विज्ञापन
This Article is From Nov 15, 2022

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्‍ली की कोर्ट ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को दी जमानत

ईडी ने कोर्ट में तर्क रखा कि जब मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सभी आरोपित जेल में बंद हैं, तो जैकलीन को जमानत क्यों दी जाए. ईडी ने अभिनेत्री की जमानत याचिका का विरोध करते हुए कहा कि उन्होंने देश से भागने की कोशिश की.

पटियाला हाउस कोर्ट अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को जमानत दे दी है.
नई दिल्ली:

बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी राहत मिली है. पटियाला हाउस कोर्ट ने दो लाख रुपये के निजी मुचलके पर उन्‍हें जमानत दे दी है. हालांकि बिना कोर्ट की इजाजत के जैकलीन देश छोड़कर बाहर नहीं जा सकती हैं. इससे पहले कोर्ट ने 10 नवंबर को सभी पक्षों को सुनने के बाद जमानत पर फैसला सुरक्षित रख लिया था. महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैकलीन फर्नांडिस आरोपी हैं.

सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय ने पटियाला हाउस कोर्ट में तर्क रखा कि जब मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सभी आरोपित जेल में बंद हैं तो जैकलीन फर्नांडिस को जमानत क्यों दी जाए. ईडी ने अभिनेत्री की जमानत याचिका का विरोध करते हुए कहा कि उन्होंने देश से भागने की कोशिश की. इस दौरान उन्होंने जांच में सहयोग भी नहीं किया. ऐसे में अभिनेत्री को जमानत नहीं मिलनी चाहिए. उन पर महाठग सुकेश चंद्रशेखर से करोड़ों के गिफ्ट्स लेने का आरोप है.

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोर्ट को बताया कि अभिनेत्री ने इस बात को स्वीकारा है और उन्होंने सबूतों से छेड़छाड़ करने, सबूत मिटाने के लिए अन्य लोगों से कहा था.

बता दें कि सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrasekhar) मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जैकलीन फर्नांडिस (Jacqueline Fernandez) के खिलाफ चार्जशीट पेश की थी. ईडी ने अपनी चार्जशीट में उन्हें आरोपी बताया है. सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ रुपये की ठगी केस में अभिनेत्री नोरा फ़तेही से भी दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा पूछताछ कर चुकी है.

पुलिस के मुताबिक, पिंकी ईरानी ने ही सुकेश चंद्रशेखर से जैकलीन की मुलाकात कराई थी. पिंकी ईरानी का कहना था कि जैकलीन को पता था कि सुकेश चंद्रशेखर 200 करोड़ रुपये की ठगी केस में दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है. इसके बाद भी जैकलीन ने उससे गिफ़्ट लिए. हालांकि, जैकलीन ने कहा है कि पिंकी झूठ बोल रही है और उसे कोई जानकारी नहीं थी.

इससे पहले EOW ने जैकलीन फर्नांडिस के मैनेजर प्रशांत के पास से एक डुकाटी बाइक रिकवर की थी. इस बाइक की कीमत आठ लाख रुपये है. यह बाइक सुकेश चंद्रशेखर ने ठगी के पैसों से प्रशांत को दिलाई थी. फरवरी 2021 में यह बाइक सुकेश ने जैकलीन के मैनेजर को दी थी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Money Laundering Case, Sukesh Chandrasekhar, Jacqueline Fernandez, Patiala House Court
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com