- अंबरनाथ में डॉक्टर पति ने पत्नी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए घर में कई सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे.
- विशाखा तिलकर को ससुराल में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा.
- ससुराल वाले गहने और पैसे लाने के लिए विशाखा पर लगातार दबाव बना रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से तंग थी.
महाराष्ट्र के ठाणे के अंबरनाथ में एक पत्नी दिनभर क्या करती है और किससे बात करती है? इस पर नजर रखने के लिए डॉक्टर पति ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे. पड़ोसी से बात करने पर पत्नी की बेरहमी से पिटाई की गई और ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग आकर 26 वर्षीय विशाखा तिलकर ने आत्महत्या कर ली. इस मामले में डॉक्टर पति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि सास और देवर की तलाश जारी है.
परिजनों का आरोप है कि शादी के दौरान मनमुताबिक मान-सम्मान न मिलने से ससुराल वाले नाराज थे. मायके से गहने और पैसे लाने के लिए विशाखा पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था. विशाखा शिंदे और डॉक्टर नितिन तिलकर की शादी 30 अप्रैल को हुई थी. शादी से पहले सब कुछ ठीक था. लेकिन शादी के बाद स्थिति बदल गई। विशाखा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा.
जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे
परिजनों का आरोप है कि पति नितिन तिलकर ने पत्नी की हर गतिविधि पर नज़र रखने के लिए घर के अंदर और बाहर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे. वह किसी से भी बात करती, तो घर लौटने पर उसे बुरी तरह पीटा जाता था. दो दिन पहले एक पड़ोसी महिला से बात करने के कारण उसे पीटा गया था, जिससे तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली. आत्महत्या से पहले विशाखा ने अपने साथ हो रहे अत्याचार के बारे में अपनी मां को बताया था. माता-पिता उसे मायके लाने की तैयारी कर ही रहे थे कि तभी उन्हें उसके द्वारा फांसी लगाने की खबर मिली.
इस मामले में अंबरनाथ के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में पति डॉक्टर नितिन तिलकर, सास छाया तिलकर और देवर निनाद तिलकर के खिलाफ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी डॉक्टर पति को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें : हिस्ट्री क्लास के लिए बंद होंगे 2,000 स्टोर्स... साउथ कोरिया में Starbucks से आखिर 'गलती' क्या हो गई?
| Helplines | |
|---|---|
| Vandrevala Foundation for Mental Health | 9999666555 or help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (Monday-Saturday: 8 am to 10 pm) |
| (If you need support or know someone who does, please reach out to your nearest mental health specialist.) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं