रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार को राजस्थान के दौरे पर थे. इस दौरान रेल मंत्री ने राजस्थान को बड़ी सौगात दी है. पहले बीकानेर (लालगढ़)–अमदावाद (साबरमती) एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. इसके बाद जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन से जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना किया. रेल मंत्री ने इस दौरान खातीपुरा मेगा कोचिंग टर्मिनल और रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की शुरुआत की. अपने राजस्थान दौरे के समय रेल मंत्री खाटूश्याम के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी दी.
रेल मंत्री ने दिखाया स्टेशन का नक्शा
अश्विनी वैष्णव ने खाटूश्यामजी आने वाले श्रद्वालुओं को बड़ी सौगात देते हुए सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन बनाने की घोषणा की. बीकानेर से जयपुर जाते समय रेल मंत्री ने प्रस्तावित स्टेशन स्थल का निरीक्षण किया और स्टेशन का नक्शा दिखाकर योजना की जानकारी दी. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि आज बीकानेर से जयपुर आते समय प्रभु प्रार्थना की और उस स्थान पर उतर कर स्टेशन भूमि को प्रणाम किया.

अभी खाटूश्याम से 18 किमी दूर है रेलवे स्टेशन
इस दौरान रेल मंत्री ने पूर्व सांसद सुमेदानंद सरस्वती के साथ स्टेशन परियोजना पर चर्चा की. सुंदरपुरा स्टेशन का निर्माण कार्य अगले कुछ महीनों में शुरू होने की उम्मीद है. नए स्टेशन से खाटू श्याम जी मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा. स्टेशन बनने से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं में भी सुधार होगा. सुंदरपुरा स्टेशन बन जाने से खाटूश्याम के श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी. क्योंकि अभी बाबा श्याम दरबार का नजदीकी रेलवे स्टेशन रींगस है, जोकि खाटू श्यामजी से लगभग 18 किमी दूर है.
माननीय रेल मंत्री जी ने आज बीकानेर से जयपुर निरीक्षण के दौरान सीकर स्टेशन पर श्री सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व सांसद सीकर के साथ चर्चा में खाटूश्याम जी के दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए सुंदरपुरा स्टेशन के निर्माण कार्य की स्वीकृति के बारे मे जानकारी प्रदान की। pic.twitter.com/M4xMrCcfHF
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) June 21, 2026
अब खाटूश्याम से चंद किमी दूर बनेगा स्टेशन
वहीं, सुंदरपुरा रेलवे स्टेशन रींगस की तुलना में खाटूश्याम से काफी नजदीक होगा. जानकारी के अनुसार, इस सुंदरपुरा स्टेशन से खाटूश्याम मंदिर की दूरी करीब 11 किमी रहेगी. रेलवे ने स्टेशन के लिए स्थान चिन्हित कर लिया है और इसका डिजाइन भी तैयार कर लिया गया है. नए स्टेशन पर यात्रियों और श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
इसके अलावा रेल मंत्री ने कहा कि सीकर रेलवे स्टेशन पर फिट लाइन विकसित की जाएगी, जिससे सीकर से ट्रेनों का संचालन और अधिक सुगम हो सकेगा. इसका लाभ सीकर में देशभर से पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों, सेना में तैनात जवानों व्यापारियों और आम यात्रियों को मिलेगा. उन्होंने कहा कि फिट लाइन के कार्य को भी जल्द शुरू करने का प्रयास किया जाएगा.
यह भी पढे़ं- जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस कहां-कहां रुकेगी, किराया से लेकर टाइमिंग तक जानें सबकुछ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं