- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम ने 108 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया
- एमआर पल्लवी आठ महीने की गर्भवती अवस्था में थिरुविवाक नगर सीट से डीएमके नेता को बड़ी मतों से हराकर विजयी रहीं
- पल्लवी ने केवल बारहवीं कक्षा तक पढ़ाई की है और पार्टी के भरोसे पर चुनाव प्रचार करते हुए जीत हासिल की
तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में एक्टर विजय की दो साल पुरानी पार्टी टीवीके ने इतिहास रच दिया. तमिलनाडु की 234 में से टीवीके ने 108 सीटें जीत लीं. विजय ने कई लो-प्रोफाइल लोगों को टिकट बांटा था. जैसे- एक टिकट तो उन्होंने अपने ड्राइवर के बेटे को ही दी थी.
अब टीवीके की ऐसी ही एक और उम्मीदवार एमआर पल्लवी सुर्खियों में हैं, जिन्होंने थिरु वी का नगर सीट पर जीत हासिल की. एमआर पल्लवी जब चुनाव प्रचार कर रही थीं, तब गर्भवती थीं. आठ महीने की गर्भवती पल्लवी ने थिरु वी का नगर सीट पर डीएमके नेता केएस रविचंद्रन को 22,333 वोटों से हराया है. पल्लवी ने 12वीं कक्षा तक ही पढ़ाई की है.
अभिनेता से नेता बने विजय की तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने पल्लवी की गर्भावस्था के बावजूद उनके जज्बे और जुझारु व्यक्तित्व को देखते हुए उन्हें टिकट देने का फैसला किया था. पल्लवी भी पार्टी के भरोसे पर खरी उतरीं. चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने घर-घर जाकर वोट मांगा. स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक मौके पर वह बेहोश भी हुईं, लेकिन ठीक होने के बाद उन्होंने प्रचार जारी रखा.
यह भी पढ़ेंः पुराने साथी से ही मिली हार... तमिलनाडु में स्टालिन को हराने वाले वीएस बाबू की कहानी क्या है?
जीत के बाद से पल्लवी ने मीडिया से बात नहीं की है, क्योंकि डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है. पल्लवी के पति राजेश ने बताया कि डॉक्टरों ने उनसे (पल्लवी) 20 मई के आसपास अस्पताल में भर्ती होने के लिए कहा है. पल्लवी और राजेश अपनी दूसरी संतान के स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं.
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे चार मई को घोषित किए गए. राज्य में पहली बार चुनावी राजनीति में किस्मत आजमाने वाली टीवीके 108 सीट पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. निवर्तमान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके को 59 सीट, जबकि विपक्षी दल ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (अन्नाद्रमुक) को 47 सीट पर जीत हासिल हुई.
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि पल्लवी जैसे उम्मीदवारों की जीत तमिलनाडु के सियासी परिदृश्य में संभावित बदलाव का संकेत देती है, जिसमें मतदाता एक नयी पार्टी और गैर-पारंपरिक पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों का समर्थन कर रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः TVK प्रमुख विजय का सरकार बनाने का दावा, मगर बहुमत जुटाने के दावे से संतुष्ट नहीं गवर्नर- सूत्र
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं