पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा इन दिनों सुर्खियों में बने हुए हैं. उन्होंने अपनी आत्मकथा 'सब्र' में ऑस्ट्रेलिया के चर्चित 'सैंडपेपरगेट' विवाद का जिक्र किया है. जिसके बाद क्रिकेट जगत में तहलका मच गया है. ख्वाजा का कहना है कि उस कांड में केवल स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरून बैनक्रॉफ्ट ही संलिप्त नहीं थे, बल्कि पूरी टीम शामिल थी. जिसके बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट में एक नई बहस छिड़ गई है. जारी उठापटक के बीच मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने अब जवाब दिया है. उनका कहना है कि वह शुक्रवार को उस्मान ख्वाजा की तरफ से 2018 बॉल टैंपरिंग विवाद को लेकर लगाए गए आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया देंगे. कमिंस ने कहा कि उन्होंने ख्वाजा के आरोपों को बेहतर तरीके से समझने के लिए थोड़ा समय लिया है.
कमिंस ने सोशल मीडिया पर लिखा है, 'मैं इस सप्ताह की घटनाओं पर मीडिया से बात करने के लिए तैयार हूं. मैंने उजी (ख्वाजा) के आरोपों की पूरी सूची और उनके दायरे को बेहतर तरीके से समझने के लिए समय लिया है, ताकि मैं उचित जवाब दे सकूं.'

Photo Credit: @X
आपको बता दें कि सैंडपेपर विवाद मैच में कमिंस ने भी शिरकत किया था. उस दौरान उनके साथी गेंदबाज मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने सार्वजनिक रूप से कहा था कि उन्हें इस योजना के बारे में जानकारी नहीं थी.
स्टार्क का बयान
उस्मान ख्वाजा के इस आरोप पर मिचेल स्टार्क अपना बयान पहले ही दे चुके हैं. उन्होंने कहा है, 'जहां तक मेरा सवाल है, मेरी राय नहीं बदली है. 2021 में हमने जो कहा था. वह बातें आज भी मेरे जेहन में है.'
स्टार्क ने आगे कहा, 'हमें मैदान पर किसी भी चीज को ले जाने या इस्तेमाल किए जाने की जानकारी नहीं थी. मैं बस इतना ही कहूंगा.' वहीं इस विवाद पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अपना पहले ही रूख साफ कर चुका है. बोर्ड का कहना है वह इस मामले की जांच दोबारा नहीं करेंगे.
वहीं ख्वाजा के करीबी दोस्त डेविड वॉर्नर का कहना है कि मामले की पूरी जानकारी टीम को थी. उस दौरान के हेड कोच डैरेन लेहमन ने किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया है.
यह भी पढ़ें- 'मैं कर सकता हूं', जब आर्यवीर ने पूछा नेहरा वाला सवाल, विराट के जवाब ने बटोरी सुर्खियां, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं