- बेंगलुरु में PM मोदी के काफिले के रूट के पास विस्फोटक सामग्री मिलने के मामले में जांच तेज हो गई है
- पुलिस को एक कार्डबोर्ड बॉक्स मिला था जिसमें जिलेटिन छड़ें, बैटरी, तार और सर्किट जैसी सामग्री बरामद हुई थी
- बरामद सामग्री तुरंत विस्फोट करने वाली सक्रिय आईईडी नहीं थी लेकिन संभावित खतरे की जांच जारी है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बेंगलुरु दौरे के दौरान उनके काफिले के रूट के पास विस्फोटक सामग्री मिलने के मामले में जांच तेज हो गई है. शुरुआती जांच में अब कुछ नए खुलासे सामने आए हैं, जिनके बाद सुरक्षा एजेंसियां संभावित IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) एंगल की भी जांच कर रही हैं. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को रूट सैनिटाइजेशन के दौरान एक कार्डबोर्ड बॉक्स मिला था, जिसमें जिलेटिन की छड़ें बरामद हुई थीं. अब जांच में यह भी सामने आया है कि उसी बॉक्स में बैटरी, तार और सर्किट जैसी सामग्री भी मौजूद थी.
PM मोदी के कार्यक्रम को बाधित करना या दहशत फैलाना?
जांच एजेंसियों के शीर्ष सूत्रों का कहना है कि बरामद सेटअप तत्काल विस्फोट करने की स्थिति में नहीं था और वह पूरी तरह एक्टिव IED नहीं माना जा सकता. इसके बावजूद, पुलिस इस आशंका की जांच कर रही है कि कहीं इसका मकसद प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को बाधित करना या दहशत फैलाना तो नहीं था?
पुलिस को आया था धमकी भरा फोन कॉल
प्रधानमंत्री मोदी बेंगलुरु में आर्ट ऑफ लिविंग (Art of Living Foundation) की 45वीं वर्षगांठ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. यह कार्यक्रम श्री श्री रविशंकर के आश्रम में कनकपुरा रोड के पास आयोजित किया गया था. इसी दिन कोरमंगला पुलिस स्टेशन को एक धमकी भरा कॉल भी आया था. कॉल करने वाले ने कथित तौर पर दावा किया था कि HAL एयरपोर्ट और आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम के पास धमाके किए जाएंगे. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत आरोपी को ट्रेस कर हिरासत में ले लिया और दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई.
बॉक्स में जिलेटिन स्टिक के अलावा थी ये चीजें
धमकी भरा फोन कॉल आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी के काफिले के रूट की जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध बॉक्स मिला, जिसमें जिलेटिन स्टिक और कथित सर्किट सामग्री बरामद हुई. सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने धमकी देने वाले व्यक्ति के घर की भी तलाशी ली है, लेकिन अब तक उसके और बरामद विस्फोटक सामग्री के बीच कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं हो पाया है.
ये भी पढ़ें :- विकसित भारत के लिए समाज की भागीदारी जरूरी... ‘आर्ट ऑफ लिविंग' के कार्यक्रम में बोले पीएम मोदी
फिलहाल मामले की जांच कर्नाटक पुलिस कर रही है, जबकि एनआईए भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है. अधिकारियों ने अभी तक किसी बड़े आतंकी साजिश की पुष्टि नहीं की है. मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल कर रही हैं.
ये भी पढ़ें :- बेंगलुरु में PM मोदी के कार्यक्रम से पहले फुटपाथ पर मिली जिलेटिन की छड़ें, विस्फोटक बनाने में होता है इस्तेमाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं