विज्ञापन
This Article is From Sep 03, 2025

अंडरपास डूबे, सड़कें बनीं तालाब, सोसायटी की पार्किंग में भी पानी... दिल्ली-नोएडा का बारिश से बुरा हाल

दिल्ली-नोएडा में हो रही भारी बारिश से जन-जीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त है. हालात ऐसे ही कि कच्ची कॉलोनी में रहने वाले लोगों से लेकर हाई राइज सोसायटी में रहने वाले लोग तक परेशान हैं. देखें बारिश, जलजमाव और बाढ़ के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के हालात कैसे हैं?

अंडरपास डूबे, सड़कें बनीं तालाब, सोसायटी की पार्किंग में भी पानी... दिल्ली-नोएडा का बारिश से बुरा हाल
Delhi Weather Update: दिल्ली-नोएडा में लगातार हो रही बारिश से हालात बेहद खराब है.
  • दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में बारिश के कारण सड़कों और अंडरपास में भारी जलजमाव से आवाजाही प्रभावित हो रही है.
  • ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर रोड और दादरी-सूरजपुर मार्ग में जलभराव के कारण यातायात बाधित हो गया है.
  • नोएडा एक्सटेंशन के अजनारा होम्स सोसायटी के बेसमेंट में जल निकासी न होने से पानी भर गया है.

Delhi NCR Rain Update: देश की राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद में बारिश से बुरा हाल है. कई जगहों पर सड़कों पर भारी जलजमाव हो गया है. इससे आवाजाही प्रभावित हो रही है. कई अंडरपास में भी पानी भर गया है. जिससे रास्ता बंद हो गया है. ऐसे में आज शाम ऑफिस से घर आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. नोएडा सेक्टर 18 में सड़क पर जलजमाव हो गया है. कई जगहों पर हाई राइज सोसायटी की पार्किंग में बारिश का पानी भर आया है. जिससे वहां रहने वाले लोगों की गाड़ियां पानी में खड़ी हैं.

ग्रेटर नोएडा में 130 मीटर रोड पानी में डूबा

​ग्रेटर नोएडा में मूसलाधार बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई. ग्रेटर नोएडा 130 मीटर रोड पूरी तरह से पानी में डूब गई, और दादरी-सूरजपुर मार्ग पर भी जलभराव हो गया जिससे यह की सड़क तालाब में तब्दील हो गई. बारिश के कारण यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

सड़क पर जमा यह पानी, तालाब जैसा नजर आ रहा है.

सड़क पर जमा यह पानी, तालाब जैसा नजर आ रहा है.

ग्रैंड वेनिस मॉल के पास सड़क पर स्विमिंग पुल

​इसी तरह, ग्रैंड वेनिस मॉल के बाहर की सड़क पर भी पानी इतना भर गया कि यह एक स्विमिंग पूल जैसा दिखने लगा. हैरान करने वाली बात यह थी कि कुछ बच्चे इस भरे हुए पानी में नहाते हुए भी नजर आए.

​स्थानीय निवासियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से जल निकासी की कोई उचित व्यवस्था न होने के कारण हर साल बारिश में ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है. वही प्राधिकरण ड्रेनेज सिस्टम को ठीक करने में हर साल करोड़ों रुपए खर्च करता है. हालांकि जलभराव के बाद भी प्राधिकरण की तरफ से कोई ठोस कदम नही उठाए गए है.

नोएडा एक्सटेंशन के अजनारा होम्स सोसायटी की पार्किंग में पानी

नोएडा एक्सटेंशन के अजनारा होम्स सोसायटी के बेसमेंट में पानी आ गया है. स्थानीय दिनकर पाण्डेय ने बताया कि न नालियां ठीक से साफ हैं, न रेनवॉटर हार्वेस्टिंग टैंक साफ है न सिस्टम काम कर रहा है. संप पिट्स तो हैं, लेकिन न उनमें लगे सेंसर्स काम कर रहे हैं, न मोटर चालू है. बारिश शुरू होते ही लगातार पानी बेसमेंट में गिर रहा है और आकस्मिक दुर्घटना से निबटने का कोई इंतज़ाम नहीं है.

अजनारा होम्स सोसायटी की पार्किंग में जमा पानी.

अजनारा होम्स सोसायटी की पार्किंग में जमा पानी.

उन्होंने बताया कि दिल्ली में एक कोचिंग के बेसमेंट की हाल ही में हुई दुर्घटना के बाद भी यहां जागरूकता और तैयारी का नामोनिशान नहीं है. न कोई अलार्म सिस्टम है, न पानी निकालने के लिए पावर बैकअप वाली मोटर. अगर रात में बारिश हो गई, तो बेसमेंट में खड़े वाहन और इलेक्ट्रिकल सिस्टम सीधे खतरे में होंगे. बिल्डिंग की सुरक्षा, गाड़ियाँ, और लोगों की जान सब दांव पर है.

शहादरा मेट्रो के पास स्थित अंडरपास में पानी भरने से लगा जाम.

शहादरा मेट्रो के पास स्थित अंडरपास में पानी भरने से लगा जाम.

शहादरा मेट्रो के अंडरपास में भरा पानी, लगा भीषण जाम

शहादरा मेट्रो के समीप अंडरपास में बारिश के बाद पानी भर आया है. ऐसे में यहां से गाड़ियों को लेकर आना-जाना बंद हो गया है. अंडरपास में जलभराव के बाद शहादरा मेट्रो के पास भीषण जाम लगा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी की निकासी नहीं होने के कारण अंडरपास तालाब में तब्दील हो जाता है. जिसके बाद यहां से गुजरना काफी मुश्किल हो जाता है.

यमुना खतरे के निशान के ऊपर, आस-पास की कॉलोनी में घुसा पानी

दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान (205 मीटर) के ऊपर 207 मीटर पर बह रही है. नदी के पास बना लोहे का पुल बंद किया गया है. यमुना बाजार-तिब्बती बाजार, मोनेस्ट्री मार्केट समेत निचले इलाकों में पानी भरा है. यहां से 10 हजार लोगों को रेस्क्यू किया गया है. दिल्ली में बुधवार को सभी स्कूल बंद रखे गए हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

डूब क्षेत्र में बने फार्म हाउस बाढ़ की चपेट में आए

हरियाणा के हथिनी कुंड से छोड़ा गया पानी मंगलवार शाम से ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा पहुंचना शुरू हो गया था. जिसके कारण आज जमुना अपने पूरे उफान पर है, उसका जलस्तर बढ़ गया है और यहां बने फार्म हाउस में पानी भर गया है. वहां से लोगों को निकाल कर बाढ़ पीड़ितों के लिए शेल्टर होम में भेजा जा रहा है. वही जेवर क्षेत्र में हजारों बीघा जमीन पर खड़ी फसल डूब गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है.

नोएडा 168 की एक बिल्डिंग से ली गई यह तस्वीर बता रही यमुना का पानी कैसे डूब क्षेत्र में तेजी से फैल रहा है.

नोएडा 168 की एक बिल्डिंग से ली गई यह तस्वीर बता रही यमुना का पानी कैसे डूब क्षेत्र में तेजी से फैल रहा है.

नोएडा सेक्टर 168 की बिल्डिंग से दिखा यमुना का फैलाव

नोएडा के सेक्टर 168 स्थित एक सोसाइटी की ऊंची बिल्डिंग से लिया गया यह दृश्य काफी विहंगम है. जिसमें दूर-दूर तक यमुना की डूब क्षेत्र में भरा हुआ पानी नजर आ रहा है. यमुना के पानी में डूब क्षेत्र और खेतों में खड़ी फैसले डूब गई हैं और जमुना का पानी पुस्ता तक पहुंच गया है.

डीएम मेधा रूपम ने इलाके का दौरा कर डूब क्षेत्र से निकल गए लोगों से बातचीत की है और उन्हें सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही है. डीएम ने डूब क्षेत्र से निकल गए लोगों के लिए बनाए गए सेंटर होम का भी दौरा किया है.

बाढ़ राहत शिविर का जायजा लेतीं नोएडा की डीएम.

बाढ़ राहत शिविर का जायजा लेतीं नोएडा की डीएम.

पुलिस और प्राधिकरण ने मिलकर डूब क्षेत्र में मौजूद 2000 मवेशियों को बाहर निकाला है और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजने के साथ-साथ उनके चारे की व्यवस्था की है. बाढ़ पीड़ितों के लिए कमेटी किचन की शुरुआत की गई है जहां लोगों को दो समय का भोजन दिया जा रहा है.

(ग्रेटर नोएडा से नरेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Rain, Delhi NCR Rain, Delhi Rain And Waterlogging, Waterlogging After Rain In Delhi, Flood In Yamuna
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com