विज्ञापन

अनिल अंबानी ग्रुप पर ED का शिकंजा और कसा, हजारों करोड़ के फंड डायवर्जन मामले में नई छापेमारी

प्रवर्तन निदेशालय ने रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप से जुड़े कथित 15,548 करोड़ रुपये के फंड डायवर्जन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नई छापेमारी की है. RHFL और RCFL से जुड़े मामले में ED को कई अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं.

अनिल अंबानी ग्रुप पर ED का शिकंजा और कसा, हजारों करोड़ के फंड डायवर्जन मामले में नई छापेमारी
अनिल अंबानी ग्रुप की मुश्किलें बढ़ीं, ED ने कंपनी और निदेशक के ठिकानों पर मारा छापा

ED Raid Anil Ambani Group: प्रवर्तन निदेशालय (ED )ने रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप (RAAG) से जुड़े कथित हजारों करोड़ रुपये के फंड डायवर्जन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक और बड़ी कार्रवाई की है. ईडी ने 7 जुलाई को ई-कॉम्प्लेक्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके एक निदेशक के घर पर छापेमारी की. जांच एजेंसी का कहना है कि इस कार्रवाई के दौरान कई अहम दस्तावेज, संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड और ऐसे सबूत मिले हैं, जो रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप के नियंत्रण या लाभ से जुड़े संदिग्ध लेनदेन की ओर इशारा करते हैं.

क्याें हो रही जांच?

ईडी की यह जांच रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) से जुड़े मामलों में हो रही है.

आरोप है कि इन कंपनियों से जुटाए गए सार्वजनिक धन को नियमों की अनदेखी करते हुए दूसरी कंपनियों के जरिए इधर-उधर भेजा गया. यह जांच मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत चल रही है और इसकी शुरुआत CBI द्वारा दर्ज कई एफआईआर के आधार पर हुई थी.

ये शिकायतें यस बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, केनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, यूको बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और एक्सिस बैंक सहित कई बैंकों ने दर्ज कराई थीं.

RHFL और RCFL से जुड़े फंड डायवर्जन की जांच में मिले नए दस्तावेज

ईडी के मुताबिक जांच में अब तक सामने आया है कि RHFL और RCFL ने बाजार और बैंकों से हजारों करोड़ रुपये जुटाए थे, लेकिन इस रकम को सुनियोजित तरीके से रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप के नियंत्रण वाली शेल कंपनियों और ग्रुप की अन्य कंपनियों में ट्रांसफर किया गया.

एजेंसी का आरोप है कि इन कंपनियों को बिना पर्याप्त जांच, बिना सही दस्तावेज और उनकी वित्तीय क्षमता का सही आकलन किए बड़े कॉरपोरेट लोन दिए गए. इनमें से कई कंपनियों का कोई वास्तविक कारोबार नहीं था और उनमें कर्ज चुकाने की क्षमता भी नहीं थी.

जांच में यह भी सामने आया है कि इन शेल कंपनियों के निदेशक रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप के कर्मचारी या करीबी सहयोगी थे. ईडी का दावा है कि ये लोग ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर काम करते थे. इतना ही नहीं, इन कंपनियों के बैंक खाते और अकाउंट बुक्स का संचालन भी ग्रुप की प्रमुख कंपनियों रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, रिलायंस पावर लिमिटेड और रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के अधिकारियों द्वारा किया जाता था. इससे इन शेल कंपनियों पर ग्रुप के प्रभावी नियंत्रण की बात सामने आती है.

15,548 करोड़ रुपये की कथित अपराध आय का आकलन

ईडी के अनुसार अब तक की जांच में 15,548 करोड़ रुपये की अपराध से कमाई आय (Proceeds of Crime) का आकलन किया गया है. इस मामले में अब तक 4,510 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं. इनमें से 3,926 करोड़ रुपये की अटैचमेंट को न्यायनिर्णायक प्राधिकरण (Adjudicating Authority) भी मंजूरी दे चुका है.

इस मामले में ईडी पहले ही दो बड़ी गिरफ्तारियां कर चुकी है. रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के पूर्व निदेशक अमिताभ झुनझुनवाला और पूर्व मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) अमित बापना को 15 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया था. ईडी का आरोप है कि दोनों की RHFL और RCFL से फंड डायवर्जन में सक्रिय भूमिका थी. फिलहाल दोनों न्यायिक हिरासत में हैं.

ईडी ने इससे पहले 12 जून 2026 को इस मामले में विशेष PMLA अदालत में चार्जशीट भी दाखिल कर दी थी. एजेंसी का कहना है कि जांच अभी जारी है और हालिया छापेमारी में मिले दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे और कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : जिहादी कट्टरपंथ फैलाने वाले ISIS-AQIS नेटवर्क पर NIA का एक्शन, 10 राज्यों व दिल्ली के 20 ठिकानों पर छापेमारी

यह भी पढ़ें : अरुणाचल प्रदेश में फिर तबाही: भारी बारिश का कहर जारी; लोहित में अचानक आई बाढ़, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

यह भी पढ़ें : मानसून ने पकड़ी रफ्तार; MP में अति भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली-मुंबई पर भी असर, यहां दिखेगा मौसम का कहर

यह भी पढ़ें : कोंकण-मराठवाड़ा वॉटर ग्रिड: क्या खत्म होगी मराठवाड़ा की प्यास और कम होगी कोंकण की बाढ़? जानिए पूरी परियोजना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anil Ambani, ED Raid, Reliance ADAG, Fund Diversion, Money Laundering
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com