विज्ञापन
This Article is From Jul 02, 2020

दिल्ली में 5.5 लाख कोरोना मरीज का अनुमान केंद्र के आंकड़ों के आधार पर ही था : मनीष सिसोदिया

मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने NDTV से बातचीत के दौरान यह भी बताया कि उन्होंने दिल्ली में जुलाई तक 5.5 लाख कोरोना मामले होने की बात किस आधार पर की थी.

Delhi Coronavirus Cases: दिल्ली में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 90 हजार के करीब पहुंचा.
नई दिल्ली:

देश में कोरना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. भारत में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 6 लाख पार कर गया है और अब तक 17 हजार 800 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. दिल्ली में भी कोरोना हर दिन नया रिकॉर्ड बना रहा है. इस बीच दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने NDTV से बात की. मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने बातचीत के दौरान यह भी बताया कि उन्होंने दिल्ली में जुलाई तक 5.5 लाख कोरोना मामले होने की बात किस आधार पर की थी. सिसोदिया ने कहा कि ये आंकड़े उस वक़्त की स्थिति और भारत सरकार के पोर्टल से लिया गया था. उन्होंने बताया कि लोगों को सतर्क करने के लिए उन्होंने इसे जनता से साझा किया था. सिसोदिया ने यह गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर कही जिसमें उन्होंने कहा था कि सिसोदिया के बयान से लोगों में डर पैदा हो गया था.  

सिसोदिया ने कहा कि यह आंकड़ा उस वक़्त की स्थिति के हिसाब से था और उन्होंने यह आंकड़ा भारत सरकार के पोर्टल से लिया था. उन्होंने बताया कि वो आंकड़ा ग़लत नहीं था. सिसोदिया ने कहा कि जनता को जानकारी देने से फ़ायदा ही है, डराने वाली बात नहीं है. उन्हें 8 जून को लगा था इतने केस होंगे. 

मालूम हो कि समाचार एजेंसी ANI को 28 जून को दिए इंटरव्यू में गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने कहा कि मुझे भरोसा है कि हम इस स्थिति में नहीं पहुंचेगे. हम इससे काफी बेहतर स्थिति में होंगे क्योंकि हमने निवारक उपायों पर जोर दिया है. गृह मंत्री अमित शाह ने बताया था कि दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सार्वजनिक तौर पर कहा कि दिल्ली में 31 जुलाई तक कोरोना के साढ़े पांच लाख मामले हो जाएंगे और उनके पास व्यवस्था की कमी है. इससे स्थिति थोड़ी पैनिक हो गई थी, लेकिन अब मुझे भरोसा है कि अब यह स्थिति नहीं आएगी क्योंकि कोरोना होने से पहले हमने उसे रोकने के उपायों पर जोर दिया है.

बता दें कि दिल्ली में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से बढ़कर 90 हजार के करीब पहुंच गया है. दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 2442 नए केस सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 89,802 पहुंच गया है. बीते 24 घंटे में 61 मरीजों की मौत हुई और जान गंवाने वालों का आंकड़ा 2803 हो गया है. 

VIDEO: NDTV से बोले मनीष सिसोदिया- दिल्ली में कोरोना की स्थिति पहले से बेहतर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Manish Sisodia, Amit Shah, Delhi Coronavirus, Coronavirus, Delhi Corona Update, Delhi Covid-19
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com