जिस इथेनॉल को लेकर इस वक्त देश में हंगामा मचा हुआ है, वह एक तरह का अल्कोहल है और इसे कभी ड्रिंक्स या इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स में इस्तेमाल किया जाता था. लेकिन अब इसी इथेनॉल से गाड़ियां चल रही हैं. आज के समय में फ्यूल पंपों पर E20 यानी 20% इथेनॉल और 80% पेट्रोल वाला तेल बिक रहा है.
आज इसी E20 को लेकर किस हद तक हंगामा मचा हुआ है? इसे ऐसे ही समझा जा सकता है कि 10 दिन के भीतर दो बार सरकार को FAQ जारी कर सफाई देनी पड़ी है. सरकार ने साफ किया है कि E20 से गाड़ियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचता. हां, माइलेज जरूर कम हो सकता है लेकिन उतना नहीं, जितना दावा किया जा रहा है.
लेकिन असल में यह इथेनॉल है क्या? इसे तैयार कैसे किया जाता है? यह कहां बनता है? जानते हैं ऐसे ही कुछ सवालों के जवाब.
क्या है इथेनॉल?
इथेनॉल एक तरह का अल्कोहल है, जिसका कोई रंग नहीं होता. इसे फर्मेंटेशन से बनाया जाता है.
भारत में इथेनॉल को गन्ना, शीरा, मक्का, खराब अनाज या फिर एग्रीकल्चर वेस्ट से बनाया जाता है. इनमें मौजूद नेचुरल शुगर और स्टार्च को एक बायोलॉजिकल प्रोसेस के जरिए अल्कोहल में बदला जाता है. यह ठीक वैसी ही प्रोसेस होती है जैसी शराब बनाने में इस्तेमाल होती है.
सरकार का कहना है कि इथेनॉल को फर्मेंटेशन और इंडस्ट्रियल प्रोसेसिंग से तैयार किया जाता है, जिससे उसके गुण पूरी तरह बदल जाते हैं.
यह भी पढ़ेंः क्या वाकई पेट्रोल में गन्ने का जूस मिलाया जा रहा है? E20 से जुड़े 20 कन्फ्यूजन के जवाब
कैसे बनता है इथेनॉल?
पेट्रोल में मिलाने लायक इथेनॉल को तैयार करने की प्रोसेस तीन चरणों में होती है.
पहली स्टेज: गन्ना, मक्का, चावल या एग्रीकल्चर वेस्ट जैसी फसलें या चीजें इकट्ठी की जाती हैं. इनमें स्टार्च या चीनी होती है. इनको मशीन में पीसकर एक गाढ़ा मिश्रण बनाया जाता है, जिसमें चीनी और स्टार्च होता है.
दूसरी स्टेज: अब इस मिश्रण को एक बड़े से टैंक में डाला जाता है. इसमें यीस्ट मिलाया जाता है. यीस्ट चीनी या स्टार्च को खाकर इथेनॉल में बदल देता है. इस प्रोसेस में कार्बन डाय ऑक्साइड भी निकलती है. ब्रेड या शराब बनाने में यीस्ट जैसे काम करता है, वैसे ही यहां भी करता है.
तीसरी स्टेज: दूसरी स्टेज के बाद जो लिक्विड बनता है, उसमें इथेनॉल के साथ पानी भी होता है. इसलिए इसे डिस्टिलेशन कॉलम में गर्म किया जाता है. गर्म करने से इथेनॉल और पानी अलग-अलग हो जाते हैं. इससे 99.9% प्योर इथेनॉल मिल जाता है.

यह भी पढ़ेंः पब्लिक को मिला इथेनॉल वाला पेट्रोल, जानें सरकार को इस कवायद से क्या हुआ हासिल
ये इथेनॉल बनता कहां है?
इथेनॉल वैसे तो हर राज्य में ही बन रहा है लेकिन ये उन इलाकों में ज्यादा होता है जहां गन्ना और अनाज जैसी चीजें आसानी से मिल जाती हैं.
ज्यादातर इथेनॉल प्लांट चीनी मिलों, फूड-प्रोसेसिंग यूनिट और बायो-रिफाइनरियों के पास होते हैं. इससे ट्रांसपोर्टेशन का खर्च कम होता है.
इथेनॉल उत्पादन सबसे ज्यादा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में होता है.
अगस्त 2025 में केंद्र सरकार ने संसद में बताया था कि ESY 2024-25 (1 नवंबर 2024 से 31 अक्टूबर 2025) ने बताया था कि देशभर में 499 डिस्टिलरीज हैं, जहां इथेनॉल बनाया जाता है. इन डिस्टिलरीज की क्षमता 1,822 करोड़ लीटर इथेनॉल बनाने की है. 30 जून 2025 तक इन डिस्टिलरीज से 587 करोड़ लीटर इथेनॉल तेल कंपनियों को गया था. तेल कंपनियां 71 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से इथेनॉल को खरीदती हैं.
केंद्र सरकार के मुताबिक, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 168 डिस्टिलरीज थीं, जिनकी क्षमता 396 करोड़ लीटर इथेनॉल बनाने की थी. इसके बाद उत्तर प्रदेश में 78 डिस्टिलरीज थीं, जहां 331 करोड़ लीटर तक इथेनॉल बनाया जा सकता था. तीसरे नंबर पर कर्नाटक है, जहां 46 डिस्टिलरीज की क्षमता 270 करोड़ लीटर इथेनॉल बनाने की थी.
इनके अलावा, पंजाब में 130 करोड़ लीटर, मध्य प्रदेश में 102 करोड़ लीटर और हरियाणा में 85 करोड़ लीटर इथेनॉल बनाने की क्षमता थी.
यह भी पढ़ेंः इथेनॉल के बाद अब क्यों हो रही आइसोब्यूटेनॉल की चर्चा? जिसे डीजल में मिलाने की है तैयारी

कितना इथेनॉल बन रहा है?
शुरुआत में इथेनॉल को पूरी तरह से गन्ने से बनाया जा रहा था. तब हर साल लगभग 400 करोड़ लीटर इथेनॉल बनाने की क्षमता थी. PIB के मुताबिक, आज जब E20 पेट्रोल मिल रहा है तो हर साल 20 अरब लीटर इथेनॉल बनाने की क्षमता है.
18 दिसंबर 2025 को राज्यसभा में सरकार ने बताया था कि 2024-25 में 1,000 करोड़ लीटर से ज्यादा इथेनॉल को पेट्रोल में मिलाया गया था, तब जाकर 19.24% का ब्लेंडेड पेट्रोल मिला था.
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने बताया कि 2014 में इथेनॉल का उत्पादन 38 करोड़ लीटर से बढ़कर जून 2025 तक 661 करोड़ लीटर से ज्यादा हो गया.
यह भी पढ़ेंः कभी सबसे बड़ा इम्पोर्टर था, आज 80 देशों में बेच रहा हथियार... भारत कैसे बना डिफेंस की दुनिया का 'बाजीगर'?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं