राम मंदिर में दान से जुड़े आरोपों को लेकर उठा विवाद एक बार फिर सार्वजनिक विमर्श में एक महत्वपूर्ण सवाल लेकर आया है: क्या धार्मिक संस्थानों को श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान के उपयोग के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए? हालांकि इन आरोपों की अंतिम पुष्टि होना बाकी है, लेकिन यह बहस अयोध्या तक सीमित नहीं रही. यह अब कक्षाओं, विश्वविद्यालय परिसरों की चर्चाओं तक पहुंच चुकी है, जहां वे दो ऐसे विचारों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं जिन्हें अक्सर एक-दूसरे से अलग नहीं माना जाता, आस्था और संस्थागत जवाबदेही.
इस बदलती सोच को समझने के लिए NDTV ने दिल्ली स्थित दिल्ली विश्वविद्यालय (DU), जामिया मिल्लिया इस्लामिया और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) का दौरा किया. इस दौरान अलग-अलग पृष्ठभूमी से आने वाले छात्रों से बातचीत की गई. उनके जवाब नई पीढ़ी की सोच को सामने लाते हैं, जो धार्मिक संस्थानों में वित्तीय कुप्रबंधन पर सवाल उठाने से नहीं हिचकती. कई छात्रों का कहना था कि जवाबदेही की मांग करना आस्था को कमजोर नहीं बल्कि और मजबूत करता है.इसके साथ ही उन्होंने यह भी आगाह किया कि तथ्यों के स्थापित होने से पहले मीडिया ट्रायल, राजनीतिक आख्यानों और सोशल मीडिया आधारित निष्कर्षों से बचना चाहिए.
क्या आस्था और धार्मिक संस्थानों के प्रबंधन में अंतर है
इन बातचीतों से जो सबसे प्रमुख बात सामने आई, वह थी आस्था और धार्मिक संस्थानों का प्रबंधन करने वाले लोगों के बीच स्पष्ट अंतर.
JNU में बीए (ऑनर्स) स्पेनिश के द्वितीय वर्ष के छात्र शाश्वत सिंह का मानना है कि इन दोनों को कभी भी एक नहीं समझना चाहिए. उन्होंने कहा, ''आस्था पूरी तरह व्यक्तिगत होती है. किसी व्यक्ति का भगवान पर विश्वास किसी संस्थान का प्रबंधन करने वाले लोगों के कार्यों पर निर्भर नहीं होना चाहिए.'' उन्होंने आगे कहा, ''सच्ची श्रद्धा अंधविश्वास नहीं होती. इसका अर्थ यह भी है कि जहां ईमानदारी और जवाबदेही की जरूरत हो, वहां उनका समर्थन किया जाए.''
मिरांडा हाउस में दर्शनशास्त्र (ऑनर्स) की छात्रा याशिका शर्मा का कहना है कि विवाद निराशा पैदा कर सकते हैं, लेकिन जागरूक लोग वास्तविक आस्था और प्रशासनिक विफलताओं के बीच अंतर कर सकते हैं. उनके अनुसार, श्रद्धालुओं की आस्था मंदिर के आध्यात्मिक महत्व में होती है, न कि उसके प्रशासकों में. जेएनयू में बीए (ऑनर्स) जर्मन स्टडीज़ के छात्र किशन आजाद कहते हैं कि भविष्य में दानदाता अधिक सतर्क हो सकते हैं और सामाजिक कार्यों में सीधे योगदान देने को बेहतर विकल्प मान सकते हैं.
क्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी से निराश हैं युवा
कई छात्रों का कहना था कि धार्मिक संस्थानों का प्रबंधन करने वालों पर लगे आरोप निराशा पैदा कर सकते हैं, लेकिन इससे स्वयं आस्था कमजोर नहीं होनी चाहिए. बार काउंसिल परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा कुश अरोड़ा ने कहा, ''हम मंदिर इसलिए जाते हैं क्योंकि हमारी आस्था भगवान में है. अगर किसी कर्मचारी ने कुछ गलत किया है तो पूरे संस्थान पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए.''
किशन आजाद का मानना है कि आस्था और प्रशासन को अलग-अलग देखना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि प्रशासक भी सामान्य इंसान होते हैं. उनके अनुसार, धार्मिक संस्थानों का संचालन करने वाले लोग भी अन्य लोगों की तरह लालच का शिकार हो सकते हैं. उनके विचार में राम मंदिर विवाद कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि धार्मिक संस्थानों से जुड़ी एक व्यापक समस्या का उदाहरण है. उनका कहना है कि श्रद्धालुओं को भगवान और सार्वजनिक दान का प्रबंधन करने वाले लोगों के बीच अंतर बनाए रखना चाहिए.
युवा चाहते हैं वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता
इस पूरे विवाद में शायद वित्तीय पारदर्शिता ही एक ऐसा मुद्दा था, जिस पर अधिकांश छात्रों की राय एक जैसी दिखाई दी.राजनीतिक या धार्मिक मतभेदों से परे, उनका मानना था कि सार्वजनिक दान प्राप्त करने वाले धार्मिक संस्थानों को यह स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए धन का उपयोग कैसे और किन उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है.
शाश्वत सिंह ने इस भावना को स्पष्ट शब्दों में व्यक्त किया. उन्होंने कहा, ''लोग अपनी आस्था के कारण किसी संस्थान को दान देते हैं. जब कोई संस्थान अपनी वित्तीय जानकारी खुलकर साझा करता है तो विश्वास बढ़ता है और संदेह कम होता है.''

राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरी भक्तों की ओर से मंदिर को भेंट किए गए उपहार को मीडिया को दिखाते हुए.
कुश अरोड़ा का कहना था कि पारदर्शिता प्रशासनिक व्यवस्था का नियमित हिस्सा बननी चाहिए. उन्होंने कहा, ''हर साल या हर तिमाही वित्तीय जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए. बैंक स्टेटमेंट सार्वजनिक होने चाहिए और अस्पताल, सामुदायिक रसोई तथा अन्य जनकल्याणकारी कार्यों पर हुए खर्च का भी खुलासा होना चाहिए.'' वहीं याशिका शर्मा का सुझाव था कि हर वित्तीय विवरण सार्वजनिक करना जरूरी नहीं है, लेकिन आम श्रद्धालुओं को कम-से-कम एक समग्र तस्वीर जरूर उपलब्ध होनी चाहिए.
क्यों जरूरी है वित्तीय पारदर्शिता
यहां तक कि जो छात्र इस विवाद पर अधिक नजर नहीं रख रहे थे, उन्होंने भी इसी निष्कर्ष पर सहमति जताई. जामिया मिल्लिया इस्लामिया में बीए (ऑनर्स) मास मीडिया की छात्रा शिफा अंसारी ने कहा, ''लोगों को यह जानने का अधिकार है कि उनके पैसे के साथ क्या हो रहा है, इसलिए वित्तीय पारदर्शिता बहुत जरूरी है.''
किशन आजाद ने इस मांग को और अधिक मजबूती से रखा. उनका कहना था कि लोग भगवान के नाम पर दान करते हैं, इसलिए उन्हें यह जानने का पूरा अधिकार है कि उनका हर एक रुपया कहां खर्च हो रहा है. उनके अनुसार, यदि वित्तीय रिकॉर्ड सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं होगा तो संदेह बढ़ेगा और लोगों का भरोसा कमजोर होगा. उन्होंने सुझाव दिया कि सभी बड़े धार्मिक संस्थानों में ऐसी पारदर्शी वित्तीय व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें आय, व्यय और जनकल्याणकारी गतिविधियों का विवरण सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हो.
भरोसा बढ़ाने का माध्यम हो सकता है ऑडिट
बातचीत के दौरान एक और सुझाव बार-बार सामने आया—नियमित स्वतंत्र ऑडिट की आवश्यकता. कई छात्रों ने कहा कि ऑडिट को अविश्वास का प्रतीक नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं और धार्मिक संस्थानों दोनों के बीच जवाबदेही, पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत करने वाली व्यवस्था के रूप में देखा जाना चाहिए.
शाश्वत सिंह ने कहा, ''सभी प्रमुख धार्मिक संस्थानों पर, चाहे वे किसी भी धर्म से जुड़े हों, नियमित स्वतंत्र ऑडिट समान रूप से लागू होना चाहिए. इसे सुशासन की सामान्य प्रक्रिया के रूप में देखा जाना चाहिए.''
वहीं हिंदू कॉलेज के इतिहास के छात्र फिकुटो सूमी ने एक महत्वपूर्ण कानूनी पहलू की ओर ध्यान दिलाया. उनका कहना था कि वित्तीय नियम मौजूद होने के बावजूद सभी धार्मिक ट्रस्ट सूचना के अधिकार जैसे कानूनों के दायरे में नहीं आते. उनके अनुसार, इससे आम नागरिकों के लिए यह जानना मुश्किल हो जाता है कि धन का उपयोग उसी उद्देश्य के लिए हो रहा है या नहीं, जिसके लिए वह दिया गया था. उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रभाव से मुक्त स्वतंत्र ऑडिटर जनता का भरोसा बढ़ा सकते हैं.
किशन आजाद ने भी अनिवार्य स्वतंत्र ऑडिट का जोरदार समर्थन किया. उनके अनुसार, सरकार और धार्मिक संस्थानों दोनों से स्वतंत्र एजेंसियों द्वारा समय-समय पर वित्तीय समीक्षा किए जाने से जनता का विश्वास बढ़ेगा और वित्तीय अनियमितताओं पर रोक लगेगी.
मीडिया की भूमिका पर युवाओं की राय
बातचीत से यह भी सामने आया कि युवा मुख्यधारा के मीडिया और सोशल मीडिया—दोनों को लेकर पर्याप्त सतर्क हैं. बहुत कम छात्रों का मानना था कि कोई एक मंच पूरी तस्वीर प्रस्तुत करता है.
शाश्वत सिंह ने कहा कि वे जानबूझकर कई समाचार स्रोतों को देखते हैं क्योंकि अलग-अलग मंच एक ही मुद्दे को अलग-अलग तरीके से प्रस्तुत करते हैं. उन्होंने कहा, ''मेरा मानना है कि सोशल मीडिया पर हर बात पर तुरंत विश्वास नहीं करना चाहिए और उचित जांच के बाद तथ्य सामने आने का इंतजार करना चाहिए.''
किशन आजाद का मानना है कि मुख्यधारा के मीडिया का एक हिस्सा कुछ मुद्दों को चुनिंदा तरीके से अधिक या कम महत्व देता है. वहीं शिफा अंसारी की राय अलग थी. उनका कहना था कि इस मामले में मीडिया का कवरेज काफी संतुलित रहा है.
इन अलग-अलग विचारों से एक महत्वपूर्ण बात स्पष्ट होती है—आज के युवा किसी एक स्रोत पर निर्भर नहीं रहते. वे कई मंचों से जानकारी लेते हैं और यह समझते हैं कि अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक ही मुद्दे की अलग-अलग व्याख्या हो सकती है.
जब सोशल मीडिया की बात हुई तो लगभग सभी ने उसे दोधारी तलवार बताया. कई छात्रों ने स्वीकार किया कि उन्हें इस विवाद की जानकारी सबसे पहले सोशल मीडिया से मिली, लेकिन बहुत कम लोगों ने कहा कि केवल उसी के आधार पर राय बना लेनी चाहिए.
शाश्वत सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया जितनी तेजी से जानकारी फैलाता है, उतनी ही तेजी से अफवाहें भी फैलाता है. उन्होंने कहा, ''किसी भी महत्वपूर्ण खबर को स्वीकार करने या साझा करने से पहले विश्वसनीय स्रोतों से उसकी पुष्टि करनी चाहिए.''
शिफा अंसारी ने एक अलग दृष्टिकोण रखा. उन्होंने कहा, ''सोशल मीडिया ऐसे मुद्दों को बेहतर तरीके से समझने में मदद करता है क्योंकि वहां हर व्यक्ति अपनी राय रख सकता है.''
किशन आजाद ने भी सोशल मीडिया को उपयोगी होने के साथ-साथ जोखिमपूर्ण बताया. उनका कहना था कि कई मुद्दों को सार्वजनिक ध्यान सोशल मीडिया के कारण ही मिलता है, लेकिन गलत जानकारी भी तेजी से फैलती है. उनके अनुसार, लोगों को किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों की जांच करनी चाहिए और बिना प्रमाण के वायरल दावों पर विश्वास नहीं करना चाहिए.

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की कथित घटना सामने आने के बाद बहुत से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं.
धर्म और राजनीति का संबंध कैसा है
चर्चा में एक और पहलू जिस पर बार-बार बात हुई, वह था धर्म और राजनीति का संबंध. कई छात्रों का मानना था कि राजनीतिक दल अक्सर धार्मिक भावनाओं और संस्थानों को चुनावी रणनीति का हिस्सा बना लेते हैं.
कुश अरोड़ा ने कहा, ''हमने देखा है कि चुनाव के दौरान नेता मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों में जाते हैं.'' वहीं शाश्वत सिंह ने कहा,''विभिन्न विचारधाराओं वाले राजनीतिक दलों ने समय-समय पर धार्मिक मुद्दों का राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग किया है.''
किशन आजाद का भी कहना था कि धर्म अक्सर राजनीतिक रणनीति का हिस्सा बन जाता है. उनके अनुसार, राजनीतिक सुविधा के अनुसार धार्मिक मुद्दों को कभी प्रमुखता दी जाती है और कभी नजरअंदाज कर दिया जाता है.
विधिक प्रक्रिया का सम्मान जरूरी
पारदर्शिता की मांग के बावजूद एक महत्वपूर्ण बात यह रही कि कई छात्रों ने निष्पक्षता पर जोर दिया. उन्होंने बार-बार कहा कि आरोपों को सबूत नहीं माना जाना चाहिए. शाश्वत सिंह ने कहा, ''संस्थान और श्रद्धालुओं-दोनों के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है.'' उन्होंने कहा कि यदि आरोप साबित होते हैं तो दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. यदि आरोप गलत साबित होते हैं तो जांच के निष्कर्ष भी सार्वजनिक किए जाने चाहिए ताकि संबंधित लोगों की प्रतिष्ठा बहाल हो सके.
किशन आजाद ने कहा कि उनके अनुसार वित्तीय अनियमितताएं किसी एक धर्म या संस्थान तक सीमित नहीं हैं. इसके बावजूद उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सिद्ध होते हैं तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और धन की वसूली भी की जानी चाहिए.
हालांकि बातचीत की शुरुआत राम मंदिर दान विवाद से हुई थी, लेकिन अधिकांश छात्रों ने चर्चा को व्यापक संदर्भ में रखा. कई छात्रों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जवाबदेही और पारदर्शिता के वही मानक सभी धार्मिक संस्थानों पर समान रूप से लागू होने चाहिए, चाहे वे किसी भी धर्म से जुड़े हों. दान देने वाले श्रद्धालुओं के प्रति सभी संस्थानों की जवाबदेही होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: कल का मौसम: दिल्ली, यूपी, बिहार से लेकर महाराष्ट्र-बंगाल तक, पूरे देश में बारिश, 13 राज्यों में अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं