यह ख़बर 07 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

कांग्रेस के टिकट पर तो नरेंद्र मोदी भी लोकसभा चुनाव हार जाते : संजय निरूपम

फाइल फोटो

मुंबई:

कांग्रेस सचिव संजय निरूपम ने शनिवार को कहा कि यदि नरेंद्र मोदी कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ते, तो वह भी बुरी तरह हार जाते। उनके इस बयान से कांग्रेस में विवाद पैदा हो सकता है। मुम्बई उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव हार जाने वाले निरूपम ने कहा कि जनकल्याण के लिए कांग्रेस द्वारा लिए गए कई निर्णयों के बावजूद उसकी अगुवाई वाले संप्रग के खिलाफ भयंकर सत्ताविरोधी लहर प्रभावी रही।

उन्होंने कहा, 'हम दस साल से सरकार में थे और कई कारकों से कांग्रेस के खिलाफ लोगों में गुस्सा था।' उन्होंने कहा, 'कांग्रेस के विरुद्ध ऐसी प्रबल भावना थी कि यदि नरेंद्र मोदी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ते तो वह भी बुरी तरह हार जाते।' हालांकि निरूपम ने इस बात पर बल दिया कि लोकसभा चुनाव जैसे नतीजे महाराष्ट्र जैसे राज्य में फिर नहीं आएंगे जहां इस साल के आखिर तक विधानसभा चुनाव होने हैं।

हाल के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 282 सीटें जीती जबकि कांग्रेस 44 सीटों पर सिमट गई।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

निरूपम ने कहा, 'यह चुनाव भिन्न था। (संप्रग के) दस साल के दौरान कुछ ऐसे निर्णय लिए गए जिसके कारण लोगों में नाराजगी थी। महंगाई और भ्रष्टाचार भी मुद्दे थे जिसे भाजपा ने बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया। लेकिन हर चुनाव एक सीख होती है।'