- झुंझुनू जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण के दौरान बिजली के करंट से आठ मजदूरों की मौत हो गई है
- हादसा तब हुआ जब रोड़ी मिलाने वाली मशीन हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गई और करंट फैल गया
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मृतकों पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के उपचार और परिवारों की सहायता के निर्देश दिए
राजस्थान के झुंझुनू जिले में सोमवार को दर्दनाक हादसा हुआ है. झुंझुनू में बिजली के करंट की चपेट में आने से आठ मजूदरों की मौत हो गई. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर शोक जताते हुए सबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं.
उदयपुर वाटी के थानाधिकारी रामपाल ने बताया, "छापोली गांव में सोमवार सुबह सड़क बनाने काम चल रहा था. इस दौरान रोड़ी मिलाने वाली मशीन ऊपर से गुजर रहे हाइटेंशन तार के संपर्क में आ गई. उसमें करंट फैल गया और काम कर रहे मजूदर करंट की चपेट में आ गए. इस हादसे में आठ मजदूरों की मौत हो गई और कुछ लोग घायल भी हुए हैं."
बताया जा रहा है कि ग्रामीण मिलकर वनक्षेत्र से गुजने वाली एक सड़क को पक्का करवा रहे थे, जिस दौरान यह हादसा हो गया. सूचना मिलने पर जिले के वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. मुख्यमंत्री शर्मा ने हादसे पर शोक जताया और घटना की जांच के आदेश दिए. उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "झुंझुनूं में हुए हादसे में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार दुखद है." उन्होंने कहा, "संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा घटना की जांच के निर्देश दिए हैं."
इन मौतों का जिम्मेदार कौन
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हादसे पर शोक जताया. उन्होंने कहा, "झुंझुनूं के उदयपुरवाटी में छापोली में कई मजदूरों की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत बेहद दुखद और मार्मिक है. इस पूरे प्रकरण की जांच आवश्यक है कि सड़क निर्माण के समय हुआ यह हादसा कैसे हुआ और इन मौतों के लिए कौन जिम्मेदार है." उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों पर क्या बीत रही होगी, यह सोच कर मन व्यथित है. सरकार को मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और हर संभव सहायता उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करना चाहिए."
ये भी पढ़ें:- यूपी के कुशीनगर में ट्रेलर और कार की जबरदस्त टक्कर, 6 लोगों की मौत, 2 की हालत नाजुक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं