विज्ञापन

मुंबई को दहलाने की साजिश रचने वाले हुजैफा की पाकिस्तानी आतंकियों से थी सीधी बातचीत, दिल्ली लेकर पहुंची पुलिस

पाकिस्तानी आतंकियों के कहने पर हुजैफा मुंबई और आसपास के इलाकों में मॉड्यूल के लिए भर्ती कर रहा था. मुंब्रा से पकड़े गए अरबाज और तौकीर को उसी ने पैसे का लालच देकर मॉड्यूल में जोड़ा था.

मुंबई को दहलाने की साजिश रचने वाले हुजैफा की पाकिस्तानी आतंकियों से थी सीधी बातचीत, दिल्ली लेकर पहुंची पुलिस
पुलिस की गिरफ्त में संदिग्ध आतंकी हुजैफा.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई एटीएस के साथ मिलकर मुंबई से हुजैफा को गिरफ्तार कर लिया है. दिल्ली पुलिस पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई और अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल मामले में हुजैफा की पिछले कई दिनों से तलाश कर रही थी. पुलिस के मुताबिक हुजैफा लंबे समय से डी कंपनी से जुड़ा हुआ है और मुंबई को दहलाने की साजिश रच रहा था. उसकी दाऊद इब्राहिम के बेहद करीबी और पाकिस्तानी हैंडलर मुन्ना झिंगाड़ा से सीधी बातचीत थी. यानी वो पाकिस्तानी हैंडलर और भारत में पकड़े गए आतंकियों के बीच की कड़ी है.

पुलिस के अनुसार, पाकिस्तानी आतंकियों के कहने पर मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में लगातार इस मॉड्यूल के लिए लोगों की भर्ती कर रहा है. महाराष्ट्र के मुंब्रा इलाके से पकड़े गए अरबाज और तौकीर को उसी ने इस मॉड्यूल में भर्ती किया था, उन्हें पैसे का लालच दिया गया था.

दिल्ली लाया गया हुजैफा

दिल्ली पुलिस आरोपी हुजैफा को लेकर दिल्ली आ गई है, उसे कोर्ट में पेश कर उसकी पुलिस रिमांड की जाएगी. पुलिस उससे पूछताछ कर पता लगाएगी कि आखिर पाकिस्तान में कौन-कौन हैंडलर उसके संपर्क में थे और इनके भारत में क्या टारगेट थे. पुलिस आरोपी हुजैफा के कॉल डीटेल्स और चैट की जांच कर रही है. हुजैफा परिवार के साथ मुंबई के कुर्ला में रहने रहा था. उसे ठाणे जिले के भयंदर इलाके से गिरफ्तार किया गया है.

हुजैफा का परिवार फरार, ताला लगा

हुजैफा की गिरफ्तारी के बाद से परिवार फरार है और घर पर ताला लगा हुआ है. हुजैफा कुर्ला के नेहरू नगर में मैकेनिक बनकर रह रहा था. बांद्रा में अवैध मस्जिद पर हुई कार्रवाई का बदला लेने के लिए मुंबई को दहलाने की साजिश के तहत भड़का कर आतंकियों की भर्तियां की जा रही थीं.

पाकिस्तान में बैठे आतंकी मुन्ना झिंगाड़ा ने हुजैफा को रेकी और फंडिंग की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी. पाकिस्तानी आतंकी मुन्ना झिंगाड़ा ने हुजैफा से बांद्रा में हुई प्रशासनिक कार्रवाई वाली जगह और दादर रेलवे स्टेशन की रेकी कर वहां के फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेजने को कहा था.

इसी बिल्डिंग में काम करने वाले सिक्योरिटी गार्ड अमीर मोहम्मद शाह ने बताया कि हुजैफा ड्रग्स का सेवन करता था और मैकेनिक का काम करता था. सिक्योरिटी गार्ड के मुताबिक, हुजैफा रोज़ आते-जाते उससे मिलता था. फिलहाल, हुजैफा के घर पर ताला लगा हुआ है और परिवार का एक भी सदस्य घर में मौजूद नहीं है.

ये भी पढ़ें- ISI-अंडरवर्ल्ड मॉड्यूल पर बड़ा खुलासा, निशाने पर था मुंबई का सिद्धिविनायक मंदिर और भाभा ऑटोमिक सेंटर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Mumbai ATS, Terrorist Arrest, Pakistani Handlers, Mumbai Huzaifa
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com