- दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में 25 साल के साहिल की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई
- पुलिस ने घटना स्थल से चाकू बरामद कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है
- आरोपी आशु उर्फ लाला को पहचान लिया गया है, जो लाल बाग इलाके का रहने वाला है
दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है. 25 साल के युवक साहिल की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी गई. मृतक के शरीर पर सीने, पीठ और गर्दन पर कई गहरे घाव मिले हैं. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक 31 मई 2026 को मॉडल टाउन थाने में विनायक अस्पताल से एक पीसीआर कॉल मिली थी. अस्पताल प्रशासन ने सूचना दी कि एक युवक को गंभीर हालत में लाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
गंभीर हालत में दोस्त लेकर पहुंचे थे अस्पताल
मृतक की पहचान 25 साल के साहिल के रूप में हुई है, जो बुराड़ी के तोमर कॉलोनी का रहने वाला था. पुलिस जांच में पता चला कि साहिल को उसके दोस्त शिव और शुभम अस्पताल लेकर पहुंचे थे. जब पुलिस ने शव का निरीक्षण किया तो पाया कि साहिल के शरीर पर चाकू से किए गए कई वार के निशान थे. सबसे ज्यादा चोटें उसके सीने, पीठ और गर्दन पर थीं, जिससे साफ था कि हमलावर का इरादा जान लेने का था.
शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने साहिल के दोस्तों और चश्मदीदों से पूछताछ की. पूछताछ में सामने आया कि यह पूरी घटना एमसीडी कॉलोनी इलाके में हुई थी. चश्मदीद शिव ने पुलिस को बताया कि वारदात को अंजाम देने वाला युवक आशु उर्फ लाला है, जिसकी उम्र करीब 18 साल है. आरोपी दिल्ली के लाल बाग इलाके का रहने वाला है. शिव के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है. जांच के दौरान पुलिस को वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद हो गया. यह हथियार घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर एक जगह पर पड़ा मिला। पुलिस ने चाकू को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है ताकि हत्या से जुड़े अन्य सबूत जुटाए जा सकें.
आरोपी मौके से फरार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं और उसके मोबाइल फोन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हत्या की वजह क्या थी.
मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हो सकेगा. इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं