विज्ञापन
This Article is From Apr 09, 2024

चैत्र नवरात्र के पहले दिन वैष्णो देवी मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

अधिकारी ने कहा कि बोर्ड द्वारा दिव्यांग श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा को आसान बनाने के लिए मंदिर में मुफ्त टट्टू और बैटरी कार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि वैष्णो देवी मंदिर में नवरात्र के अवसर पर प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा 'भजन' और 'अटका आरती' का भी आयोजन किया गया है.

चैत्र नवरात्र के पहले दिन वैष्णो देवी मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
जम्मू:

देश भर से हजारों श्रद्धालु मंगलवार को नौ दिवसीय चैत्र नवरात्र शुरू होने के उपलक्ष्य में जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए पहुंचे. बॉर्ड के एक प्रवक्ता ने बताया, ''श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बॉर्ड (एसएमवीडीएसबी) के द्वारा इस शुभ अवसर पर वैष्णो देवी की पवित्र गुफा में शांत वातावरण के बीच 'शत चंडी महायज्ञ' का आयोजन किया गया. साथ ही अन्य अनुष्ठान भी किये गये.''

उन्होंने कहा कि त्रिकुटा पहाड़ी के ऊपर स्थित इस मंदिर में सभी के लिए सद्भाव और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करने के लिए पूरी नवरात्रि में पवित्र अनुष्ठान किये जायेंगे. प्रवक्ता ने बताया कि एसएमवीडीएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकार अंशुल गर्ग तीर्थयात्रियों, बोर्ड के अन्य सदस्यों और अधिकारियों के साथ इस यज्ञ में शामिल हुए.

उन्होंने बताया कि नौ दिनों तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से एक बजे तक एमएच1 श्रद्धा चैनल पर हवन का सीधा प्रसारण किया जाएगा. नवरात्र के शुभ अवसर पर माता वैष्णो देवी मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों, पारंपरिक रूपांकनों और अलंकरणों के साथ सजाया गया है.

प्रवक्ता ने बताया कि बोर्ड ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल और एसएमवीडीएसबी के अध्यक्ष मनोज सिन्हा के निर्देशों के अनुसार नवरात्र के दौरान मंदिर में आने वाले बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किये हैं. उन्होंने कहा कि खास व्यवस्थाओं के तहत मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर चौबीसों घंटे पानी और बिजली की आपूर्ति, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाएं और बोर्ड के 'भोजनालयों' में विशेष 'व्रत वाला भोजन' उपलब्ध कराया गया है.

उन्होंने कहा, ''तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए आवास, बैटरी चालित वाहन, रोपवे और हेलीकॉप्टर सेवाएं जैसी सुविधाएं प्रदान की गई हैं और ये सुचारू रूप से चल रही हैं. भैरों जी में 'लंगर सेवा' के अलावा तीर्थयात्रियों को ताराकोटे मार्ग और सांझीचट्ट में प्रसाद केंद्र पर मुफ्त भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा.

अधिकारी ने कहा कि बोर्ड द्वारा दिव्यांग श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा को आसान बनाने के लिए मंदिर में मुफ्त टट्टू और बैटरी कार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि वैष्णो देवी मंदिर में नवरात्र के अवसर पर प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा 'भजन' और 'अटका आरती' का भी आयोजन किया गया है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chaitra Navratri 2024, Vaishno Devi, Vaishno Devi Temple
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com