विज्ञापन

दिल्ली से नोएडा एयरपोर्ट तक फर्राटेदार सफर, 10 लेन का बाईपास ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा, DND-चिल्ला बॉर्डर पर ट्रैफिक घटेगा

Delhi to Noida Airport: दिल्ली से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट तक फर्राटेदार बाईपास बनाने की तैयारी है. इससे दिल्ली से नोएडा, ग्रेटर नोएडा जाने के लिए भारी ट्रैफिक का झंझट नहीं झेलना पड़ेगा.

दिल्ली से नोएडा एयरपोर्ट तक फर्राटेदार सफर, 10 लेन का बाईपास ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा, DND-चिल्ला बॉर्डर पर ट्रैफिक घटेगा
Noida Airport: दिल्ली से नोएडा एयरपोर्ट की दूरी
नई दिल्ली:

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा शुरू होने के साथ दिल्ली और गौतमबुद्ध नगर के बीच की दूरी भी कम करने की भी तैयारी है. दिल्ली से जेवर एयरपोर्ट की दूरी और समय कम करने के लिए  10 लेन का नया बाईपास बनाया जाएगा. नोएडा अथॉरिटी के सीईओ कृष्णा करुणेश के मुताबिक, जेवर एयरपोर्ट बनने के बाद ट्रैफिक बढ़ने की संभावना को देखते हुए इस पर आगे कदम उठाया गया है. नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 15 जून से यात्री उड़ानें शुरू होंगी. इसके लिए यमुना नदी के किनारे बनी पुश्ता रोड को चौड़ा कर हाईस्पीड वाले बाईपास कॉरिडोर में बदला जाएगा. ये रोड हवाई अड्डे के चालू होने के बाद भारी ट्रैफिक को भी आराम से संभाल पाएगी.

दिल्ली के सेक्टर 94 से ग्रेटर नोएडा घरबारा गांव तक

ये प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली के सेक्टर 94 से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा के घरबारा गांव तक जाएगा, जहां ये सीधे यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. अभी ये तटबंध सड़क चार लेन चौड़ी है. इसे पहले 6 लेन तक चौड़ा बनाया जाएगा और फिर ट्रैफिक के हिसाब से 10 लेन के रूट में बदला जाएगा. नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन शुरू होने के बाद वाहनों की आवाजाही को देखते हुए ये किया गया है. 

यमुना पुश्ता रोड को अपग्रेड किया जाएगा

यह कॉरिडोर मौजूदा यमुना पुश्ता रोड (Yamuna Pushta Road) को अपग्रेड करके बनाया जा रहा है.यह कॉरिडोर दिल्ली के कालिंदी कुंज से शुरू होकर नोएडा के सेक्टर 150 के पास से गुजरते हुए सीधे जेवर एयरपोर्ट और आगे यमुना एक्सप्रेसवे को कनेक्ट करेगा.इसकी लंबाई नोएडा में 28 से 30 किलोमीटर की होगी.

डीएनडी और चिल्ला बॉर्डर पर ट्रैफिक घटेगा

ट्रैफिक मैनेजटमेंट के लिए मेन कैरिजवे बीच की 6 लेन बिना किसी रेड लाइट के हाईस्पीड ट्रैफिक के लिए होंगी. दोनों तरफ 2-2 लेन की सर्विस रोड होगी, ताकि स्थानीय सेक्टरों का ट्रैफिक मुख्य कॉरिडोर में बाधा न डाले. इससे डीएनडी और चिल्ला बॉर्डर के ट्रैफिक पर राहत मिलेगी. वर्तमान में जेवर जाने के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे ही एकमात्र रास्ता है. इस बाईपास के बनने से एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव 40 फीसदी तक कम हो जाएगा.

ये भी पढ़ें - मूवी थिएटर, शॉपिंग सेंटर, AC वेंटिंग रूम... नोएडा को मिलेगा एयरपोर्ट जैसा बस टर्मिनल, जानिए पूरी डिटेल

नोएडा-फरीदाबाद लिंक

यह कॉरिडोर मंझावली पुल के जरिये फरीदाबाद से आने वाले ट्रैफिक को भी सीधे जेवर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी देगा.इससे नोएडा के किनारे बसे सेक्टर 94, 128, 135, 150 और 151 भी इस हाईस्पीड रोड से सीधे जुड़ जाएंगे. घनी आबादी वाले क्षेत्रों और पुश्ता के संवेदनशील हिस्सों पर इसका कुछ भाग एलिवेटेड सड़क के ऊपर बनाया जाएगा ताकि भूमि अधिग्रहण की समस्या कम हो और रफ्तार बनी रहे.इस पर 4-5 प्रमुख इंटरचेंज बनाए जाएंगे, जो इसे नोएडा के आंतरिक सेक्टरों और परी चौक की ओर जाने वाली सड़कों से जोड़ेंगे.

जेवर एयरपोर्ट तक 1 घंटे से कम वक्त

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 15 जून से चालू होगा, तब दिल्ली (IGI) और नोएडा के बीच यात्रियों की आवाजाही बढ़ेगी. अभी कालिंदी कुंज से जेवर एयरपोर्ट पहुंचने में 90 से 100 मिनट लगते हैं. इस बाईपास के बाद यह सफर मात्र 45-50 मिनट का रह जाएगा. एयरपोर्ट के लिए आने वाले लॉजिस्टिक्स और कार्गो ट्रक भी शहर के भीतर घुसे बिना इस बाईपास का इस्तेमाल कर सकेंगे.

चिल्ला एलिवेटेड रोड कॉरिडोर से लिंक

इस बाईपास को चिल्ला एलिवेटेड रोड कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा. इससे दिल्ली और नोएडा के बीच बड़ी संख्या में गाड़ियों का बढ़ता दबाव संभाला जा सकेगा. मयूर विहार और महामाया फ्लाईओवर के बीच 6 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड भी अगले साल दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है. महामाया फ्लाईओवर और ओखला बर्ड सैंक्चुरी मेट्रो स्टेशन के बीच लगभग 1.4 किलोमीटर लंबा एक और एलिवेटेड कनेक्टर भी बनाने की योजना है. इस एलिवेटेड लिंक से दिल्ली से आने वाले वाहन भारी ट्रैफिक वाले नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से गुजरे बिना सीधे तटबंध सड़क तक पहुंच सकेंगे.

यूपीडा ने किया मुआयना

नोएडा प्राधिकरण का मानना है कि नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने के बाद तटबंध सड़क का विकास अहम इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है. उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPEIDA) और सिंचाई विभाग ने प्रस्तावित परियोजना स्थल का पहले ही मुआयना कर लिया है. इस प्रोजेक्ट के फायदे के आकलन के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जाएगी.इसके बाद कॉरिडोर विस्तार के लिए डीपीआर तैयार की जाएगी.

ये भी पढ़ें - न धुआं, न प्रदूषण... नोएडा एयरपोर्ट के लिए 1 जून से चलेंगी 5 हाइड्रोजन बसें, जानिए रूट और कहां से मिलेगी सेवा

नोएडा अथॉरिटी की तैयारी

इस परियोजना की लागत नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना अथॉरिटी संयुक्त तौर पर उठा सकती है. यह कदम नोएडा एयरपोर्ट पर 15 जून से यात्री उड़ानें शुरू होने से कुछ सप्ताह पहले उठाया गया है. इंडिगो के साथ अकासा भी जेवर एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू करेगी. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi News, Noida Airport, Jewar Airport, Greater Noida, Yamuna Expressway
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com