दिल्ली-एनसीआर से पहाड़ों पर घूमने जाने वालों के लिए अच्छी खबर है. अब दिल्ली-एनसीआर से हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून जाने वाले लोगों के लिए बड़ी गुड न्यूज है. NHAI हरिद्वार में बाईपास बना रहा है. यह प्रोजेक्ट बनकर लगभग तैयार हो चुका है. वहीं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को भी यहां तक विस्तार किया जा रहा है. अब यूपी सरकार ने गंगा एक्सप्रेसवे को भी हरिद्वार तक बढ़ाने का फैसला किया है. यानी आने वाले दिनों में हरिद्वार-ऋषिकेश तक का सफर बेहद आसान हो जाएगा.
हरिद्वार बाईपास का काम अंतिम चरण में
हरिद्वार में लगभग 15.1 किलोमीटर लंबा 4-लेन ग्रीनफील्ड बाईपास बनाया जा रहा है. करीब 861 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट का लगभग 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है. इसे अर्धकुंभ-2027 से पहले शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
यह बाईपास बहादराबाद से शुरू होकर चंडी देवी मंदिर के पास NH-34 तक जाएगा. इसके शुरू होने के बाद हर की पैड़ी, ज्वालापुर, चंडी चौक और शंकराचार्य चौक जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा.
दिल्ली-NCR से आने वालों को बड़ा फायदा
इन प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम और मेरठ से आने वाले यात्रियों को हरिद्वार शहर के अंदर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा. इससे हरिद्वार शहर का ट्रैफिक 10-15 मिनट में पार हो जाएगा. वहीं ज्वालापुर और बहादराबाद के जाम से भी राहत मिलेगी. इसके अलावा ऋषिकेश और चारधाम रूट तक तेज पहुंच होगी. नजीबाबाद और कुमाऊं जाने वाले वाहनों को भी फायदा होगा.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगा
बाईपास को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए एक स्पर रोड भी बनाई जा रही है. इसके तहत करीब 46 किलोमीटर छह-लेन एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. यह एक्सप्रेसवे हलगोया मुस्तकम से शुरू होकर भड़ेड़ी राजपूताना के पास NH-58 से जुड़ेगा. इससे दिल्ली, मेरठ, सहारनपुर और पश्चिमी यूपी से आने वाले यात्रियों को सीधे हरिद्वार पहुंचने का तेज विकल्प मिलेगा.
दिल्ली से हरिद्वार का सफर होगा आधा
बाईपास और एक्सप्रेसने स्पर बनने के बाद दिल्ली से हरिद्वार के बीच लगने वाला 6-7 घंटे का सफर घटकर करीब 2.5 से 3 घंटे रह जाएगा. वहीं NH-58 पर लगने वाले जाम में बड़ी कमी आएगी. इसके साथ ही वीकेंड और कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक दबाव कम होगा.
गंगा एक्सप्रेसवे से भी मिलेगी कनेक्टिविटी
भविष्य में गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार के जरिए हरिद्वार को सीधे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश से जोड़ने की योजना है. हाल ही में यूपी कैबिनेट ने इसको मंजूरी दी है. गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार होने के बाद हरिद्वार को मेरठ, हापुड़, अमरोहा, बिजनौर और प्रयागराज जैसे शहरों से सुपरफास्ट कनेक्टिविटी मिलेगी.
यह भी पढ़ें: 4 घंटे में दिल्ली से झांसी, यूपी-MP- राजस्थान तक की कनेक्टिविटी, योगी सरकार ने मंजूर किया नया एक्सप्रेसवे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं