थलापति विजय इन दिनों राजनीति में पूरी तरह एक्टिव हैं, लेकिन उनकी आखिरी फिल्म 'जना नायगन' का जादू अब भी फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है. फिल्म अभी रिलीज भी नहीं हुई है और लोगों की दीवानगी का आलम ये है कि टिकट मिलना मुश्किल हो गया है. बेंगलुरु में सुबह 6 बजे होने वाले पहले शो की टिकटें कुछ ही मिनटों में बिक गईं. सोशल मीडिया पर भी हर तरफ इसी फिल्म की चर्चा हो रही है. हर कोई रिलीज वाले दिन पहला शो देखने की कोशिश में लगा है. रिलीज से पहले ही फिल्म ने बता दिया है कि विजय की फैन फॉलोइंग में आज भी कोई कमी नहीं आई है.
ये भी पढ़ें: 4000 करोड़ की रामायणम् में भगवान शिव बनेगा ये एक्टर, टीवी पर 4 साल तक बन चुका है भोलेनाथ
पहले शो के लिए फैंस में दिखा जबरदस्त जोश
बेंगलुरु के कई सिनेमाघरों में फिल्म का पहला शो सुबह 6 बजे रखा गया है. जैसे ही एडवांस बुकिंग शुरू हुई, टिकटें हाथों-हाथ बिक गईं. कई लोगों को टिकट नहीं मिली, जिसके बाद वो दूसरे शहरों में जाकर फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं. पहले शो के लिए ऐसा क्रेज बहुत कम फिल्मों में देखने को मिलता है. यही वजह है कि 'जना नायगन' रिलीज से पहले ही सुर्खियों में छा गई है.
तमिलनाडु में भी टिकट मिलना आसान नहीं होगा
कर्नाटक में एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है, जबकि तमिलनाडु में टिकटों की बिक्री 19 जुलाई से शुरू होने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि वहां भी टिकटें खुलते ही तेजी से बिक जाएंगी. विजय के फैंस पहले दिन पहला शो देखने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते.
विदेशों में भी छाई विजय की फिल्म
भारत के साथ-साथ विदेशों में भी 'जना नायगन' को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. यूके में एडवांस बुकिंग शुरू होने के पहले घंटे में ही हजारों टिकट बिक गईं. कनाडा में भी कुछ लोगों को पहले टिकट बुक करने का मौका दिया गया है. वहीं यूके में फिल्म बिना किसी कट के रिलीज होगी. ऐसे में विदेशों में रहने वाले फैंस भी फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड हैं.
दुनिया भर में होगी बड़ी रिलीज
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'जना नायगन' को दुनिया भर में करीब 7,000 से 8,000 स्क्रीन पर रिलीज किया जा सकता है. अगर ऐसा होता है तो ये भारत की सबसे बड़ी रिलीज में शामिल होगी. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कमाई कर सकती है.
रिलीज से पहले मिला बड़ा अपडेट
फिल्म को भारत में सीबीएफसी से 'ए' सर्टिफिकेट मिल गया है. हालांकि इसके लिए मेकर्स को 12 बदलाव करने पड़े. कुछ सीन और डायलॉग बदलने के बाद फिल्म को रिलीज की इजाजत मिल गई. फिल्म के टाइटल कार्ड में भी बदलाव किया गया है. इसमें विजय का नाम 'द ऑनरेबल चीफ मिनिस्टर ऑफ तमिलनाडु' के साथ दिखाया जाएगा.
विजय की आखिरी फिल्म को लेकर बढ़ी एक्साइटमेंट
एच. विनोथ के डायरेक्शन में बनी 'जना नायगन' को थलापति विजय की आखिरी फिल्म माना जा रहा है. इसके बाद वो पूरी तरह राजनीति पर ध्यान देंगे. फिल्म में पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और ममिता बैजू भी नजर आएंगे. वहीं फिल्म के गाने अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किए हैं. यही वजह है कि फैंस इस फिल्म को किसी भी कीमत पर मिस नहीं करना चाहते.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं