दिल्ली के हाई-प्रोफाइल पार्टी सर्किट में जाना-पहचाना नाम और मशहूर प्लेबॉय क्लब के पूर्व फ्रैंचाइजी होल्डर हरप्रीत सिंह तलवार उर्फ हैप्पी तलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी उस बड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क की जांच के सिलसिले में की गई है, जिसके तार कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े बताए जा रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?
जांच एजेंसियों के मुताबिक यह मामला साल 2021 में गुजरात में पकड़ी गई करीब 3000 किलो हेरोइन की बड़ी खेप से जुड़ा है. इस मामले ने देश में अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया था.
साल 2021 में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस ने गुजरात के एक पोर्ट पर एक कंटेनर से करीब 3000 किलो हेरोइन बरामद की थी. जांच में सामने आया था कि यह खेप अफगानिस्तान से ईरान के बंदर अब्बास के रास्ते भारत लाई गई थी.
शुरुआत में इस मामले की जांच DRI ने NDPS एक्ट के तहत शुरू की थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन सामने आने के बाद केस की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंप दी गई. NIA ने जांच के दौरान पाया कि यह कोई सामान्य तस्करी का मामला नहीं था, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे एक संगठित ड्रग सिंडिकेट की साजिश थी. जांच एजेंसी के मुताबिक आरोपी विदेशी ड्रग कारोबारियों के संपर्क में थे और भारत में हेरोइन पहुंचाने के लिए अंतरराष्ट्रीय ट्रेड रूट का इस्तेमाल कर रहे थे.
NIA की जांच में कई खुलासे
NIA की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पंकज वैद उर्फ अमित उर्फ नॉनी सुनैरा उर्फ संजू बाबा कथित तौर पर इस नेटवर्क का हिस्सा था. उस पर आरोप है कि उसने हेरोइन की प्रोसेसिंग और एक्सट्रैक्शन में मदद की और बाद में भारत में इसकी सप्लाई की.
NIA ने इस मामले में अब तक कई सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की हैं. जांच एजेंसी ने कुल 42 लोगों और 7 कंपनियों को आरोपी बनाया है. NIA ने पहली चार्जशीट मार्च 2022 में दाखिल की थी, जिसमें 16 आरोपी शामिल थे. इसके बाद अगस्त 2022 और फरवरी 2023 में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल कर कई अन्य लोगों और कंपनियों को जांच के दायरे में लाया गया.
मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से भी चल रही जांच
अब इस मामले में ED भी मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से जांच कर रही है. एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग तस्करी से कमाए गए पैसों को कहां-कहां लगाया गया और इस पूरे नेटवर्क को आर्थिक मदद कौन कर रहा था.
ED की जांच में हरप्रीत तलवार की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है. जांच एजेंसियां अब उसके कथित संपर्कों, फाइनेंशियल लेन-देन और विदेशी लिंक की जांच कर रही हैं. हरप्रीत तलवार दिल्ली के नाइटलाइफ और पार्टी सर्किट में एक जाना-पहचाना नाम रहा है. लेकिन अब उसका नाम देश के सबसे बड़े ड्रग तस्करी मामलों में शामिल जांच के चलते सामने आया है.
एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या वह सिर्फ फाइनेंशियल नेटवर्क का हिस्सा था या फिर ड्रग सिंडिकेट में उसकी कोई बड़ी भूमिका थी. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में 600 करोड़ का हेल्थ स्कैम, ईडी ने स्वास्थ्य विभाग को चिट्ठी लिख मांगे खरीद से जुड़े ये दस्तावेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं