विज्ञापन
This Article is From May 12, 2025

सीजफायर के बाद भी जम्मू-कश्मीर में जनजीवन प्रभावित, राजौरी में दुकानें और स्कूल बंद

लोगों में सीजफायर की घोषणा के बावजूद पाकिस्तान की मंशा को लेकर डर की स्थिति है. सड़कें लगभग खाली हैं. राजौरी के आम लोगों से एनडीटीवी ने बात की तो लोगों ने बताया कि बिजनेस चौपट है

सीजफायर के बाद भी जम्मू-कश्मीर में जनजीवन प्रभावित, राजौरी में दुकानें और स्कूल बंद
नई दिल्ली:

भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा के बावजूद आम जनजीवन प्रभावित दिखाई दे रहा है. राजौरी में दुकानें बंद हैं. लोग अपने अपने घरों के अंदर हैं. लोगों में सीजफायर की घोषणा के बावजूद पाकिस्तान की मंशा को लेकर डर की स्थिति है. सड़कें लगभग खाली हैं. राजौरी के आम लोगों से एनडीटीवी ने बात की तो बताया कि बिजनेस चौपट है और स्कूल्स बंद होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. लोगों का कहना है कि पाकिस्तान पर भरोसा नहीं कर सकते. 

जम्मू के बक्शी नगर इलाके में शनिवार तड़के भारत के एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा पाकिस्तान ड्रोन को इंटरसेप्ट करने और उसमें विस्फोट होने की तस्वीर कैमरा में कैद हो गई है. इस हमले में तीन लोग घायल हुए थे जबकि दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए थे. यह सीसीटीवी वीडियो शनिवार तड़के करीब 5 बजे का है. यह सीसीटीवी फुटेज जम्मू के बक्शी नगर इलाके का है, जहां शनिवार तड़के पाकिस्तान द्वारा भेजे गए एक ड्रोन को भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने लोकेट कर ध्वस्त कर दिया.

यहां आपको ये भी बता दें कि एनडीटीवी से बात करते हुए आर्मी सूत्रों ने बताया कि "रविवार रात को जम्मू-कश्मीर समेत बॉर्डर से सटे अन्य इलाकों में शांति की स्थिति बनी रही थी. किसी भी तरह की घटना की सूचना नहीं मिली है और हाल ही के कुछ दिनों में यह पहली शांत रात है."

नौशेरा में फिर खुलने लगे हैं बाजार

लगभग हफ्ते भर की बंदी के बाद आज एलओसी से सटे नौशेरा में बाजार खुलने लगा है. नौशेरा के मुख्य बाजार में दुकानें खुल गई हैं और लोग अपनी जरूरतों का सामान लेने घरों से निकलकर बाजार तक आए हैं. यहां जब स्थानीय लोगों से हमने बात की तो कुछ का मानना है कि सीजफायर का फैसला सही है लेकिन ये रोज रोज का दर्द खत्म करने के लिए इस बार मौका था, आर पार कर देना चाहिए था. लोगों ने कहा कि वो सरकार के फैसले के साथ हैं.

हालांकि, उम्मीद ये है कि पीओके एक ना एक दिन भारत का हिस्सा होगा. दुकानदारों ने पीएम मोदी पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है, मोदी पाकिस्तान को सबक जरूर सिखायेंगे. युवा से लेकर बुजुर्ग ये मानते हैं कि पाकिस्तान पर भरोसा नहीं किया जा सकता. ऐसे में सीजफायर भले हो गया हो लेकिन पाकिस्तान कब फायरिंग कर देगा, इसपर कोई यकीन नहीं कर सकता.

शनिवार शाम को दोनों देशों के बीच हुआ सीजफायर

भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार शाम 5 बजे से तत्काल प्रभाव से जमीन, हवा और समुद्र पर सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाइयों को रोकने के लिए सहमति बनी. हालांकि, कुछ घंटों बाद, श्रीनगर और गुजरात के कुछ हिस्सों समेत जम्मू और कश्मीर के विभिन्न स्थानों पर ड्रोन देखे गए थे और उन्हें रोका गया था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jammu And Kashmir, India Pakistan Ceasefire, Jammu And Kashmir News, Rajouri
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com