- कर्नाटक के मुथाथी के पास कावेरी नदी में फोटो खींचते समय एक ही परिवार के पांच लोग बह गए
- मृतकों की पहचान चैत्रा, प्रियंका, श्वेता, विजयम्मा और महेश के रूप में हुई, जो चन्नापटना के निवासी थे
- परिवार मुथाथिराया मंदिर दर्शन के बाद नदी किनारे फोटो लेने के लिए पानी में घुसा था, तभी तेज लहरें आईं
फोटो के शौक ने एक ही परिवार के पांच लोगों की जान ले ली. मामला कर्नाटक का है. कावेरी नदी में फोटो खींचते समय एक ही परिवार के पांच लोगों को तेज लहरें बहा ले गईं. जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई. दिल दहलादेने वाली ये घटना बुधवार शाम को मशहूर टूरिस्ट स्पॉट मुथाथी के पास हुई. पूरा परिवार फेमस मुथाथिराया मंदिर में दर्शन के लिए गया था.
नदी में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
पूजा करने के बाद वे लोग नदी के किनारे पहुंचे. शाम करीब 5 बजे वे फोटो खींचने के लिए पानी में घुसे, तभी एकदम से तेज लहरें उनको बहा ले गईं. शाम को सभी पांच लोगों के शव बरामद कर लिए गए. मरने वालों की पहचान 20 साल की चैत्रा, 28 साल की प्रियंका, 38 साल की श्वेता, 50 साल की विजयम्मा और महेश के तौर पर हुई है. ये सभी लोग चन्नापटना तालुक के ब्यादाराहल्ली के रहने वाले थे.

रेस्क्यू ऑपरेशन में मिले शव
घटना की जानकारी मिलते ही हलगुरु पुलिस ने फायर और इमरजेंसी सर्विस की टीमों के साथ तुरंत मौके पर पहुंच रेक्स्यू ऑपरेशन शुरू किया. मांड्या की पुलिस अधीक्षक डॉ. वीजे. शोभारानी भी घटनास्थल पर पहुंचीं. उन्होंने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मांड्या इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (MIMS) भेज दिया गया है. हलगुरु पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की जांच चल रही है.
फोटो के चक्कर में खत्म हुआ परिवार
फोटो के शौक ने एक ही परिवार के पांच लोगों की जान ले ली. ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जब सेल्फी लेने के चक्कर में शख्स पानी की लहरों में बह गया. इस तरह के मामलों से कोई सबक न लेते हुए कर्नाटक के परिवार की जान भी फोटो के ही चक्कर में चली गई. इस घटना से इलाके में मातम पसर गया है.
ये भी पढ़ें-'पापा मैं जा रही हूं...' दिल्ली में ससुरालवालों से दुखी 24 साल की टीना ने वीडियो बनाकर लगाई फांसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं