उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई. भूकंप के झटके रात करीब 8.07 बजे महसूस किए गए. भूकंप के बाद लोगों में दहशत का माहौल है. लोग अपने घरों से बाहर आ गए.फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है.
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, रात आठ बजकर सात मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई. भूकंप का केंद्र धरती की सतह से 11 किलोमीटर की गहराई में था. भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी से दो किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में बताया गया है. उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल कहीं से भी किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है.
इसी सप्ताह छह अक्टूबर को उत्तराखंड में भी 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था. सबसे ज्यादा असर चमोली जिले में रहा, जहां रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई. झटके इतने तेज थे कि पौड़ी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, हरिद्वार और नैनीताल समेत कई जिलों में लोगों ने इसे महसूस किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं