विज्ञापन

74 साल की बुजुर्ग महिला, 73 दिन तक डिजिटल अरेस्ट और 24 करोड़ की ठगी... साइबर ठगों की पैंतरेबाजी हैरान कर देगी

कर्नाटक में एक बुजुर्ग महिला से 24 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. आरोपियों ने महिला को 'डिजिटल अरेस्ट' करके रखा था. मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

74 साल की बुजुर्ग महिला, 73 दिन तक डिजिटल अरेस्ट और 24 करोड़ की ठगी... साइबर ठगों की पैंतरेबाजी हैरान कर देगी
सांकेतिक तस्वीर.
  • बेंगलुरु की 74 वर्षीय महिला से साइबर अपराधियों ने 24 करोड़ रुपये की ठगी की
  • आरोपियों ने महिला को डिजिटल अरेस्ट में रखकर 26 बार अलग-अलग खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया
  • ICICI बैंक ने संदिग्ध लेनदेन को पहचानकर कर्नाटक साइबर कमांड यूनिट को सूचित किया
बेंगलुरु:

जैसे-जैसे टेक्नोलॉजी बढ़ रही है, वैसे-वैसे साइबर क्राइम भी बढ़ते जा रहे हैं. देशभर से लगातार 'डिजिटल अरेस्ट' के मामले सामने आते रहे हैं. अब ऐसा ही एक मामला कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से आया है, जहां कथित तौर पर 74 साल की एक बुजुर्ग महिला से 24 करोड़ रुपये की ठगी की गई. आरोपियों ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के अधिकारी बनकर महिला से ठगी की. महिला को 73 दिन तक 'डिजिटल अरेस्ट' में रखा गया था.

साइबर अपराधियों ने खुद को CBI और ED के अधिकारी के रूप में पेश किया और लक्ष्मी राममूर्ति को 'डिजिटल अरेस्ट' कर अपने जाल में फंसा लिया.

बुजुर्ग महिला को कैसे फंसाया?

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने बुजुर्ग महिला को यकीन दिलाया कि वह जांच के दायरे में है और उसे अपने ICICI बैंक खाते से बड़ी रकम ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया. 10 फरवरी से 24 अप्रैल के बीच, महिला ने कथित तौर पर 26 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए लगभग 24 करोड़ रुपये देश भर के 10 अलग-अलग बैंकों में फैले 23 बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए.

जांच में खुलासा हुआ कि जालसाज पीड़ित महिला से और भी ज्यादा पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहे थे. 24 अप्रैल को, महिला कथित तौर पर आरोपियों को और पैसे ट्रांसफर करने के लिए 3 करोड़ रुपये का गोल्ड लोन लेने वाली थी. 

हालांकि, ICICI बैंक के अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधि को भांप लिया और कर्नाटक साइबर कमांड यूनिट को सूचित किया. साइबर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ित को समझाया, जिससे जालसाजों को 3 करोड़ और ट्रांसफर होने से रोक लिया गया.

यह भी पढ़ेंः गुजरात के इन 13 साइबर ठगों ने ₹631 करोड़ की ठगी को दिया था अंजाम, शेल कंपनी बनाकर ऐसी की जाती थी ठगी

Latest and Breaking News on NDTV

फिर पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने एक मामला दर्ज किया और इंटर स्टेट साइबर फ्रॉड नेटवर्क की बड़े पैमाने पर जांच शुरू की. 

जांच के दौरान, साइबर कमांड यूनिट ने 'म्यूल' यानी बिचौलियों के खातों को ट्रैक किया, जहां रकम को भेजा और खपाया गया था. नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) की मदद से पुलिस ने इन खातों को भी फ्रीज कर दिया.

अधिकारियों ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान 4 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम फ्रीज कर दी गई, जबकि 1.46 करोड़ रुपये की अतिरिक्त रकम अदालत के आदेशों के जरिए बरामद की गई.

6 आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.

जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें- एन. शिवज्ञानम (इरोड, तमिलनाडु), अक्काच मलिक (मुंबई, महाराष्ट्र), पलक भाई पटेल (अहमदाबाद, गुजरात), अमित नरेंद्र पटेल (अहमदाबाद, गुजरात), ओम प्रकाश राजपूत (नई दिल्ली) और गौरव कुमार (बिहार) हैं.

कर्नाटक की साइबर कमांड यूनिट ने बताया कि इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों का पता लगाने और देशव्यापी साइबर धोखाधड़ी के इस ऑपरेशन के पीछे के मुख्य साजिशकर्ताओं की पहचान करने के लिए जांच जारी है.

यह भी पढ़ेंः तांत्रिक साइबर फ्रॉड: फर्जी लड़की बनकर 2000 से ज्यादा लोगों को ठगा, राजस्थान के दो युवक गिरफ्तार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cyber Crime, Cyber Fraud, Digital Arrest, Karnataka, Digital Arrest Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com