एशियन गेम्स 2026 का दूसरा सेमी फाइनल मुकाबला एक सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच निशिन में खेला गया. जहां भारतीय टीम विपक्षी टीम को 10, 20 रनों से नहीं बल्कि कुल 124 रनों से शिकस्त देने में कामयाब रही. भारत की तरफ से जीत के लिए मिले 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका का हाल बेहाल रहा. टीम के खस्ता प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि छह बल्लेबाज तो खाता भी नहीं खोल पाए. जो बल्लेबाज बिना रन बनाए पवेलियन लौटे. उसमें सिनेथ जयवर्धना (00), लसिथ क्रुसपुल (00), सोहन डिलिवेरा (00), अशेन बंडारा (00) और बिनुरा फर्नांडो (00) का नाम शामिल है. मुकाबले के दौरान विजयकांत वियसकांत (00) भी खाता खोलने में नाकामयाब रहे. मगर वह आउट नहीं हुए. वह नाबाद रहे.
बुमराह, अक्षर और अभिषेक ने चटकाए दो-दो विकेट
मैच के दौरान भारतीय गेंदबाजों का जलवा रहा. टीम के लिए जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने क्रमशः दो-दो सफलता प्राप्त की. इनके अलावा वॉशिंगटन सुंदर के खाते में एक विकेट आया. रवि बिश्नोई को कोई सफलता हाथ नहीं लगी.
45 रनों पर ढेर हो गई श्रीलंका
मैच के दौरान श्रीलंकाई बल्लेबाज केवल 45 रनों पर ही ढेर हो गए, जो कि श्रीलंका का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे छोटा स्कोर भी है. आज के मुकाबले से पहले श्रीलंका का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे छोटा स्कोर 77 रनों का था, जो टीम ने तीन जून साल 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में बनाया था.
नुवानिदु फर्नांडो ही छू पाए दहाई का आंकड़ा
श्रीलंका की तरफ से आज के मुकाबले में नुवानिदु फर्नांडो ही दहाई का आंकड़ा छू पाए. टीम के लिए उन्होंने चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए कुल 11 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 15 रन बनाने में कामयाब रहे. उनके अलावा कैप्टन सहान अराछिगे ने नौ और थरिंडु रत्नायका ने पांच रनों का योगदान दिया.
169 रन बनाने में कामयाब हुई थी भारत
इससे पहले निशिन में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाने में कामयाब हुई थी. ईशान किशन सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 46 गेंदों में 80 रनों की सर्वाधिक नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 38 रनों का योगदान दिया.
थरिंडु रत्नायका और सहान अराछिगे को मिली दो-दो सफलता
श्रीलंका की तरफ से भारत के खिलाफ थरिंडु रत्नायका और सहान अराछिगे ने क्रमशः दो-दो सफलता प्राप्त की. उनके अलावा वनुजा सहन, लसिथ क्रुसपुल और नुवानिदु फर्नांडो ने एक-एक विकेट चटकाए. बिनुरा फ़र्नांडो और विजयकांत वियसकांत कोई सफलता हाथ नहीं लगी.
यह भी पढ़ें- जहां डगमगा रहे थे दूसरे बल्लेबाजों के पैर, वहां किशन ने किया कमाल, विराट-सूर्या वाला बनाया रिकॉर्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं