विज्ञापन

दुर्गापुर में आधी रात थाने के गेट पर पुलिस से भिड़े BJP कार्यकर्ता, TMC से झड़प के बाद मचा बवाल

Bengal Elections 2026: चुनावी मौसम में दुर्गापुर की यह घटना बता रही है कि आने वाले दिनों में राजनीतिक रार और बढ़ सकती है. पुलिस फिलहाल मामले को शांत कराने और सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है. पढ़ें मोहन सिंह की यह रिपोर्ट.

दुर्गापुर में आधी रात थाने के गेट पर पुलिस से भिड़े BJP कार्यकर्ता, TMC से झड़प के बाद मचा बवाल
West Bengal Elections 2026: रात भर गूंजे नारे, दुर्गापुर में बीजेपी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर आधी रात केंद्रीय बलों ने संभाला मोर्चा
NDTV Reporter

Durgapur News: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में राजनीतिक पारा एक बार फिर सातवें आसमान पर पहुंच गया है. मंगलवार की देर रात कुकओवन थाने के बाहर उस वक्त हालात बिगड़ गए जब बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थकों ने थाने पर धावा बोल दिया. प्रदर्शन इतना उग्र था कि कार्यकर्ताओं ने थाने के मुख्य गेट को धक्का देकर अंदर घुसने की कोशिश की, जिसे रोकने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन को तुरंत केंद्रीय बल के जवानों को मोर्चे पर तैनात करना पड़ा.

गिरफ्तारी के बाद भड़का आक्रोश

हंगामे की शुरुआत बीजेपी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में हुई. दुर्गापुर पश्चिम से बीजेपी प्रत्याशी लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने थाने को घेर लिया. कार्यकर्ता जमीन पर बैठकर नारेबाजी करने लगे, जिससे पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया. बीजेपी का आरोप है कि पुलिस सत्ताधारी दल के दबाव में एकतरफा कार्रवाई कर रही है. करीब दो घंटे तक चले इस हंगामे में पुलिस अधिकारी विजय दलपति को भी प्रदर्शनकारियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा.

BJP Protest In Front of Police Station

Photo Credit: NDTV Reporter

रविवार की झड़प ने ली बदले की शक्ल

पूरे विवाद की जड़ रविवार रात बांकुड़ा मोड़ पर हुई हिंसा में छिपी है. दरअसल, वहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हुई थी. इस मारपीट में दोनों पक्षों के लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जो फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं. पुलिस ने इस मामले की जांच करते हुए मंगलवार को दोनों गुटों से 3 लोगों को गिरफ्तार किया. बीजेपी का दावा है कि उनके निर्दोष कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि असली आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV Reporter

बीजेपी ने घेरा, टीएमसी ने जड़ा आरोप

घटना को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है. बीजेपी उम्मीदवार लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा, 'हमारे कार्यकर्ताओं को बेवजह गिरफ्तार किया गया है. रात के अंधेरे में उन पर घर में घुसकर हमला किया गया, हमारे लोग अस्पताल में हैं और पुलिस उन्हीं को पकड़ रही है. हम यह अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे.'

वहीं, दूसरी ओर टीएमसी उम्मीदवार कवि दत्ता ने पलटवार करते हुए कहा, 'हम हिंसा की निंदा करते हैं, लेकिन सच यह है कि बीजेपी वालों ने हमारे तीन-चार घरों में तोड़फोड़ की और हमला किया. प्रशासन अपना काम कर रहा है, लेकिन बीजेपी बेवजह माहौल खराब करने पर उतारू है.'

ये भी पढ़ें:- बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान झड़प, कई जगह TMC- बीजेपी कार्यकर्ताओं में मारपीट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com