- तमिलनाडु में विजय की पार्टी टीवीके को सरकार बनाने के लिए पांच पार्टियों का समर्थन प्राप्त हो गया है
- कांग्रेस, लेफ्ट पार्टियां, VCK और IUML ने विजय को विधानसभा में बहुमत के लिए समर्थन दिया है
- विजय के पास अब कुल 120 विधायकों का समर्थन है जो सरकार बनाने के लिए आवश्यक संख्या से अधिक है
तमिलनाडु में विजय की सरकार बनने जा रही है. विजय की पार्टी टीवीके को सरकार बनाने के लिए 5 पार्टियों ने समर्थन दे दिया है. कांग्रेस, लेफ्ट पार्टियों और VCK के बाद अब विजय को IUML का समर्थन भी मिल गया है. इसके साथ ही विजय ने तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 का आंकड़ा पार कर लिया है.
विजय के पास अब 120 विधायकों का समर्थन हो गया है. विजय की टीवीके के पास अपने 107 विधायक हैं. इनके अलावा, विजय के पास अब कांग्रेस के 5, CPI, CPI(M) और VCK के 2-2 यानी कुल 6 विधायक और हो गए हैं. IUML यानी मुस्लिम लीग के भी 2 विधायकों ने भी विजय को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है.
विजय के पास 120 विधायकों का समर्थन
इस तरह से विजय के पास अब टीवीके के 107+कांग्रेस के 5+CPI के 2+CPI(M) के 2+VCK के 2+IUML के 2= 120 विधायकों का समर्थन हो गया है.
तमिलनाडु विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है. लेकिन अब विजय के पास 120 विधायकों का समर्थन हो गया है.
तमिलनाडु में टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं, जिनमें से 2 विजय की हैं. विजय को एक सीट छोड़नी पड़ेगी. ऐसे में विधानसभा में कुल विधायकों की संख्या 233 और बहुमत का आंकड़ा 117 हो जाएगा. लिहाजा विधानसभा में विजय आसानी से विश्वास मत हासिल कर लेंगे.
यह भी पढ़ेंः तमिलनाडु में थलापति विजय की TVK ने बदला सियासी गणित, युवाओं की बनी पहली पसंद, आंकड़ों से समझिए इसकी वजह
तमिलनाडु में अब बनेगी विजय की सरकार
इसके साथ ही तमिलनाडु में अब विजय की सरकार बन जाएगी. चुनाव नतीजे आने के बाद 6 मई को विजय ने लोक भवन जाकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था. हालांकि, राज्यपाल विजय के बहुमत के दावे से संतुष्ट नहीं थे.
विजय ने जब पहली बार राज्यपाल से मुलाकात की थी, तब उन्होंने 112 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा था. इसके बाद विजय को शुक्रवार को CPI और CPI(M) ने समर्थन का ऐलान किया. अब शनिवार को VCK और IUML ने भी विजय को समर्थन देने का ऐलान कर दिया.
यह भी पढ़ेंः TVK की एक चूक से अटका सत्ता का दावा, ‘गलत सलाह' पर बनी विजय की रणनीति ने ही बिगाड़ दिया सारा खेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं