विज्ञापन
This Article is From Sep 03, 2020

जिस BJP MLA का नाम रिपोर्ट में आने के बाद उठा था 'FB-बीजेपी लिंक' विवाद, उसे फेसबुक ने किया बैन

फेसबुक की ओर से बीजेपी विधायक पर कार्रवाई ऐसे समय की गई है जब नफरत फैलाने वाली सामग्री के प्रबंधन को लेकर उसे भारत में काफी राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है. 

जिस BJP MLA का नाम रिपोर्ट में आने के बाद उठा था 'FB-बीजेपी लिंक' विवाद, उसे फेसबुक ने किया बैन
फेसबुक ने बीजेपी विधायक को किया बैन
  • हेट स्पीच विवाद के बीच फेसबुक की कार्रवाई
  • फेसबुक ने बीजेपी विधायक को किया बैन
  • फेसबुक की नीतियों का उल्लंघन करने पर लगा प्रतिबंध
नई दिल्ली:

हेट स्पीच (Hate Speech) मामले में बीजेपी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने के आरोपों के बीच फेसबुक (Facebook) ने बीजेपी विधायक पर कड़ी कार्रवाई की है. फेसबुक ने तेलंगाना से बीजेपी विधायक टी राजा सिंह (T Raja Singh) को अपने प्लेटफॉर्म से बैन कर दिया है. नफरत और हिंसा को बढ़ावा देने वाली सामग्री को लेकर फेसबुक की नीति का उल्लंघन करने पर बीजेपी नेता को बैन किया गया है. फेसबुक के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी. 

फेसबुक के एक प्रवक्ता ने ई-मेल के जरिए भेजे बयान में कहा, "हमारे प्लेटफॉर्म पर हिंसा और नफरत को बढ़ावा देने से रोकने के लिए जो नीतियां बनाई गई हैं, उनका उल्लंघन करने पर हमने राजा सिंह को फेसबुक से प्रतिबंधित कर दिया है. उन्होंने कहा कि संभावित उल्लंघनकर्ता का पता लगाने और उनका मूल्यांकन करने की प्रक्रिया "व्यापक है और इसी के तहत फेसबुक ने उनके अकाउंट को हटाने का फैसला किया है. 

फेसबुक की ओर से बीजेपी विधायक पर कार्रवाई ऐसे समय की गई है जब नफरत फैलाने वाली सामग्री के प्रबंधन को लेकर उसे भारत में काफी राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है. 

फेसबुक के अधिकारी बुधवार को सूचना प्रौद्योगिकी मामलों पर संसद की स्थायी समिति के समक्ष पेश हुए. इस दौरान, अधिकारियों ने नफरत फैलाने पोस्ट को लेकर राजनीतिक रूप से पक्षपात करने के आरोपों से जुड़े सवालों का सामना किया. इस समिति के अध्यक्ष कांग्रेस सांसद शशि थरूर हैं.  

बता दें कि विधायक टी राजा सिंह ने पिछले महीने ट्विटर पर वीडियो में दावा किया था कि उनका कोई आधिकारिक फेसबुक पेज नहीं है. उन्होंने कहा, "मुझे पता चला है कि फेसबुक पेज मेरे नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं. मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मेरा कोई आधिकारिक पेज नहीं है. मैं किसी भी पोस्ट के लिए जिम्मेदार नहीं हूं." 

सिंह ने सांप्रदायिक पोस्ट से जुड़ी बातों को भी खारिज कर दिया था और दावा किया था कि उनका आधिकारिक फेसबुक अकाउंट 2018 में "हैक और ब्लॉक हो गया था."

अमेरिकी अखबार 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' ने फेसबुक पर अपनी रिपोर्ट में अज्ञात अंदरूनी लोगों के हवाले से कहा था कि फेसबुक इंडिया की वरिष्ठ अधिकारी अंखी दास ने एक आंतरिक संदेश में राजा सिंह पर स्थायी रूप से बैन लगाने को रोका था. रिपोर्ट में कहा गया था कि इससे भारत में कंपनी के "कारोबार" पर असर पड़ेगा.      

वीडियो: फेसबुक विवाद पर राजनीति तेज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hate Speech Row Over Facebook, Facebook Ban BJP MLA
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com