राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर के शहरों में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया. सुबह से शुरू हुई बारिश ने कई इलाकों को पानी-पानी कर दिया, जिससे सड़कें तालाब में बदल गईं और लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ा. दिल्ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद के कई हिस्सों में जलभराव के कारण कार्यालय जाने वाले लोगों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग ने पहले ही भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी. लगातार हुई बारिश के बाद एक बार फिर शहरी जल निकासी व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है.
दिल्ली में रेड अलर्ट के बीच हुई भारी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया था. विभाग ने कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश, गरज और बिजली चमकने की संभावना जताई थी. दिनभर हुई बारिश के बाद राजधानी के कई निचले इलाकों में पानी भर गया. कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को लंबी दूरी तय करने में सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक समय लगा. बारिश का असर कार्यालय समय के दौरान सबसे ज्यादा देखने को मिला, जब बड़ी संख्या में वाहन सड़कों पर थे.

Delhi NCR Rain Waterlogging: बारिश के बाद लगा लंबा जाम
Photo Credit: PTI
जानिए कहां कैसा रहा बारिश भारी बारिश हाल
- दिल्ली में भारी और लगातार बारिश से NH-24 पर भारी ट्रैफिक जाम
- दिल्ली में भारी बारिश के कारण नंद नगरी कांवड़ कैंप और यमुना के पास गंभीर जलभराव
- गुरुग्राम में भारी बारिश से कई इलाकों में गंभीर जलभराव
- दिल्ली के बुराड़ी इलाके में भारी बारिश के कारण गंभीर जलभराव
- नोएडा में भारी बारिश के बाद कई सड़कों पर जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम
- गुरुग्राम में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई क्षेत्रों में जलभराव
- दिल्ली के पटपड़गंज इलाके में ट्रैफिक जाम और जलभराव के दृश्य
- दिल्ली के गांधी नगर क्षेत्र में भारी बारिश के बाद गंभीर जलभराव
- भारी बारिश के कारण दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा
- दिल्ली के मालवीय नगर में भारी बारिश से जलभराव और ट्रैफिक जाम
- दिल्ली की गीता कॉलोनी में मूसलाधार बारिश के बाद जलभराव
- भारी बारिश के चलते दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में जलभराव
- दिल्ली के संगम विहार में बारिश के बाद गंभीर जलभराव की स्थिति
- दिल्ली के 'लोहे का पुल' क्षेत्र में भारी बारिश के कारण जलभराव
- बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन के पास मेट्रो सबवे और आसपास की सड़कें बारिश के पानी में डूबीं, कई जगह जलभराव की स्थिति बनी

Delhi NCR Rain Waterlogging: सड़कों पर पानी का सैलाब
Photo Credit: PTI
गाजियाबाद में जलभराव से थमा यातायात
गाजियाबाद में मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आया. लगातार बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आई. एनएच-9 स्थित इंदिरापुरम के शिप्रा अंडरपास में घुटनों तक पानी भर गया. पानी जमा होने के कारण वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई और लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. न्याय खंड से सेक्टर-62 की ओर जाने वाली सड़क भी पानी में डूब गई. दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी के बीच धीरे-धीरे आगे बढ़ते दिखाई दिए. कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहली ही तेज बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर कर दी है.

Delhi NCR Rain Waterlogging: जनजीवन प्रभावित
Photo Credit: PTI
फरीदाबाद में भी बढ़ीं लोगों की मुश्किलें
हरियाणा के फरीदाबाद में भी गुरुवार और शुक्रवार की बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. सड़कों पर पानी भरने से यातायात की गति प्रभावित हुई. कई स्थानों पर लोगों को पानी से भरी सड़कों पर पैदल निकलना पड़ा. निचले इलाकों में पानी जमा होने से स्थानीय निवासियों को रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. बारिश के बाद जल निकासी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

Delhi NCR Rain Waterlogging: रेंगते रहे वाहन
Photo Credit: PTI
मौसम विभाग ने बताया आगे कैसे रहेगा बारिश का हाल
आईएमडी के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को मध्यम से भारी बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान था और कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज हो सकती है. हालांकि मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगेगी. अगले दो दिनों तक हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी और उसके बाद वर्षा की तीव्रता और कम हो सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सप्ताह के आगे के दिनों में दिल्ली-एनसीआर में हल्की से बहुत हल्की बारिश देखने को मिल सकती है.

Delhi NCR Rain Waterlogging: सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार
Photo Credit: PTI
सरकार ने कहा- संवेदनशील स्थानों पर नहीं हुआ जलभराव
दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद राजधानी के प्रमुख जलभराव वाले संवेदनशील बिंदुओं पर इस बार पानी जमा नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों से जलभराव की शिकायतें मिली हैं, उनमें ज्यादातर गांव और ऐसे इलाके शामिल हैं जहां ड्रेनेज से जुड़ी परियोजनाओं पर अभी काम चल रहा है. मंत्री के अनुसार प्रभावित स्थानों पर पानी निकालने का काम लगातार जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें : Explainer: दिल्ली-NCR में क्यों हो रही लगातार झमाझम बारिश? समझ लीजिए इसकी वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं