- रोहिणी में फर्जी CBI अधिकारी बनकर एक ग्रुप ने बिजनेसमैन के घर में छापेमारी की कोशिश की.
- बिजनेसमैन की पत्नी ने वारंट मांगा और दरवाजा नहीं खोला और फिर FIR दर्ज हुई.
- पुलिस को कॉल करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रोहिणी में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. इलाके में 'स्पेशल 26' फिल्म की तरह फर्जी CBI अधिकारियों ने छापेमारी की कोशिश की. लेकिन घर की मालकिन की सूझबूझ ने फर्जी अधिकारियों को चकमा दे दिया. इस दौरान, फर्जी सीबीआई अफसरों ने दरवाजा खुलवाने और जबरदस्ती घर में घुसने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे. पूरी सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई.
क्या है पूरा मामला?
रोहिणी में एक बिजनेसमैन के घर पर अचानक फर्जी सीबीआई की टीम पहुंच गई. जब अधिकारी दरवाजे पहुंचे और आवाज लगाई तो बिजनेसमैन की पत्नी ने घर खोलने से इनकार कर दिया. बाद में तथाकथित सीबीआई टीम से नोटिस और वारंट मांगा गया तो फर्जी अधिकारी बहाने बनाते रहे. घर वालों के कई बार कहने पर WhatsApp के जरिए CBI डायरेक्टर के दस्तखत वाला फर्जी नोटिस भेजा गया था. पुलिस ने बताया कि यह घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई.
एजेंसी के मुताबिक, एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि रोहिणी में एक बिजनेसमैन के घर में तलाशी लेने के बहाने घुसने की कोशिश करने वाले कुछ लोगों के ग्रुप के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है.
ये भी पढ़ें: IAS अफसर, NSA अजीत डोभाल का खुफिया एजेंट... फर्जी अधिकारी बन ठगी करने वाला गिरफ्तार
मामला की जानकारी मिलने पर पड़ोसी भी मौके पर जमा हो गए और ग्रुप के सदस्यों से तलाशी वारंट और दूसरी मंजूरी के बारे में पूछा. जब उनसे नोटिस की लिखित कॉपी दिखाने को कहा गया, तो वे यह कहकर चले गए कि वे इसे अपनी गाड़ी से लेकर आएंगे.
इसके बाद परिवार ने पीसीआर को कॉल किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. CCTV फुटेज और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की जांच की जा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं