दिल्ली : पूर्व विधायक भरत सिंह की हत्या के मामले में पांच गिरफ्तार

नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस ने नजफगढ़ के पूर्व एमएलए भरत सिंह की हत्या के मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर केस को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने शनिवार की शाम अलीपुर से उदयवीर उर्फ काले, सुनील प्रधान, सूबे प्रधान को गिरफ्तार किया और फिर इनकी निशानदेही पर बवाना इलाके से मोनू को गिरफ्तार किया।

इन चारों के अलावा क्राइम ब्रांच की एक दूसरी टीम ने उदयवीर के पर्सनल गार्ड और पंजाब पुलिस के पूर्व एएसआई रमन गुरंग को साजिश में शामिल होने के शक में गिरफ्तार कर लिया। उदयवीर के एक और सुरक्षाकर्मी एवं दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल ने वारदात के बाद आत्महत्या की कोशिश की है। उस पर भी इस वारदात में शामिल होने का शक है।

पुलिस के मुताबिक, हत्या का मास्टरमाइंड उदयवीर और उसकी भतीजा हेमंत है और वजह है सालों से चली आ रही दुश्मनी।

क्राइम ब्रांच के ज्वाइंट कमिश्नर रविंद्र यादव ने बताया कि साल 2002 में किशनपहलवान ने उदयवीर के पिता, चाचा और भाई की हत्या कर दी थी। साल 2009 में भरत सिंह और उदयवीर के बीच एक संपत्ति को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उदयवीर ने चुनाव के दौरान भरत सिंह की मुखालफत की।

उन्होंने बताया कि इससे पहले साल 2012 में भी उदयवीर ने अपने सात साथियों के साथ मिलकर भरत सिंह पर जानलेवा हमला किया था, लेकिन तब वह इस हमले में बच गया।

पुलिस ने वारदात की तफशील से जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में उदयवीर के भतीजे हेमंत ने भरत सिंह के कत्ल के लिए हथियारों का इंतजाम किया और उदयवीर, रवि, मोनू, सुनील प्रधान, सूबे पहलवान, देवा के साथ साजिश रची। घटना वाले दिन पहले नितिन और रवि पल्सर बाइक पर अभिनंदन वाटिका पहुंचे और फोन पर अपने साथियों को भरत सिंह की मौजूदगी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बाकी हमलावर स्कॉर्पियो से पहुंचे और दनादन फायरिंग की। वारदात के बाद सभी आरोपी ढिंचाऊ कला गांव में मंजीत महल के घर रुके। उदयवीर, यूपी के गैंगस्टर मुन्ना बजरंगी से संपर्क में था, हांलांकि इस मामले को लेकर मुन्ना बजरंगी की भूमिका की जांच चल रही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में चार बदमाशों को भी गोली लगी है, उनकी तलाश जारी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो कत्ल के एवज में सभी शार्प शूटरों 20-20 लाख रुपये देने की बात भी हुई थी। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से एक कार्बाइन और दो पिस्टल बरामद की हैं।