाई के दौरान चेनाब नदी के बहाव में इजाफा हुआ है. इसका कारण कुछ और नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों में मॉनसून की तीव्र वर्षा है. 

जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान के अपने बाढ़ पूर्वानुमान डिविजन ने 22 जुलाई को जारी अपनी बाढ़ चेतावनी में भी यही कारण बताया था. पाकिस्तानी मौसम विभाग का कहना था कि चेनाब नदी में पानी के ऊंचे स्तर और बाढ़ जैसे हालात पैदा होने का कारण ऊपरी इलाके में भारी बारिश है. इसमें यह भी कहा गया था कि मराला में पानी का तेज बहाव बना रहेगा और बारिश कम होने पर यह धीरे-धीरे घटेगा. उन्होंने कहा कि यह तो एक प्राकृतिक स्थिति ही है. इसमें किसी तरह की समस्या ही नहीं है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि नदी के बहाव में यह वृद्धि भारी मॉनसूनी बारिश की एक प्राकृतिक प्रतिक्रिया है.

उन्होंने कहा कि इसमें भारत की ओर से उठाया गया कोई कदम जिम्मेदार नहीं है. जायसवाल ने कहा कि मौसम की वजह से आई बाढ़ की इस घटना को ऊपरी क्षेत्र से की गई छेड़छाड़ के रूप में पेश करने की कोशिशें गलत और तकनीकी रूप से आधारहीन हैं. यह पाकिस्तान की अपनी आधिकारिक बाढ़ चेतावनियों के भी खिलाफ है. उन्हों ने कहा कि जहां तक बाढ़ की चेतावनी न देने के आरोपों का सवाल है. इस दौरान नदी का बहाव ऐसे असाधारण स्तर तक नहीं पहुंचा था. इसके लिए कोई विशेष चेतावनी जारी करने की जरूरत पड़े.

पानी का यह बहाव ऊपरी जल क्षेत्रों में मौजूद मॉनसूनी हालात के बिल्कुल अनुरूप था, जिसे पाकिस्तान के अपने बाढ़ पूर्वानुमान अधिकारियों ने भी माना है. इसलिए यह कहना कि भारत ने जानबूझकर बाढ़ से जुड़ी जानकारी छिपाई, पूरी तरह से निराधार है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के आरोपों के बावजूद पिछले साल की तरह भारत मानवीय आधार पर कूटनीतिक चैनल से पाकिस्तान के साथ बाढ़ के आंकड़े साझा करता रहेगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan News, Pakistan News In Hindi, India News, India News In Hindi, World News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com