विज्ञापन

पहले रेप, फिर ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन का दबाव... बुराड़ी की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की आपबीती

शाकिब जरदारी ने पहले सनी बनकर दिल्‍ली के बुराड़ी की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से ऑनलाइन दोस्‍ती की, फिर रील शूट करने के बहाने उसे एक होटल में बुलाकर रेप किया. इसके बाद ब्‍लैकमेल कर कई बार उसके साथ दुष्‍कर्म किया. साथ ही धर्म परिवर्तन करने का भी दबाव बनाया. पुलिस ने इस शख्‍स को गिरफ्तार कर लिया है.

पहले रेप, फिर ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन का दबाव... बुराड़ी की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की आपबीती
पहले रेप, फिर ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन का दबाव... बुराड़ी की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की आपबीती
नई दिल्‍ली:

दिल्ली के बुराड़ी इलाके से एक महिला सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के साथ कथित रेप, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन के दबाव का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर बुराड़ी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने पहले उसे सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया और फिर मिलने के बहाने बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इसके बाद आरोपी ने आपत्तिजनक वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल किया और कई बार उसका शोषण किया.

आपत्तिजनक वीडियो बना किया ब्‍लैकमेल 

पुलिस शिकायत के मुताबिक, 36 वर्षीय पीड़िता अपने पति और 15 साल की बेटी के साथ बुराड़ी इलाके में रहती है. वह सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर पोस्ट करती है. साल 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान सन्नी नाम के एक व्यक्ति से हुई. पीड़िता ने बताया कि सितंबर 2022 में सनी उससे मिलने के लिए बुराड़ी आया. उसने रील शूट करने के बहाने उसे एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ कथित तौर पर रेप किया गया. बाद में आरोपी ने वीडियो और अन्य चीजों का डर दिखाकर उसे धमकाना शुरू कर दिया.

सनी निकला शाकिब जरदारी 
 

पीड़िता के अनुसार, बाद में उसे पता चला कि आरोपी का असली नाम शाकिब जरदारी है और वह अमरोहा का रहने वाला है. इसके बाद उसने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी. आरोप है कि जब पीड़िता ने शाकिब से संपर्क खत्म करने की कोशिश की, तो उसके भाई अफरोज और जीजा उस्मान ने उसे फोन करना शुरू कर दिया. दोनों ने कथित तौर पर पीड़िता को उसके पति के मोबाइल पर वीडियो भेजकर बदनाम करने की धमकी दी.

मदरसे में बुलाया, धर्म परिवर्तन के लिए दिया पैसों का लालच 
 

पीड़िता का आरोप है कि उसे बुराड़ी स्थित एक मदरसे में बुलाया गया, जहां मौजूद एक हाफिज ने कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराने पर पैसे देने की बात कही. शिकायत में दावा किया गया है कि धर्म बदलने और परिवार के अन्य सदस्यों का धर्म परिवर्तन कराने पर बड़ी रकम देने का लालच दिया गया. पीड़िता ने बताया कि साल 2023 से आरोपी शाकिब, अफरोज और उस्मान उस पर बेटी समेत धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगे. परेशान होकर उसने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी.

ये भी पढ़ें :- अतिरिक्त कलेक्टर बनकर 60 लाख की ठगी! दिल्ली में फर्जी अफसर गिरफ्तार, कार-स्कूटी भी जब्त

पति के मोबाइल फोन पर भेजा पत्‍नी का आपत्तिजनक वीडियो 

शिकायत के मुताबिक, करीब तीन साल तक पीड़िता आरोपियों से दूर रही, लेकिन आरोपी लगातार उससे संपर्क करने और दबाव बनाने की कोशिश करते रहे. इस साल 5 मई को आरोपियों ने कथित तौर पर उसके पति के मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक पोस्ट भेज दी. इसके बाद विवाद बढ़ गया और पीड़िता को उसके पति ने घर से निकाल दिया. जिसके बाद उसने पुलिस मुख्यालय में 11 मई को शिकायत दी. फिलहाल बुराड़ी थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

ये भी पढ़ें :- द‍िल्‍ली में शराब के नशे में पिता ने पत्नी और बच्चों को बेरहमी से पीटा, दो साल के बेटे की मौत, आरोपी गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Burari, Crime News, Delhi Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com