देशभर में E20 पेट्रोल को लेकर जारी पक्ष-विपक्ष के दावों के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज "स्टॉप E20 पेट्रोल" ऑनलाइन सिग्नेचर अभियान शुरू किया. केजरीवाल ने कहा कि सरकार बिना पूरी तैयारी के E20 पेट्रोल देश पर थोप रही है, जबकि लाखों वाहन मालिक माइलेज घटने, इंजन में खराबी और बढ़ते खर्च की शिकायत कर रहे हैं. इसके बावजूद सरकार सब कुछ सामान्य बताने में लगी है.
केजरीवाल ने कहा कि लोग पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल, E10 और E20 तीनों का विकल्प चाहते हैं, ताकि अपनी जरूरत के हिसाब से ईंधन चुन सकें. लेकिन सरकार इसे भी मानने से इनकार कर रही है.उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल की ऊर्जा क्षमता कम होने से माइलेज भी कम होता है, फिर भी इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल के बराबर या उससे कम नहीं की जा रही. इससे आम और मध्यम वर्ग पर दोहरी मार पड़ रही है. एक तरफ गाड़ियों का खर्च बढ़ रहा है, दूसरी तरफ ईंधन पर भी ज्यादा पैसा देना पड़ रहा है.
कल मैंने प्रधानमंत्री जी को पत्र लिखा।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) July 14, 2026
आइए मिलकर E20 के खिलाफ आवाज़ उठाते हैं। नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और प्रधानमंत्री के नाम पेटिशन पर साइन करें। प्रधानमंत्री के साथ अपने अनुभव भी साझा करें।https://t.co/YUCS3YFl4U pic.twitter.com/qci8Ja6QPg
पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाकर लोगों से बातचीत के दौरान भी बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने माइलेज घटने, फ्यूल पंप, इंजेक्टर और इंजन संबंधी समस्याओं की शिकायत की. कई लोगों ने बताया कि पहले के मुकाबले अब गाड़ियों की सर्विस और मरम्मत का खर्च काफी बढ़ गया है.
केजरीवाल ने कहा कि अगर सरकार को E20 लागू करना ही है तो कम से कम लोगों को शुद्ध पेट्रोल और E20 दोनों का विकल्प दिया जाए और E20 की कीमत भी कम की जाए. इसी उद्देश्य से शुरू किए गए "स्टॉप E20 पेट्रोल" अभियान में देशभर के लोगों से अपील की गई है कि वे StopE20petrol.com पर जाकर हस्ताक्षर करें और सरकार से मांग करें कि बिना तैयारी E20 पेट्रोल थोपना बंद किया जाए, लोगों को विकल्प दिया जाए और उनकी चिंताओं का सम्मान किया जाए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं