विज्ञापन

मैंने क्या किया... प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया ऑटो का शीशा, ड्राइवर का छलका दर्द

दिल्ली में CJP के संसद मार्च के दौरान कुछ जगहों पर हिंसा की घटनाएं सामने आईं. मंडी हाउस में प्रदर्शनकारियों द्वारा ऑटो का शीशा तोड़े जाने के बाद ड्राइवर ने कहा कि ऐसे प्रदर्शनकारियों पर कैसे विश्वास हो.

दिल्ली प्रदर्शन में हिंसा
NDTV
  • दिल्ली में CJP प्रदर्शन के दौरान हजारों प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर से संसद तक मार्च करने की कोशिश की
  • पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स ने राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करते हुए कई जगह बैरिकेडिंग और लाठीचार्ज किया
  • मंडी हाउस इलाके में प्रदर्शनकारियों ने एक ऑटो का शीशा तोड़ा, जिससे ऑटो ड्राइवर को चोट भी आई

दिल्ली में CJP का प्रदर्शन जारी है. आज सुबह हजारों प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंचे और इसके बाद संसद तक मार्च करने की कोशिश की. इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा. पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स ने पूरी राजधानी को छावनी में बदल दिया है. इस बीच कुछ जगहों से हिंसक प्रदर्शन की खबरें भी सामने आईं. दिल्ली के मंडी हाउस इलाके में प्रदर्शनकारियों ने एक ऑटो का शीशा तोड़ दिया. इसे लेकर ऑटो ड्राइवर का दर्द छलक आया.

प्रदर्शनकारियों ने तोड़ा ऑटो का शीशा

दिल्ली के मंडी हाउस इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पत्थर मारकर ऑटो का शीशा तोड़ दिया. ऑटो ड्राइवर ने बताया कि मेरे ऑटो का शीशा प्रदर्शनकारियों ने तोड़ दिया है. मुझे भी चोट आई. मेरा क्या दोष था इसमें आखिर मैंने क्या किया था? अगर प्रदर्शनकारी ऐसा करेंगे, तो कौन इन पर विश्वास करेंगे. 

कई जगह पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

दिल्ली में सुबह से चल रहा यह प्रदर्शन कई जगह उग्र हुआ. संसद मार्च में शामिल प्रदर्शनकारी भारी पुलिस बैरिकेडिंग, लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे जाने के बावजूद वहां डटे रहे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए. इस मार्च में दिल्ली भर से छात्र और आम लोग शामिल हुए. इसे संसद मार्ग के पास रोक दिया गया, जहां पुलिस ने कई स्तर पर बैरिकेड लगाए थे.

क्या बोले प्रदर्शनकारी?

कई प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें प्रतिरोध का अंदाजा था, लेकिन वे अपना प्रदर्शन जारी रखने के लिए पक्के इरादे के साथ आए थे. मार्च में शामिल दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा ग्लोरी ने कहा, 'उन्होंने हमें कई बार रोकने की कोशिश की. पूरे रास्ते में बड़े स्तर पर बैरिकेड लगाए गए थे. हमें लाठीचार्ज और आंसू गैस का भी सामना करना पड़ा, लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे.' कई छात्रों ने आंदोलन को लेकर सरकार की प्रतिक्रिया पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि हफ्तों के प्रदर्शन के बावजूद उनकी मांगों को अनसुना कर दिया गया. एक प्रदर्शनकारी छात्र ने कहा, 'जो देश अपने छात्रों की परवाह नहीं करता, उसका पतन निश्चित है.'

यह भी पढ़ें: कहीं आंसू गैस छोड़े तो कहीं लाठीचार्ज, संसद के करीब भी पहुंचे प्रदर्शनकारी... सुबह से क्या-क्या हुआ? Videos

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CJP Protest, Cjp Protest In Delhi, CJP Protest Delhi Live, Cjp Protest Jantar Mantar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com