विज्ञापन

दिल्ली के विकासपुरी में मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से बस में लगी आग, अंदर सो रहे हेल्पर की जलकर मौत

वेस्ट दिल्ली के विकासपुरी में एक निजी बस में आग लगने से 25 वर्षीय हेल्पर सुनील की मौत हो गई. माना जा रहा है कि आग बस के अंदर जल रही अगरबत्ती से लगी, जबकि पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे है.

दिल्ली के विकासपुरी में मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती से बस में लगी आग, अंदर सो रहे हेल्पर की जलकर मौत
  • वेस्ट दिल्ली के विकासपुरी इलाके में बस के अंदर लगी आग में 25 वर्षीय बस हेल्पर सुनील की मौत हो गई
  • सुनील ने मच्छर भगाने के लिए अगरबत्ती जलाई थी, जिससे आग लगने की आशंका जताई जा रही है
  • आसपास के लोगों ने आग की लपटें देख पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन सुनील को बचाया नहीं जा सका
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

वेस्ट दिल्ली के विकासपुरी इलाके में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक बस हेल्पर की बस के भीतर जलने से मौत हो गई. मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है, जो रात में बस के अंदर ही सो रहा था. घटनास्थल से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुनील ने बस के भीतर मच्छर भगाने के लिए अगरबत्ती जलाई थी, और आशंका यही जताई जा रही है कि आग इसी अगरबत्ती से लगी और धीरे-धीरे पूरी बस में फैल गई.

हादसा देर रात उस समय हुआ जब आसपास के लोगों ने बस से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं. सोशल मीडिया पर आया एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें पूरी बस धू-धू कर जलती दिखाई दे रही है. आग इतनी तेजी से फैली कि सुनील के पास बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला और वह बस के अंदर ही फंस गया.

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग बुझाने के बाद बस के अंदर सुनील का जला हुआ शव मिला, जिसे बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया.

जानकारी के अनुसार, यह हरियाणा नंबर की निजी बस थी और इसे सड़क पर आए मुश्किल से 28 दिन ही हुए थे. बस मालिक के लिए भी यह हादसा बेहद चौंकाने वाला है क्योंकि वाहन बिल्कुल नया था. फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में है कि आग केवल अगरबत्ती से लगी या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी वजह भी हो सकती है.

ये भी पढ़ें-: मौसम आज से लेने जा रहा यू-टर्न, मौसम विभाग ने बताया कहां-कहां हो सकती है बर्फबारी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com